समाचार 01 फ़ोटो 01
अवैध गांजा व कट्टा रखने पर दो आरोपियों को न्यायालय ने सुनाया 4 वर्ष का कारावास, 25 हजार जुर्माना
अनूपपुर
30 दिसम्बर 2020 को भालूमाड़ा अंतर्गत ग्राम-रक्सा में गोड़ास झुटकू नदी पुल के पास सिल्वर कलर की स्विफ्ट डिजायर कार, रजि0 नं0 सी0जी0-08 ए0एफ0-4977 में अभियुक्तगण गोविंद नारायण शुक्ला एवम मो0 फईम अवैध मादक पदार्थ गांजा कुल 09 किलो 700 ग्राम रखकर परिवहन कर रहे थे, वाहन में एक अवैध एंव प्रतिबंधत श्रेणी का आग्नेय अस्त्र देशी कट्टा 315 बोर का एंव 3 नग कारतूस बिना किसी गैर अनुज्ञप्ति के अपने कब्जे में अवैध रूप से रखना पाया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रक्सा रोड तरफ एक स्विफ्ट डिजायर कार न0 सी0जी0-08 ए0एफ0-4977 से कुछ लोग फुनगा तरफ आने वाले हैं। उक्त सूचना की रिपोर्ट रो0सा0क्रं0 570 में दर्ज की गई। आरोपियो के पास अवैध मादक पदार्थ गांजा 09 किलो 700 ग्राम होना पाया गया । अपराध के संबंध में प्रथम सूचना रिपोर्ट अपराध क्र0 206/2020 धारा 8/20 एन0डी0पी0एस0 एक्ट के अंतर्गत लेखबद्ध की गई।
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश नरेन्द्र पटेल कें न्यायालय में सुनवाई की गयी, जिसमें शासन की ओर से लोक अभियोजक पुष्पेन्द्र कुमार मिश्रा ने 16 साक्षियों के साक्ष्य कराये और 56 दस्तावेजों को परीक्षत कराया गया। साक्ष्य एंव विचारण उपरांत शासन की ओर से पैरवी कर रहे लोक अभियोजक द्वारा रखे गए तर्कों और बहस तथा मामले की गम्भीरता एवं परिस्थितियों को देखते हुए आरोपी मो0 फईम पिता शहीद, उप्र-30 वर्ष निवाी-ग्राम आमा, थाना-शाहनगर, जिला पन्ना एंव गोविन्द नारायण शुक्ला पिता शिवनारायण उम्र-53 वर्ष निवासी-ग्राम गोरसी, थाना-जैतहरी, जिला अनूपपुर को दोषी पाते हुए दोष सिद्ध ठहराया गया जिसमें आरोपी को 04 साल का कारावास एवं 25,000/-रू0 जुर्माना से दंडित किया गया। आरोपी को निर्णय उपरान्त न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया।
समाचार 02 फ़ोटो 02
नशीले इंजेक्शन के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही 100 नग इंजेक्शन किए जप्त
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ नशीले इंजेक्शन बेचने वाली महिला के विरुद्ध कार्यवाही की गई। मुखबिर की सूचना प्राप्त हुई कि भालू गुडार में एक महिला अपने घर के नशीले इंजेक्शन बिक्री करने हेतु भारी मात्रा में छिपा कर रखी हुई है। सूचना पर पुलिस वार्ड क्र. 07 भालुगुडार बिजुरी में पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके के घऱ पहुँचकर दबिश दी गई, तलाशी के दौरान पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके पिता रामजवित सिंह उइके उम्र 32 वर्ष निवासी वार्ड क्र. 07 भालुगुडार बिजुरी के घर से नशीले इंजेक्शन Pheniramine maleate Injection I.P के 50 नग 10 ml के एवं Buprenorphine Injection I.P के 50 नग 2 ml के मिले। दबिश में मिले इंजेक्शन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया जो आरोपी ने कोई वैध दस्तावेज होना नही बताई। मादक पदार्थ प्रतिबंधित होने के बावूजूद बैचने के उद्देश्य से रखे मिलने से आरोपिया का कृत्य एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट का उल्लंघन पाया गया जो संज्ञेय अपराध है। अतः पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके के कब्जे की अवैध औषधि 100 इंजेक्शन को जप्त किया गया। जिस इंजेक्शन कुल कीमत 20 हजार रुपये हैं। पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके निवासी वार्ड क्र. 07 भालू गुडार बिजुरी गिरफ़्तार कर न्यायालय प्रस्तुत किया गया है
घटना विवरण पर धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 औषधि निवारण अधिनियम 1949 का कायम कर अनुसंधान में लिया गया आरोपी ने अवैध मादक पदार्थ कहाँ से प्राप्त किया इस तथ्य पर विवेचना की जा रही है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
हिंदुस्तान पावर प्लांट में श्रमिक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा
अनूपपुर
जिले के जैतहरी स्थित हिंदुस्तान पावर लिमिटेड (मोजर बेयर) में कार्यरत एक श्रमिक की काम के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान देवसरन केवट (48 वर्ष), निवासी ग्राम चांदपुर, ग्राम पंचायत महुदा, जिला अनूपपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि श्रमिक की मौत के बाद कंपनी और प्रबंधन के लोग बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को आनन-फानन में घर भेजने की तैयारी कर रहे थे, जिसे लेकर मौके पर जमकर हंगामा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवसरन केवट हिंदुस्तान पावर लिमिटेड, जैतहरी में कार्यरत थे। स्थानीय स्तर पर यह संयंत्र अब भी पुराने नाम मोजर बेयर पावर प्लांट के रूप में जाना जाता है। मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों द्वारा उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाने की बात कही जा रही है, लेकिन इसी बीच उनकी मौत हो गई। श्रमिक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश करते हुए बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के शव को सीधे घर भेजने की तैयारी शुरू कर दी। परिजनों ने जब पोस्टमार्टम और मृत्यु के वास्तविक कारण को लेकर सवाल उठाया तो मौके पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। आक्रोशित परिजनों ने शव ले जाने से साफ इनकार कर दिया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
तेज रफ्तार हाइवा ने मोटरसाइकिल सवार पिता पुत्र को रौंदा, दोनो की हुई मौत, मामला दर्ज
शहडोल
जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चौरी निवासी ईश्वर दीन खैरवार (62), उनके पुत्र गंगा सिंह खैरवार (45) और भतीजा रामकुशल बाइक से बुढ़वा से ब्यौहारी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम जगमल स्थित शिव शक्ति आश्रम के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार रेत से लदा हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर चढ़ गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईश्वर दीन और गंगा सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं रामकुशल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाइवा में अवैध रेत लदी हुई थी और क्षेत्र में बिना अनुमति के रेत परिवहन धड़ल्ले से जारी है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन वाहन और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही ब्यौहारी क्षेत्र में बोरवेल वाहन की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला और उसके 6 वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाचार 05 फ़ोटो 05
मुख्य मार्ग के बीच खड़ा खम्भा बना हादसे का खतरा, यातायात होता है प्रभावित, हटाने की मांग
अनूपपुर
कोतमा नगर के मुखर्जी चौक से आगे मुख्य मार्ग पर के बीचोबीच स्थापित एक खम्भा लंबे समय से नगर में दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहा है। नगर के व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया तथा भारी वाहनों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क के मध्य स्थित यह खम्भा वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलने के लिए मजबूर करता है। इसी कारण स्थानीय नागरिक, राहगीर और वाहन चालक प्रतिदिन जोखिम उठाकर आवागमन कर रहे हैं।
हाल ही में धान से लदा एक ट्रक इस मार्ग से बड़ी मुश्किल से निकल पाया। ट्रक के गुजरने के दौरान कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और मौके पर मौजूद लोगों में अनहोनी की आशंका बनी रही। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खम्भा शुरू से ही अनुपयुक्त स्थान पर स्थापित किया गया था, लेकिन लंबे समय से समस्या सामने होने के बावजूद इसे हटाने या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक मार्ग पर स्पष्ट खतरा बने रहने के बावजूद कोतमा नगर पालिका और संबंधित तकनीकी विभाग ने अब तक आवश्यक गंभीरता नहीं दिखाई। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभागों का दायित्व है, इसलिए यदि भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी भी इन्हीं विभागों पर आएगी। यह अवरोध केवल यातायात बाधा नहीं, बल्कि गंभीर दुर्घटना की आशंका को लगातार बढ़ा रहा है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
2 लाख का अवैध कोयला पुलिस ने किया जब्त
अनूपपुर
थाना बिजुरी पुलिस द्वारा अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा वाहन क्रमांक CG04T 4439 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में 32 बोरी कोयला पाया गया, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस द्वारा उक्त कोयला एवं वाहन को मौके पर जप्त किया गया। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 5 हजार आंकी गई है।
आरोपी खूबलाल कोल, पिता कंधी कोल, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, बिजुरी, जिला अनूपपुर (वाहन चालक) याकूब, पिता मो. इदरीश, उम्र 36 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, बिजुरी, जिला अनूपपुर (वाहन मालिक) उक्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस एवं खनिज अधिनियम 4/21 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित, कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं
शहडोल
कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सोन सभागार में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिले के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम बेम्हौरी निवासी राकेश पाल ने राशन कार्ड बनवाने संबंधी, तहसील जैतपुर अंतर्गत ग्राम बहगढ निवासी सोनम प्रजापति ने आंगनबाड़ी केंद्र कोलान टोला बहगढ़ में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती की जांच कराने, ग्राम पंचायत पाथर निवासी आशा सिंह ने वेतन दिलाए जाने तथा बुढार तहसील के ग्राम खमरौंध निवासी बिपाशा बाई ने विकलांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन किया। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 69 आवेदकों की समस्याएं
उमरिया
साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर राखी सहाय ने जिले के दूर दराज से आए 69 आवेदकों की समस्याओं को सुना तथा आवेदनों के निराकरण के लिए आवेदन संबंधित विभाग की ओर प्रेषित किया।
जनसुनवाई में गोपी सिंह पठारी कला ने निजी पटटे मे लगाए गए बीएसएनएल मोबाइल टॉवर को हटवाने या किराया दिलाने, मदीना बेगम नौरोजाबाद ने 8 माह का वृध्दावस्था पेंशन दिलाने, रामधनी खटिक रमपुरी ने गरीबी रेखा पात्रता पर्ची में रूका हुआ खाद्यान्न दिलाने, अमित कुमार श्रीवास्तव ग्राम पडवार ने आम रास्ता दिलाने तथा मूलभूत सुविधा दिलाने, रश्मीे रैदास ग्राम पंचायत मझगां ने मुख्यमंत्री कल्याणी सहायता दिलाने, अनीता देवी ग्राम दरबार ने विकलांगता पेंशन दिलाने, सत्यम बैगा ग्राम बस्कुटा ने कक्षा 10वीं की अंकसूची में फोटो सुधार कराने, बिसरता बैगा ग्राम लदेरा ने पेटे का लीवर प्लेसमेंट कराने , इलाज हेतु विधायक निधि से सहयोग दिलाने, रामनिरंतर व्दिवेदी ग्राम कुडी ने रास्ता दिलाने, सुध्दुसेन यादव ग्राम बडागांव ने पीएम आवास दिलाने संबंधी आवेदन दिया ।
समाचार 09
बाघ के हमले से मृतक के परिजन को मिली आर्थिक सहायता
उमरिया
उप संचालक बांधवगढ टाईगर रिजर्व ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, उमरिया के वन परिक्षेत्र पनपथा कोर अंतर्गत बीट चंसुरा के कक्ष क्रमांक-आर एफ 446, स्थान-रेतहा नाला के पास महुआ के सूखे फूल संग्रहण करने के दौरान 3 मई कि दोपहर स्व. रज्जू कोल पिता पिताई कोल, उम्र लगभग 50 वर्ष, साकिन कुदरी, थाना इंदवार, तहसील मानपुर जिला उमरिया को वन्यजीव बाघ के द्वारा हमला कर जनहानि किये जाने पर मृतक की मौके स्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही अधिकारी/कर्मचारी मौके स्थल पर पहुंच कर निरीक्षण करने के उपरांत आगे की वैधानिक कार्यवाही शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमरपुर में परिजनों / अधिकारियों / कर्मचारियों एवं पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूर्ण करवाई गई। पोस्टमार्टम की कार्यवाही उपरांत मृतक के शव को उनके परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु सौप दिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी पनपथा कोर द्वारा मृतक के परिवार को 5,000/- (पांच हजार रूपये) की तत्कालिक आर्थिक सहायता राशि प्रदाय किया गया।