पुलिस ने 50 लाख का 2 कार सहित 267 किलो गाँजा किया जब्त, मौका पाकर जंगल मे आरोपी हुए फरार
*जयसिंहनगर व ब्यौहारी पुलिस की कार्यवाही*
शहडोल
जिले के ब्यौहारी व जयसिंहनगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो लग्जरी वाहनों से करीब 267 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। दोनों मामलों में तस्कर पुलिस की घेराबंदी देखकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहडोल से मानपुर की ओर से एक सफेद रंग की ब्रेजा कार (सीजी-13-एए-7494) में गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस ने सोन नदी पुल से वाहन का पीछा शुरू किया और वन विभाग के रेस्ट हाउस के पास बड़े वाहनों की मदद से रास्ता रोककर कार को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर वाहन से 127 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
*स्कॉर्पियो से मिला 140 किलो गांजा*
दूसरी कार्रवाई जयसिंहनगर थाना पुलिस ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि मानपुर-टेटका मार्ग से एक काली स्कॉर्पियो में गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो तस्कर भुरका रोड के जंगल में स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहन से 140 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 267 किलोग्राम गांजा और दो लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पिछले एक माह में यह गांजा तस्करी के खिलाफ तीसरी बड़ी कार्रवाई है।
