समाचार 01 फोटो 01
महुआ बीनने गई नाबालिग बालिका व बुजुर्ग महिला आई आकाशीय बिजली की चपेट में दोनो की हुई मौत
शहडोल
दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला और एक 11 वर्षीय बालिका शामिल हैं। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के कोटरी गांव की है। पुलिस के अनुसार 68 वर्षीय फुलची बाई कोल जंगल में महुआ की डोरी (महुआ के फल/बीज) बीनने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के गांधिया गांव में हुई। यहां तेज हवा चलने के बाद घर के सामने लगे आम के पेड़ के नीचे गिरे आम बीनने गई 11 वर्षीय प्रियांशी रैदास आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
पुलिस ने 50 लाख का 2 कार सहित 267 किलो गाँजा किया जब्त, मौका पाकर जंगल मे आरोपी हुए फरार
*जयसिंहनगर व ब्यौहारी पुलिस की कार्यवाही*
शहडोल
जिले के ब्यौहारी व जयसिंहनगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो लग्जरी वाहनों से करीब 267 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। दोनों मामलों में तस्कर पुलिस की घेराबंदी देखकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहडोल से मानपुर की ओर से एक सफेद रंग की ब्रेजा कार (सीजी-13-एए-7494) में गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस ने सोन नदी पुल से वाहन का पीछा शुरू किया और वन विभाग के रेस्ट हाउस के पास बड़े वाहनों की मदद से रास्ता रोककर कार को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर वाहन से 127 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
*स्कॉर्पियो से मिला 140 किलो गांजा*
दूसरी कार्रवाई जयसिंहनगर थाना पुलिस ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि मानपुर-टेटका मार्ग से एक काली स्कॉर्पियो में गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो तस्कर भुरका रोड के जंगल में स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहन से 140 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 267 किलोग्राम गांजा और दो लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पिछले एक माह में यह गांजा तस्करी के खिलाफ तीसरी बड़ी कार्रवाई है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
महिला शिक्षिकाओं से अभद्रता व आर्थिक अनियमितता के लगे आरोप, शिक्षकों ने मुख्य महाप्रबंधक से की कठोर कार्रवाई की मांग
अनूपपुर
कोतमा क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों के अनेक शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने मुख्य महाप्रबंधक, जमुना कोतमा क्षेत्र को सामूहिक शिकायत पत्र सौंपकर जी.एम. कार्यालय में पदस्थ लिपिक सोमेश्वर नारायण पाठक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में महिला शिक्षिकाओं से अभद्र व्यवहार, आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग, मानसिक प्रताड़ना तथा आर्थिक अनियमितता जैसे आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार संबंधित कर्मचारी द्वारा विद्यालयों के महिला एवं पुरुष शिक्षकों से कार्यालयीन कार्यों के दौरान लगातार अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जाता है। आरोप है कि देर रात तक फोन कर अनुचित तरीके से बातचीत की जाती है तथा शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, जिससे विशेष रूप से महिला शिक्षिकाएं मानसिक रूप से परेशान हैं।
शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विभिन्न कार्यालयीन कार्यों के नाम पर शिक्षकों से राशि लेने के आरोप हैं। कुछ शिक्षकों ने दावा किया है कि लगभग 50 हजार रुपये तक की राशि संबंधित कर्मचारी को दी गई, लेकिन उसका स्पष्ट लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं कराया गया। शिकायतकर्ताओं ने आशंका व्यक्त की है कि उक्त राशि किस खाते में जमा हुई अथवा उसका उपयोग किस प्रकार किया गया, इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शिकायत पत्र पर क्षेत्र के लगभग दो दर्जन से अधिक शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के हस्ताक्षर दर्ज हैं, जिन्होंने सामूहिक रूप से निष्पक्ष जांच और न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
ट्रेन की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर, रेलवे पुलिस ने जांच की शुरू
अनूपपुर
कोतमा रेलवे स्टेशन से अंबिकापुर की ओर रवाना हुई, शहडोल–अंबिकापुर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रू प से घायल हो गया। घटना लहसुई गांव के समीप रेलवे सिग्नल के पास हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक की पहचान खुमान प्रजापति 25 वर्ष निवासी देवरी, थाना भालूमाड़ा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि युवक रेलवे ट्रैक के समीप मौजूद था। इसी दौरान ट्रेन के सामने आने से वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा गिरा।
घटना के बाद ट्रेन चालक ने तत्काल ट्रेन रोककर रेलवे विभाग और रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया। जहाँ युवक की हालत गंभीर बताई जा रही थी। रेलवे पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
कार सवार युवक ने चीतल को खिलाया केला, प्रबंधन ने शुरू की जॉच, होगी कार्यवाही
उमरिया
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में उमरिया-ताला मार्ग पर एक कार सवार युवक ने सड़क किनारे खड़े चीतल को केला खिला दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्क प्रबंधन अलर्ट हो गया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार को हुई। एक कार 26 BH 4973 में सवार युवक ने सड़क किनारे घूम रहे चीतल को देखा और उसे पास बुलाकर केला खिलाने लगा। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने युवक को ऐसा करने से मना भी किया और वन्यजीव नियमों का हवाला दिया, लेकिन वह नहीं माना। इसी बीच किसी ने इस पूरी हरकत का वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
मामला सामने आते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने तुरंत जांच के आदेश दे दिए हैं। बीटीआर के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और वाहन में सवार युवक की जानकारी निकाली जा रही है।
क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने साफ तौर पर कहा कि आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 06 फ़ोटो 06
रात भर चार हाथियों ने मचाया हंगामा ग्रामीणों के तोडे मकान, खेतों में फसल किया चौपट
अनूपपुर
चार हाथियों का समूह शुक्रवार के दिन में दिन में जंगल में रहने बाद, शाम रात होते ही जंगल से लगे पगना एवं बेलिया गांव के विभिन्न टोला,मोहल्ले में पहुंचकर ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर, खेत एवं बांड़ी में लगे विभिन्न तरह की फसलों एवं सब्जियों को अपना आहार बनाते हुए, शनिवार की सुबह फिर से गोबरी बीट के जंगल में विश्राम करने चले गए। पगना एवं बेलिया गांव के ग्रामीणों ने हाथियों के निगरानी के लिए लगे गस्ती दल के सदस्यों पर कई घंटो बाद स्थल पर पहुंचने बाद एक दो कर्मचारियों को छोड़ बाकी अधिकारी/कर्मचारी हाथियों द्वारा तोड़े जा रहे कच्चे मकानो से काफी दूर रहकर तमाशा देखने का आरोप लगाया है। वहीं शनिवार की दोपहर अनूपपुर तहसीलदार में हाथियों द्वारा तोड़े गए ग्रामीणों के मकान एवं खेतों में किए गए नुकसान का पटवारी के साथ स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए, तत्काल राहत प्रकरण तैयार करने तथा ग्रामीणों को जल्द ही राहत राशि दिए जाने की बात कही।
इस दौरान ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि विगत रात अचानक हाथियों का समूह पड़ोस की पगना गांव से तिपान नदी पार कर बेलिया गांव के विभिन्न मोहल्ला में पहुंच घरो में तोड़फोड़ कर एवं फसलों का नुकसान किया, हाथियों के आने की सूचना वन विभाग या अन्य किसी ने ग्रामीणों को समय पर नहीं दिए जाने से कई ग्रामीण हाथियों के अचानक घर एवं घर के पास आ जाने से घर के अंदर ही फसे रहकर डरे सहमे स्थिति में रहे हैं। वही वन विभाग का गश्ती दल जिसकी हाथियों पर निगरानी रखते हुए ग्रामीणों को सतर्क एवं सचेत रहने की सूचना नहीं दी।
समाचार 07 फ़ोटो 07
हाई कोर्ट ने महिला के जिलाबदर को किया रद्द, कलेक्टर लगाया 25 हजार जुर्माना, कमिश्नर के खिलाफ़ की तल्ख टिप्पणी
उमरिया
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने उमरिया निवासी माधुरी तिवारी के खिलाफ की गई जिलाबदर की कार्रवाई को रद्द कर दिया। कोर्ट ने उमरिया कलेक्टर के फैसले पर हैरानी जताई और 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही कमिश्नर पर भी तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा की संभागायुक्त अपने विवेक से काम नहीं करते हैं। किसी डाकघर की तरह आई हुई डाक पर मुहर लगाने का काम कर रहे हैं।
एसएसओ के बयान पर कर दी गई कार्रवाई अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह ने कोर्ट को बताया कि माधुरी के खिलाफ अक्टूबर 2024 में उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने जिलाबदर की कार्रवाई की थी। महिला पर दर्ज 6 आपराधिक मामलों में से 2 धारा 110 और 2 मामूली मारपीट की धाराओं के हैं। इसके साथ ही दो एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं।
महिला को किसी भी मामले में सजा नहीं हुई है। जस्टिस विवेक अग्रवाल की कोर्ट ने सुनवाई के दौरान यह भी पाया कि कलेक्टर ने एसएसओ मदन लाल मरावी के बयान के आधार पर महिला के खिलाफ जिलाबदर का आदेश पारित किया है।
महिला के पास कोई प्रतिबंधित पदार्थ नहीं मिला एसएसओ ने अपने बयान में यह भी स्वीकार किया है कि एनडीपीएस के एक प्रकरण में आरोपी रमेश सिंह सेंगर के बयान के आधार पर याचिकाकर्ता महिला को आरोपी बनाया गया था। कोर्ट को बताया गया कि महिला के पास कोई भी प्रतिबंधित पदार्थ नहीं मिला था।
हाईकोर्ट ने पाया कि पुलिस ने जो रिपोर्ट भेजी थी उसमें महिला के खिलाफ कोई कार्रवाई राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नहीं की गई थी। उसे कलेक्टर ने बिना देखे जिला बदर कर दिया। जिसकी अपील कमिश्नर के यहां की गई। उन्होंने भी दस्तावेजों की जांच नहीं की। इसके बाद हाईकोर्ट में अपील की थी। कोर्ट ने आदेश को गलत पाया और उमरिया कलेक्टर पर 25 हजार की कास्ट लगाई है। साथ ही कमिश्नर से कहा कि आज अंग्रेजों का राज नहीं चल रहा है। कानून के अनुसार ही काम करना चाहिए।
समाचार 08 फ़ोटो 08
महिला की हत्या का खुलासा, लिव-इन पार्टनर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
अनूपपुर
जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को 22 जून को 42 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा कर दिया है। थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंदरूनी चोटों और दोनों हाथों की हड्डियां टूटने से हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतका के लिव-इन पार्टनर 40 वर्षीय सफी खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से जेल भेज दिया गया
42 वर्षीय जानकीबाई गोंड तीन साल पहले अपने पति और बच्चों को छोड़कर जमुना इलाके में अपनी बहन के पास आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाले सफी खान से हुई। कुछ समय बाद सफी खान ने जीएम बंगले के पास कॉलरी की जमीन पर एक मकान बनाया और जानकीबाई के साथ लिव-इन में रहने लगा। बताया जा रहा है कि दोनों ही नशे के आदी थे। घटना वाले दिन जानकीबाई दिनभर घर से लापता थी। शाम को जब वह घर लौटी, तो सफी खान ने उससे बाहर रहने की वजह पूछी, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। गुस्से में आकर सफी खान ने डंडे से जानकीबाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने उसे इस बेरहमी से पीटा कि महिला के दोनों हाथों की हड्डियां टूट गईं और सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं। इंटरनल ब्लीडिंग होने के कारण कुछ ही देर में कमरे के भीतर ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद जब सफी खान की मां उसके घर पहुंची, तो आरोपी ने मारपीट की बात छुपाते हुए झूठी कहानी गढ़ी कि जानकीबाई नाली पर गिर गई थी और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद मां ने ही थाने जाकर पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने जब शव को देखा तो उस पर चोटों के निशान थे, जिससे शक गहरा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जब पसलियां-हड्डियां टूटने और अंदरूनी अंगों में चोट की बात सामने आई, तो पुलिस ने आरोपी सफी खान के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट के तहत केस दर्ज किया। घटना के बाद से ही आरोपी सफी खान पुलिस को चकमा देने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छिप रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सफी खान को गिरफ्तार कर लिया।
समाचार 09
किशोर आया आकाशीय बिजली की चपेट में, हुई मौत
अनूपपुर
जिले की कोतवाली थाना अंतगर्त ग्राम बिजोड़ी में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से आम के पेड़ के नीचे आम बीनते समय 15 वर्षीय नबालिक की मौके पर ही मृत्यु हुई है।
थाना प्रभारी अरविन्द जैन ने बताया कि ग्राम बिजोड़ी निवासी रामनरेश यादव का 15 वर्षीय पुत्र अंश यादव उर्फ ऋषभ तेज हवा चलने पर आम के पेड़ के नीचे आम बीनते गया था, तभी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु हुई है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतवाली को दी मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरिक्षण कर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्डम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा।