समाचार 01 फ़ोटो 01
रेलवे भूमि पर अवैध कब्जे और नोटिस वसूली का खेल, 45 वर्षों से बसे परिवारों और दुकानदारों पर कार्रवाई की तैयारी,
*रेलवे अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप, लोगों में आक्रोश*
अनूपपुर/कोतमा
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनूपपुर-अंबिकापुर रेल मार्ग स्थित कोतमा रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे भूमि पर वर्षों से निवास और व्यवसाय कर रहे लोगों को रेलवे प्रशासन द्वारा पुनः नोटिस जारी किए जाने के बाद क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि रेलवे अधिकारी बीते चार दशकों से केवल नोटिस देकर वसूली की प्रक्रिया अपनाते रहे, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन परिसर और उससे लगे क्षेत्रों में लगभग 40 से 45 वर्षों से अनेक परिवार मकान बनाकर निवास कर रहे हैं तथा कई लोग दुकानें संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। हाल ही में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मनेन्द्रगढ़ कार्यालय की ओर से कथित अतिक्रमण हटाने के संबंध में नोटिस जारी किया गया है, जिसमें सात दिवस के भीतर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रेलवे विभाग द्वारा समय-समय पर नोटिस जारी कर केवल औपचारिकता निभाई जाती रही है। लोगों का कहना है कि कई बार कब्जाधारियों से कथित रूप से अवैध वसूली भी की गई, लेकिन न तो अतिक्रमण हटाया गया और न ही भूमि का नियमितीकरण किया गया। नागरिकों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने रेलवे भूमि पर कब्जा कर उसे अन्य लोगों को बेच दिया तथा नए निर्माण भी कराए गए, जिसमें स्थानीय अधिकारियों की मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता।
मामला नगर के वार्ड क्रमांक 9 इस्लामगंज और टैक्सी स्टैंड से जुड़ी रेलवे भूमि का बताया जा रहा है, जहां दर्जनों की संख्या में दुकानें और मकान निर्मित हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि रेलवे प्रशासन वास्तव में कार्रवाई करना चाहता है तो पहले वर्षों से निवासरत गरीब परिवारों और छोटे व्यापारियों के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों ने मांग की है कि रेलवे विभाग लीज अथवा किराया प्रणाली लागू कर भूमि का वैध आवंटन करे, जिससे रेलवे को राजस्व प्राप्त हो और स्थानीय लोगों को भी राहत मिल सके। लोगो ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए रेलवे के उच्च अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है।
समाचार 02 फोटो 02
डाली बनी डॉक्टर तो मधु ने संभाला परिवहन विभाग, नगर पालिका पसान में हुआ सम्मान
अनूपपुर
एसईसीएल जमुना कोतमा क्षेत्र की बेटियों ने अपनी मेहनत और लगन से नगर एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। जमुना कॉलोनी वार्ड क्रमांक-1 निवासी कुमारी डाली पनिका पिता बलराम भीम पनिका ने डॉक्टर की डिग्री हासिल कर शहडोल मेडिकल कॉलेज में पदभार ग्रहण किया है। वहीं वार्ड क्रमांक-3 निवासी कुमारी मधु सिंह पिता जय राम सिंह का चयन बिहार के पटना में परिवहन विभाग में उप निरीक्षक पद पर हुआ है। दोनों बेटियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
बताया गया कि डाली पनिका के पिता टेंट हाउस का कार्य करते हैं, जबकि मधु सिंह के पिता भूसा व्यवसाय से जुड़े हैं। संघर्षपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद दोनों परिवारों ने अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार प्रदान किए, जिसका परिणाम आज सफलता के रूप में सामने आया है।
नगर की दोनों प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान 28 मई 2026 को नगर पालिका परिषद पसान कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह द्वारा किया गया। सभी लोगों ने चयनित बेटियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह, मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह एवं लाल बहादुर जायसवाल ने कहा कि यह पूरे नगर और जिले के लिए गौरव की बात है। बेटियों ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति के अंदर दृढ़ संकल्प और मेहनत करने की क्षमता हो तो वह जीवन में किसी भी ऊंचाई को प्राप्त कर सकता है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा कल्याण दास से की सौजन्य भेंट, प्राप्त किया संतों का आशीर्वाद
अनूपपुर
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान अल्मोड़ा क्षेत्र स्थित पावन संत परंपरा के प्रतिष्ठित संत पवित्र नगरी अमरकंटक के कल्याण सेवा आश्रम के संस्थापक परम तपस्वी बाबा कल्याण दास से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा बाबा कल्याण दास महाराज का हाल-चाल जाना । यह मुलाकात आध्यात्मिक संवाद, सामाजिक समरसता और भारतीय सनातन परंपराओं के संरक्षण के भाव से सम्पन्न हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा कल्याण दास महराज से विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने संत परंपरा के मार्गदर्शन को राष्ट्र एवं समाज निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि संत समाज सदैव जनकल्याण, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है।
भेंट के अवसर पर बाबा कल्याण दास ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए जनसेवा, लोककल्याण और धर्म आधारित सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं। मुख्यमंत्री ने संतों के सान्निध्य को अपने लिए सौभाग्य बताते हुए उनके विचारों और मार्गदर्शन को प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर स्वामी जगदीशानंद महाराज सहित अन्य संत-महात्मा भी इस दौरान उपस्थित रहे। सभी संतों ने राष्ट्र की उन्नति, समाज में सद्भाव और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने पर बल दिया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
रामपुर, बटुरा खदान में रोजगार न मिलने पर आदिवासियों ने खोला मोर्चा, एसईसीएल कार्यालय का किया घेराव
शहडोल
जिले के एसईसीएल सोहागपुर अंतर्गत रामपुर-बटुरा परियोजना क्षेत्र में स्थानीय आदिवासी ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। निजी ठेका कंपनी जय अम्बे पर स्थानीय लोगों की अनदेखी कर बाहरी लोगों को नौकरी देने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उप क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के समय प्रभावित परिवारों और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन वर्षों बाद भी उन्हें नौकरी नहीं दी गई। इसके उलट कंपनी द्वारा बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के आदिवासी ग्रामीण, किसान और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में एसईसीएल सोहागपुर अंतर्गत संचालित रामपुर बटुरा ओसीएम पहुंचे। यहां कोयला और ओबी उत्खनन का कार्य कर रही निजी ठेका कंपनी जय अम्बे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रोजगार मांगने पहुंचे लोगों के साथ कंपनी अधिकारियों ने अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी के अधिकारियों अंशुल त्रिपाठी और आलोक त्रिपाठी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों ने एसईसीएल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि एक सप्ताह के भीतर स्थानीय प्रभावित परिवारों को रोजगार दिया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कंपनी और प्रबंधन की होगी।
समाचार 05 फ़ोटो 05
पंखा से टकराकर घायल कबूतर का वन्यजीव संरक्षक ने कराया उपचार, रखा निगरानी में
अनूपपुर
अनूपपुर के नए तहसील परिषर के अभिभाषक कक्ष में पंखा से टकरा जाने पर एक कबूतर के घायल होने की सूचना पर, वन्यजीव संरक्षक अनूपपुर द्वारा कबूतर को अपनी आभिरक्षा में रखकर पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों से उपचार कराते हुए निगरानी में रखने हेतु अपने प्रतिष्ठान में सुरक्षित रखते हुए कबूतर के खाने,पीने की व्यवस्था की, घायल कबूतर के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार आ रहा है।
नगर पालिका परिषद अनूपपुर के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रामखेलावन राठौर ने जिला मुख्यालय अनूपपुर के वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल को सूचना दी की, नवीन तहसील परिसर के अधिवक्ता कक्ष में खिड़की से उड़कर दूसरी ओर जा रहा एक कबूतर पंखा के ब्लेड से टकराकर घायल स्थिति में जमीन में पड़ा है। सूचना पर वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल अपने सहयोगी सर्पपहरी छोटेलाल यादव एवं मोहन सिंह के साथ स्थल पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल कबूतर को अपनी अभिरक्षा में लेकर कृत्रिम गर्भाधान केंद्र पसला में पदस्य पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी से इलाज करवाया, पंखा के ब्लेड से टकराने पर दोनों पंखो में एवं शरीर के अन्य स्थलो पर गंभीर चोट से पीड़ित कबूतर को श्री अग्रवाल ने अपने प्रतिष्ठान में कबूतर को रखकर पानी एवं खाना की सामग्री की व्यवस्था की। कुछ घंटे बाद गंभीर रूप से घायल कबूतर के सही समय पर उचित उपचार हो जाने पर स्वास्थ्य में कुछ सुधार आने से वह स्वयं पानी पीते हुए पका हुआ चावल एवं चावल की कनकी के दानों को खाकर उदर पोषण करते हुए प्रतिष्ठान के अंदर विचरण कर रहा है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
नर्मदा पुष्कर बांध में मजदूर ने लगाई छलांग, डूबने से हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर
प्रमुख पर्यटन स्थल एवं धार्मिक-आध्यात्मिक तीर्थ नगरी अमरकंटक स्थित नर्मदा नदी के प्रथम पुष्कर बांध में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में वार्ड क्रमांक 2 बराती निवासी 45 वर्षीय सुरेश सिंह धुर्वे की डूबने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक एवं सनसनी का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सुरेश सिंह धुर्वे पिता नर्बद लाल सिंह धुर्वे गुरुवार सुबह लगभग नौ दस बजे के बीच घर से इंडियन गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर ट्रक खाली कराने के कार्य के लिए निकला था। घर से निकलते समय उसने अपनी भाभी से कहा था कि वह कुछ पैसे कमाकर शीघ्र वापस लौट आएगा। कार्य समाप्त करने के बाद वह मोटरसाइकिल से नर्मदा पुष्कर बांध पहुंचा और नहाने के उद्देश्य से बांध के किनारे अपने कपड़े एवं चप्पल उतारकर पानी में उतर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरेश सिंह धुर्वे ने बांध की पटरी से गहरे हिस्से की ओर कूदा। वहां मौजूद लोगों ने उसे मना भी किया, लेकिन उसने उनकी बात अनसुनी कर पानी में छलांग लगा दी। कुछ देर बाद जब वह पानी से बाहर नहीं निकला तो आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए बचाव का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर वह डूबा, वहां पानी की गहराई लगभग 35 से 40 फीट है। अत्यधिक गहराई होने के कारण स्थानीय तैराकों एवं गोताखोरों ने अंदर जाने से मना कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन घटनास्थल पर पहुंच गया तथा अनूपपुर जिला पुलिस बल से एसडीआरएफ के गोताखोरों को बुलाया गया। घटना के बाद पुष्कर बांध तट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
समाचार 07 फ़ोटो 07
तेज गर्मी का असर, अमरकंटक में नर्मदा क्षेत्र के बांधों का जलस्तर डेढ़ फीट तक घटा
अनूपपुर
प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक–आध्यात्मिक नगरी तथा माँ नर्मदा की पावन उद्गम स्थली अमरकंटक में लगातार बढ़ती गर्मी का प्रभाव अब जल स्रोतों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। बीते लगभग एक पखवाड़े से तापमान में निरंतर वृद्धि, तेज धूप और बढ़ते वाष्पीकरण के कारण नर्मदा क्षेत्र से जुड़े छोटे–बड़े बांधों एवं जलाशयों का जलस्तर तेजी से घटा है। कई स्थानों पर जलस्तर में लगभग डेढ़ से दो फीट तक की कमी दर्ज की जा रही है।
मौसम में नमी की कमी और लगातार पड़ रही गर्मी के कारण जल भंडारण क्षमता प्रभावित हुई है। इसका असर नर्मदा उद्गम क्षेत्र के पुष्कर बांध, लक्ष्मी सरोवर, आरंडी संगम क्षेत्र सहित अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों पर भी देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही कई स्थानों पर कुएं, तालाब, छोटे नाले एवं नलकूपों में भी जल उपलब्धता घटने लगी है।
सबसे अधिक प्रभाव संत कबीर सरोवर स्थित नर्मदा जल बांध पर देखा गया है, जहां जलस्तर में लगभग दो फीट से अधिक की गिरावट बताई जा रही है। वहीं दूसरी ओर आरंडी संगम तट पर निर्मित नर्मदा बांध में अपेक्षाकृत कम गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यह क्षेत्र अभी कुछ हद तक संतुलित स्थिति में बना हुआ है।
क्षेत्र के प्रमुख जल स्रोतों में शामिल सोनमूड़ा मार्ग स्थित सावित्री सरोवर बांध की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच चिंता का विषय बन रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में पर्याप्त वर्षा नहीं होती और तापमान ऊंचा बना रहता है, तो क्षेत्र के जल स्रोतों पर दबाव और बढ़ सकता है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
सौरभ को किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी हेतु 5 लाख रुपये की मिली आर्थिक सहायता राशि
शहडोल
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय संवेदना दिखाते हुए शहडोल के वार्ड क्रमांक 8/11 (पंचायती मंदिर के पास) निवासी सौरभ ताम्रकार को रेडक्रॉस सोसाइटी से किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी हेतु 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के समक्ष आवेदक श्री सौरभ ताम्रकार की पत्नी द्वारा बताया गया था कि ताम्रकार किडनी संक्रमण बीमारी से पीड़ित हैं तथा उनका किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन इंदौर स्थित अपोलो हॉस्पिटल में होना है।
आवेदक की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार कराना संभव नहीं हो पा रहा था। चिकित्सालय द्वारा उपचार हेतु लगभग 12 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है।
आवेदन प्राप्त होने पर कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी मद से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कर उपचार में सहयोग प्रदान किया है।गौरतलब है कि 27 मई को सौरभ ताम्रकार का इंदौर अपोलो हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट की सर्जरी की जा चुकी है।
समाचार 09
सीएमएचओ व डीपीओ द्वारा किया गया निरीक्षण
शहडोल
शासन के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अखिलेश मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से पड़मनिया खुर्द एवं बोडरी 2 में संचालित आरोग्य केंद्र एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में दी जा रही बच्चों को संदर्भ सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केद्रों में बच्चों की संख्या बढ़ाई जाए एवं आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से दी जाने वाली सुविधाएं बच्चों के प्रदाय करें।