समाचार 01 फ़ोटो 01
अवैध कब्जों का खेल, नोटिस के बाद भी नहीं टूटा रसूखदार का मकान, गरीब का घर कर दिया गया ध्वस्त
*भारत माता स्कूल के प्राचार्य नारायण सिंह का कब्जा
अनूपपुर/कोतमा
कोल इण्डिया की सहायक कंपनी एसईसीएल जमुना कोतमा क्षेत्र में कोलरी (कोयला खदान) की लीज भूमि पर लगातार बढ़ते अवैध कब्जों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वर्षों से खाली पड़ी कोलरी की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से अतिक्रमण कर मकान एवं दुकानें निर्मित की जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
इन अवैध कब्जों के पीछे केवल लापरवाही ही नहीं, बल्कि विभागीय मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है। संपदा विभाग के अधिकारी अजय कुमार की भूमिका को लेकर भी क्षेत्र में सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती, तो आज इतने बड़े स्तर पर अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
चौंकाने वाली बात यह है कि जमुना कोतमा क्षेत्र के महाप्रबंधक के आवास से लगभग 500 मीटर की दूरी पर, बैंक बिहारी के सामने एवं केंद्रीय विद्यालय जमुना के पीछे नारायण सिंह स्कूल संचालक द्वारा खुलेआम मकान बना कर कब्जा किया जा रहा है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों की निष्क्रियता कई संदेहों को जन्म दे रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा कोलरी की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही, दोषी अधिकारियों एवं अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस मामले में जब संपदा अधिकारी अजय कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने पहले फोन उठाया, लेकिन विषय पर चर्चा शुरू होते ही फोन काट दिया। इससे यह प्रतीत होता है कि क्षेत्र में चल रहे अवैध कब्जों को लेकर उनकी चुप्पी कहीं न कहीं संदेह को और गहरा कर रही है। स्कूल संचालक द्वारा अवैध रूप से एसईसीएल से विद्युत कनेक्शन भी ले रखा था, एसईसीएल कंपनी द्वारा नोटिस जारी कर विद्युत कनेक्शन विच्छेद कर दिया था, इनके विरुद्ध कार्यवाही करते हुए विद्युत की राशि भी वसूली किये जाने की मांग की है।
इनका कहना है।
वार्ड क्रमांक 7 में नारायण सिंह स्कूल संचालक के द्वारा अवैध रूप से मकान का निर्माण कर रहा था, जिसे नोटिस जारी कर दिया गया है।
*शशांक आर्मो सीएमओ नगर पालिका पसान*
समाचार 02 फ़ोटो 02
ग्राम पंचायत की गड्ढे वाली शासकीय भूमि पर बन रहा है खेल मैदान, बिना खर्च लोगो के सहयोग से हो रहा है सराहनीय कार्अ
अनूपपुर
जिले के कोतमा जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत लमाटोला क्षेत्र में स्थित एक गड्ढानुमा शासकीय भूमि, जो लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी थी, अब एक सुंदर और उपयोगी खेल मैदान के रूप में विकसित की जा रही है। यह पहल न केवल ग्रामीणों के लिए लाभकारी साबित हुई है, बल्कि बच्चों के लिए एक सुरक्षित व खेल मैदान उपलब्ध हो जाएगा। खास बात यह है कि इस पूरे कार्य में ग्राम पंचायत से कोई भी आर्थिक व्यय नहीं किया गया, जिससे यह प्रयास और भी सराहनीय बन गया है। जबकि कुछ लोगो द्वारा यह अफवाह फैलाया जा रहा है कि ग्राम पंचायत मद से लाखो लागत से बना तालाब को पाटा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, उक्त शासकीय भूमि गांव के कुछ लोगो ने वहाँ की मिट्टीनुमा मुरुम को निकाल लिया था, जिस कारण से यह बहुत बड़ा गड्ढा हो गया था, जिसमें बरसात के दौरान भी पानी नहीं रुकता था। इस कारण वह स्थान न तो कृषि कार्य के लिए उपयोगी था और न ही किसी अन्य सार्वजनिक गतिविधि के लिए। धीरे-धीरे कुछ लोगों की नजर इस भूमि पर कब्जा करने की ओर भी बढ़ रही थी, जिससे भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।
ऐसी परिस्थिति में ग्राम के जागरूक नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने मिलकर इस समस्या का समाधान खोजने का प्रयास किया। उन्होंने यह निर्णय लिया कि इस अनुपयोगी भूमि को समतल कर बच्चों के खेलने के लिए एक मैदान के रूप में विकसित किया जाए, ताकि भूमि का सही उपयोग हो सके और उस पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा भी न हो। इस कार्य के लिए कुछ निजी कंपनियों और स्थानीय लोगों का सहयोग लिया गया। उनके सहयोग से गड्ढे को मिट्टी से भरकर पूरी तरह समतल किया जा रहा है। जिससे इस मैदान बच्चे वहां सुरक्षित रूप से खेल सकें।
ग्रामवासियों का कहना है कि पहले यह स्थान पूरी तरह उपेक्षित था और किसी काम का नहीं था, लेकिन अब यह गांव के बच्चों के लिए एक प्रमुख खेल स्थल बन जाएगा। यहां बच्चे क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी जैसे विभिन्न खेल खेल रहे हैं, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास भी हो रहा है। लोगो के प्रयास की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि यदि इसी प्रकार सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी से कार्य किए जाएं, तो गांव का समग्र विकास संभव है। बिना सरकारी खर्च के इस प्रकार का विकास कार्य करना अन्य पंचायतों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन सकता है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
अवैध उत्तखनन, परिवहन पर खनिज विभाग की कार्यवाही, 5 वाहन जेसीबी सहित जप्त
शहडोल
जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 5 वाहन और दो जेसीबी मशीनों को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, जैतपुर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर (MP18ZH0914) को पकड़ा गया। चालक शिवप्रसाद बैगा के पास परिवहन के लिए कोई वैध रॉयल्टी नहीं पाई गई, जिसके चलते वाहन को खनिज सहित जब्त कर थाना जैतपुर में खड़ा कराया गया और प्रकरण दर्ज किया गया।
वहीं, जांच दल ने बुढार तहसील के ग्राम जरवाही में कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर मिट्टी और मुरम के अवैध खनन का खुलासा किया। यहां एक जेसीबी (MP34DA0514) और एक ट्रैक्टर (MP65AA1494) को मिट्टी खनन करते हुए जब्त किया गया। इसके अलावा एक अन्य स्थान पर जेसीबी (MP18DA0487) मुरम खनन करते पकड़ी गई। इन सभी के पास खनन की कोई वैध अनुमति नहीं थी, जिसके चलते वाहनों को जब्त कर थाना बुढार में खड़ा कराया गया।
इसके साथ ही ग्राम पकरिया के पास एक मिनी ट्रक को गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। चालक सोनू केवट से वाहन जब्त कर कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई खनि निरीक्षक अभिषेक पटले के नेतृत्व में की गई। विभाग ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही बनते हैं सच्चे खिलाड़ी- जगन्नाथ मरकाम
अनूपपुर
मध्य प्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर हर्षल पंचोली तथा पुलिस अधीक्षक मोती ऊर रहमान के मार्गदर्शन में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह-2026” का भव्य शुभारंभ 1 मई 2026 को प्रातः 7:00 बजे जिला खेल परिसर अनूपपुर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगन्नाथ मरकाम उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला व्हॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा मौजूद रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी, जिला महामंत्री भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सत्येंद्र स्वरूप दुबे सहित अनेक खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि जगन्नाथ मरकाम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि “खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन भी है। यदि खिलाड़ी लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ें, तो वे निश्चित रूप से सफलता के उच्च शिखर तक पहुंच सकते हैं।” उन्होंने बताया कि इस एक माह के शिविर में खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन गतिविधियां तथा फिट इंडिया मूवमेंट के विषय में भी खिलाड़ियों को जागरूक किया जाएगा।
ऐसे शिविर प्रतिभाओं को निखारने का सुनहरा अवसर होते हैं। खिलाड़ियों को चाहिए कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और नियमित रूप से अभ्यास कर खेल की बारीकियों को सीखें। निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है। प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
समाचार
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर स्क्रीनिंग रक्तदान, नेत्र शिविर होगा आयोजन
अनूपपुर
विश्व रेडक्रास दिवस 8 मई 2026 के अवसर पर जिला चिकित्सालय अनूपपुर में रक्तदान शिविर, नेत्र शिविर एवं एन.सी.डी. स्क्रीनिंग आयोजित की गई है।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अनूपपुर, को नोडल अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाकर विभिन्न अधिकारियों को आयोजन के सफल क्रियान्वयन के लिए दायित्व सौंपे है।
विश्व रेडक्रास दिवस के अवसर पर लोगों से ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करने तथा इस अवसर पर आयोजित नेत्र परीक्षण शिविर और एमसीडी स्क्रीनिंग का लाभ उठाने की अपील की गई है।