समाचार 01 फोटो 01

पांच हाथी जिले में मचा रहे जिले में तांडव, अब तक चार की मौत कई घायल, बाल बाल बच्चे कई राहगीर

*डीएफओ को खुद कर रहे निगरानी*

अनूपपुर

जिले में पांच हाथियों का समूह दो अलग-अलग हिस्सों में बट कर निरंतर तांडव मचा रहे हैं जिससे हाथी प्रभावित क्षेत्र के 5 से 10 किलोमीटर की दूरी पर बसे ग्रामीण रात रात भर जागकर रात बिताने को मजबूर है एक दंतैल आकमक हाथी के हमले से दो तथा एक दांत वाले हाथी के द्वारा दीवाल तोड़ने से घायल एक व्यक्ति,एक हाथी से बृद्ध अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि चार से अधिक ग्रामीण हाथियों की हमले से घायल है अनूपपुर डीएफओ स्वयं रात रात भर जाग कर हाथियों के विचरण पर निगरानी रख रहे हैं एक दंतैल हाथी से विगत रात कई राहगीर बाल बाल बचे ।

तीन-एक एवं एक की संख्या में छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा को पार कर आए पांच हाथियों का समूह अनूपपुर जिले के जैतहरी एवं अनूपपुर इलाके में निरंतर तांडव मचा रहे हैं जिसमें से तीन हाथियों का समूह विगत 127 दिनों से जिले में विचरण करता हुआ विगत 20 दिनों से निरंतर वन परिक्षेत्र,थाना एवं तहसील जैतहरी के ग्राम पंचायत पड़रिया,कुकुरगोंड़ा एवं क्योंटार से लगे धनगवां बीट के जंगल में ठहरा हुआ है जो रात होते ही जंगल से निकल कर ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर ग्रामीणों के खेत बड़ी एवं में लगे एवं रखें फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

 ग्राम पंचायत सोनमौहरी में कच्चे घर में दो दिनों तक हमला कर घर के अंदर रखे विभिन्न तरह के अनाजों के साथ केला एवं गन्ना की फसल को आहार बनाया, कच्चे मकान के परछीनुमा कमरे में रहती है के कमरे में इस हाथी द्वारा सूढ़ से सूंघकर एक बोरी धान का कोढा निकाल कर खाया आंगन में फैलाया, ग्राम छुलहा के रेल्वे स्टेशन के पास खेतों में लगे विभिन्न तरह के फसलों को आहार बनाया है शनिवार की शाम यह हाथी दूसरे दिन जिला मुख्यालय अनूपपुर से 7 किलोमीटर दूर स्थित सोनमौहरी बीट के बांस प्लांटेशन के जंगल में ठहरकर आहार की तलाश में सेंदुरी से सोनमौहरी को जाने वाले मुख्य मार्ग पर बार-बार निकल कर विचरण करता रहा जिस दौरान पूरी रात में चार-पांच राहगीर जो मोटरसाइकिल से आवागमन कर रहे थे बाल बाल बचे। डीएफओ डेविड वेंकटराव वन विभाग की टीम खुद निगरानी में लगे हैं।

समाचार 02 फोटो 02

छांव के नीचे ज़िंदगी, पेड़ों नीचे बसे घर, गरीबी पर मजबूर जिंदगी, पीएम  आवास के दावे खोखले

अनूपपुर/कोतमा

जिले के कोतमा नगर के वार्ड 6, 7 और 8 के साथ-साथ रेलवे स्टेशन के पीछे और आसपास के कई इलाकों में सैकड़ों लोग बड़े पेड़ों की छांव तले बने अस्थायी घरों में जीवन बिताने को मजबूर हैं। प्लास्टिक, टीन, बोरी और लकड़ी से बने ये ढांचे अब केवल गरीबी का प्रतीक नहीं, बल्कि आवास योजनाओं की जमीनी सच्चाई और प्रशासनिक व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करते हैं।

इन बस्तियों में रहने वाले अधिकांश लोग दिहाड़ी मजदूर, भूमिहीन और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं। उनकी आय अनिश्चित है और पूरा जीवन रोज की कमाई पर निर्भर है। बारिश और तेज हवाओं में ये झोपड़ीनुमा घर कई बार टूट जाते हैं, जबकि गर्मी की तपन और सर्दी की कड़ाके की ठंड जीवन को और कठिन बना देती है। पेयजल, बिजली, शौचालय और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव यहां साफ दिखाई देता है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार आवेदन दिए और सरकारी सर्वे में नाम भी दर्ज कराया, लेकिन आज तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला। उनका आरोप है कि वास्तविक जरूरतमंदों को नजरअंदाज किया जा रहा है। निवासी बुल्लू सोनी ने बताया कि वर्षों से कागजात जमा करने के बाद भी पक्का मकान नहीं मिला, जबकि रोहित केवट के अनुसार हर मौसम में परिवार डर और असुरक्षा के बीच जीवन जीने को मजबूर है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी पात्र परिवारों को पक्का मकान देने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से अलग नजर आती है। चयन प्रक्रिया और लाभ वितरण की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। सर्वे, पात्रता निर्धारण और योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी नगर पालिका और जिला प्रशासन पर है। प्रशासन ने भी माना है कि कुछ क्षेत्रों में कमियां रही हैं और सुधार की प्रक्रिया जारी है।स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र में पुनः निष्पक्ष सर्वे कराया जाए और वास्तविक पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर पक्का आवास दिया जाए। 

समाचार 03 फोटो 03

नगर की मॉडल सड़क पर सूखी हरियाली, डिवाइडर के पौधे खत्म, रखरखाव पर उठे सवाल

अनूपपुर/कोतमा

कोतमा नगर की मॉडल सड़क, जिसे शहर की सुंदरता और हरित वातावरण को मजबूत करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, इस समय अपनी ही स्थिति के कारण चर्चा के केंद्र में है। सड़क के मध्य बने डिवाइडर में लगाए गए सजावटी पौधे अब पूरी तरह सूख चुके हैं। जो पौधे कुछ समय पहले तक हरे-भरे दिखाई देते थे, वे अब सूखी अवस्था में नजर आ रहे हैं, जिससे सड़क की सुंदरता पर सीधा असर पड़ा है और पूरी योजना की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इन पौधों का रोपण नगर पालिका द्वारा मॉडल सड़क परियोजना के तहत किया गया था। ऐसी परियोजनाओं में पौधारोपण के साथ नियमित सिंचाई और देखभाल अनिवार्य मानी जाती है। वर्तमान में गर्मी का मौसम जारी है, ऐसे में पौधों के संरक्षण के लिए अतिरिक्त पानी और निगरानी की आवश्यकता और बढ़ जाती है। इसके बावजूद डिवाइडर में लगे पौधों का सूख जाना यह दर्शाता है कि आवश्यक स्तर पर रखरखाव सुनिश्चित नहीं किया गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय पर नियमित सिंचाई और निगरानी की व्यवस्था की जाती, तो पौधों की यह स्थिति नहीं बनती। 

नागरिक अब नगर पालिका प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस स्थिति का तत्काल संज्ञान लिया जाए, सूख चुके पौधों को हटाकर नए पौधे लगाए जाएं और उनकी नियमित देखभाल की जवाबदेह व्यवस्था लागू की जाए। यह मांग इसलिए उठ रही है ताकि मॉडल सड़क की मूल पहचान बनी रहे, शहर की हरियाली सुरक्षित रहे और सार्वजनिक संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके। यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो इस प्रकार की परियोजनाएं केवल कागजी उपलब्धि बनकर रह जाएंगी।

समाचार 04 फोटो 04

बरहों कार्यक्रम में आया युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, प्राइवेट पार्ट में चोट के निशान, 

शहडोल

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय बाबूलाल साकेत, निवासी बाणसागर थाना देवलौंद के रूप में हुई है। वह अपनी बहन के घर ब्यौहारी के खरपा आयोजित बरहों कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया हुआ था।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान बाबूलाल के घर से टहलने के लिए निकला था। कुछ समय बाद पड़ोस के लोगों ने उसे घर से महज 50 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को मृतक के निजी अंग में गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना छिपी है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

समाचार 05 फोटो 05

कार स्कूटी की टक्कर में जमकर हुआ विवाद, मारपीट से सड़क पर लगा जाम, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल 

शहडोल

शहर में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात राजेंद्र सिंह क्लिनिक के सामने एक कार और स्कूटी की टक्कर के बाद जमकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते बढ़ गया और कुछ ही देर में दोनों तरफ से दर्जनों युवक मौके पर पहुंच गए। और मारपीट होने लगी,सड़क के बीच हुए इस विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया और करीब आधे घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

घटना के दौरान मेन रोड पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खास बात यह रही कि घटना स्थल से कोतवाली थाना महज कुछ दूरी पर होने के बावजूद न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही यातायात कर्मी दिखाई दिए। इससे पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थिति बिगड़ती देख आसपास के स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। काफी देर तक समझाइश के बाद विवाद शांत हो सका। यदि समय रहते स्थानीय लोग हस्तक्षेप नहीं करते तो मामला और गंभीर हो सकता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त नजर नहीं आती। सूत्रों के मुताबिक यातायात प्रभारी का मुख्यालय बुढार में होने के कारण शाम के बाद शहर में उनकी मौजूदगी नहीं रहती। बीते दिनों भी ऐसा विवाद कोतवाली के शेर चौक में हुआ था जहां दुकान के अंदर घुस कर मारपीट हुई थी ।

वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक विवाद शांत हो चुका था। दोनों पक्षों को थाने लाकर मामले की जांच की जा रही है।

समाचार 06 फोटो 06

विश्व रेड क्रॉस दिवस पर आयोजित नेत्र शिविर का उठाएं लाभ- डाॅ  जनक सारीवान 

अनूपपुर

जिला चिकित्सालय अनूपपुर में पदस्थ नेत्र सर्जन और रेटिना विशेषज्ञ डॉ जनक सारीवान ने विश्व रेड क्रॉस दिवस 8 मई 2026 के अवसर पर कलेक्टर हर्षल पंचोली एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी के दिशा- निर्देशन में जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान, नेत्र शिविर तथा एनसीडी स्क्रीनिंग कार्यक्रम को सफल बनाने का आव्हान जिले के नागरिकों से किया गया है। 

उन्होंने जिले भर के नागरिको से अपने आसपास के नेत्र विकार तथा एमसीडी स्क्रीनिंग के जरूरतमंद लोगों को प्रेरित करने तथा पीड़ित मानवता की सदाशयता के लिए अधिक से अधिक रक्तदान हेतु जन जागरूकता की अपील की है। 

उन्होंने बताया है कि 8 मई 2026 विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय में आयोजित नेत्र शिविर में आंखों की जांच निःशुल्क दवाइयों का प्रदाय तथा नेत्र विकार सर्जरी (ऑपरेशन) हेतु चिन्ह्यांकन किया जाएगा। 

जिला चिकित्सालय अनूपपुर में पदस्थ नेत्र सर्जन और रेटिना विशेषज्ञ डॉ जनक सारीवान विश्व रेड क्रॉस दिवस 8 मई के अवसर पर आयोजित नेत्र शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील नागरिकों से की गई है।

समाचार 07 फोटो 07

आरोह 2026 का हुआ भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों को मिलेगा समग्र प्रशिक्षण

उमरिया 

मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह 2026” का शुभारंभ कलेक्टर राखी सहाय के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक श्री विजय भगवानी के मार्गदर्शन में स्टेडियम उमरिया में किया गया। 

शिविर 31 मई तक संचालित होगा, जिसमें हॉकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती का भी आधार है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां,नशा मुक्ति, साइबर क्राइम,मोबाइल एडिक्शन एवं देश में लागू नए कानूनों पर कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों में जागरूकता बढ़ेगी।

उन्होंने बच्चों में बढ़ते मोबाइल उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आंखों सहित शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इसका प्रभावी समाधान खेलों में सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने छात्रों को खेल को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में इस वर्ष बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही, खिलाड़ियों को प्रतिदिन स्वल्पाहार एवं खेल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। खेल विभाग द्वारा अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस शिविर से प्रशिक्षित कई खिलाड़ी पूर्व में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन पंजीयन कर शिविर का लाभ उठाएं। इस अवसर पर क्रिकेट प्रशिक्षक हिमांशु यादव, हॉकी प्रशिक्षक संजय सिंह एवं प्रवीण पसेरिया, हैंडबॉल प्रशिक्षक आकाश बर्मन एवं शिवप्रताप पाल सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के चरण सिंह उपस्थित रहे।

समाचार 08

पुनर्वास विभाग मंत्री का भ्रमण कार्यक्रम

उमरिया

जन जातीय कार्य , लोक परिसंपत्ति प्रबंधन , भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग डॉक्टर कुँवर विजय शाह एक दिवसीय भ्रमण 5 मई को बाँधवगढ़ आएंगे। श्री शाह 5 मई को दोपहर 1 बजे कार द्वारा जबलपुर हवाई पट्टी से प्रस्थान कर सायं 4 बजे बाँधवगढ़ आएंगे। जहाँ स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। रात्रि 9.30 बजे बाँधवगढ़ से कटनी के लिए प्रस्थान करेंगे।

समाचार 09

अवैध उत्खनन, परिवहन पर 30 मामला दर्ज

अनूपपुर

कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन/परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही किए जाने हेतु खनिज, पुलिस एवं वन विभाग द्वारा  वर्ष 2026 ( 01 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक) जिले में खनिजों के अवैध परिवहन में 22 प्रकरण, अवैध उत्खनन में 06 प्रकरण, अवैध भंडारण में 02 प्रकरण एवं कुल 30 प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर 3,85,066 रुपये अर्थदण्ड की राशि संबंधितों से वसूल कर शासकीय कोष में जमा कराया गया है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget