आग से लाखो का सामान जला, 5 के खिलाफ एसपी से शिकायत, कपिलधारा में टूटा कांच, हो सकता है हादसा
अनूपपुर
जिले के भालूमाड़ा थाना अंतर्गत पुलिस चौकी फुनगा क्षेत्र के ग्राम पयारी नंबर-01 (मोहरटोला) निवासी 65 वर्षीय ललुआ चौधरी ने पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है की रात में गांव के पांच लोगों ने उनके घर में आग लगा दी। शिकायत में घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है।
शिकायत पत्र के अनुसार ललुआ चौधरी ने आरोप लगाया है कि सुरेश केवट, गोविंद केवट, सारथ केवट, जगदीश केवट तथा गोपाल केवट एकजुट होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने लकड़ी के डंडे में कपड़ा बांधकर उसमें आग लगाई और जलते हुए कपड़े को मकान में फेंक दिया, जिससे घर में आग भड़क गई।
घटना के समय वह घर में सो रहे थे। शोर सुनकर उनकी पत्नी सुपेती बाई ने उन्हें जगाया। दोनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद आरोपित मौके से भाग गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। आग लगने से घर में रखा पंखा, गद्दा, तकिया, कुर्सियां, कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद पुलिस चौकी फुनगा में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत में आरोपियों के नाम दर्ज नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे बिना पूरी जानकारी पढ़ाए हस्ताक्षर करा लिए गए।पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने व न्याय दिलाने की मांग की है।
*कपिलधारा में टूटा कांच बन सकता है हादसे का कारण*
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल कपिलधारा जलप्रपात में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंता का विषय सामने आया है। जानकारी के अनुसार कपिलधारा क्षेत्र में लगाए गए सुरक्षा कांच (ग्लास बैरियर) का एक हिस्सा टूट गया है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। टूटे हुए कांच के कारण पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। कपिलधारा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा अवरोधक के क्षतिग्रस्त होने से किसी भी प्रकार की अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान लेते हुए टूटे हुए कांच को हटाकर नई एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं की जान-माल की सुरक्षा बनी रहे। लोगों ने यह भी मांग की है कि कपिलधारा सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर नियमित निरीक्षण की व्यवस्था की जाए, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अमरकंटक प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्रों में शामिल है, जहां वर्षभर हजारों श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा संबंधी छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है। नागरिकों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
