दहेज प्रताड़ना पर नवविवाहिता मौत पर पति व सास गिरफ्तार, नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
कोतवाली अनूपपुर द्वारा नवविवाहिता हेमा वंशकार पति राज वंशकार उम्र करीब 21 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर की दिनांक 13 मई 2026 को घर पर संदिग्ध मृत्यु के प्रकरण में मृतिका के पति राज वंशकार और सास ज्योति वंशकार दोनो निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया है।
हेमा वंशकार उम्र करीब 21 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर को घर में फांसी लगा लेने पर मृत अवस्था में शासकीय जिला चिकित्सालय अनूपपुर में लाये जाने पर, थाना कोतवाली अनूपपुर में मर्ग क्रमांक 32/26 धारा 194 बी.एन.एस.एस. पंजीबद्ध किया जाकर नवविवाहिता की संदिग्ध मृत्यु की जांच प्रभारी एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी द्वारा की गई। जांच में मृतिका के मायके पक्ष के गवाहों ने शादी के बाद से मृतिका हेमा वंशकार के पति राज वंशकार पिता श्रवण वंशकार एवं सास ज्योति वंशकार पति श्रवण वंशकार के द्वारा दहेज के रूप में 02 लाख रूपये तथा मोटर सायकल की मांग कर हेमा वंशकार को लगातार पेरशान किया गया, तथा दहेज न देने पर, गाली गलौज कर, मारपीट करना बताया गया। उपरोक्त दहेज प्रताडना के कारण मृतिका हेमा वंशकार की शादी के सात वर्ष के अन्दर संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु होना पाया गया जो आरोपीगण का उपरोक्त कृत्य अपराध धारा 85, 80(2), 3(5) बी.एन.एस. एवं 3, 4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 का अपराध घटित होना पाए से थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 311/26 पंजीबद्ध किया गया।
*नाबालिग बालिका से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार*
कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ बुधवार की सुबह रेल्वे स्टेशन अनूपपुर के पास कोचिंग के लिए जाते समय रास्ता रोककर छेड़खानी करने वाले आरोपी प्रीतम प्रसाद कोरी निवासी ग्राम दुलहरा अनूपपुर को घटना के तुरंत बाद पीछा कर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
बुधवार की सुबह सुबह करीब 06.00 बजे थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंची नाबालिग बालिका द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई कि सुबह जब वह कोचिंग पढने के लिए रेल्वे स्टेशन के पास से जा रही थी, तभी एक युवक द्वारा रास्ता रोककर हाथ पकड़कर बुरी नियत से छेड़खानी की गई और हल्ला करने पर भाग गया। उक्त सूचना पर टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व मे पुलिस टीम के द्वारा तत्काल घटना स्थल पहुंचकर आरोपी के संबंध में सीसीटीवी कैमरों से जानकारी प्राप्त की गई एवं घटना के तुरन्त बाद आरोपी प्रीतम प्रसाद कोरी पिता रामदास कोरी उम्र करीब 30 साल निवासी ग्राम दुलहरा थाना कोतवाली अनूपपुर के विरूद्ध अपराध क्रमांक 312/26 धारा 74,126 (2) बीएनएस 7,8 पास्को एक्ट पंजीबद्ध किया जाकर गिरफ्तार किया गया है।
