ट्रेन की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर, रेलवे पुलिस ने जांच की शुरू
अनूपपुर
कोतमा रेलवे स्टेशन से अंबिकापुर की ओर रवाना हुई, शहडोल–अंबिकापुर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रू प से घायल हो गया। घटना लहसुई गांव के समीप रेलवे सिग्नल के पास हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक की पहचान खुमान प्रजापति 25 वर्ष निवासी देवरी, थाना भालूमाड़ा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि युवक रेलवे ट्रैक के समीप मौजूद था। इसी दौरान ट्रेन के सामने आने से वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा गिरा।
घटना के बाद ट्रेन चालक ने तत्काल ट्रेन रोककर रेलवे विभाग और रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया। जहाँ युवक की हालत गंभीर बताई जा रही थी। रेलवे पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
