समाचार 01 फोटो 01

जहर पीने व पिलाने से माँ समेत तीन बेटियों सहित चार की हुई मौत, दो मासूम खेलते- खेलते कुए में गिरे दोनो की हुई मौत

शहडोल 

जिले के अंतिम छोर पर स्थित पपौंध थाना क्षेत्र में शनिवार को कुछ ही घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। पहली घटना में एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की कीटनाशक सेवन से मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में खेलते समय कुएं में गिरने से चार वर्षीय चाचा-भतीजे की जान चली गई। दोनों घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, हिरवार गांव निवासी अनिता सिंह (32) अपनी तीन बेटियों रितिका सिंह (7), कृष्णकुमारी सिंह (4) और अर्पिता सिंह (2) के साथ घर में रहती थी। उसका पति वाहन चालक है और रोजगार के सिलसिले में दूसरे जिले में गया हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अनिता ने पहले अपनी तीनों बेटियों को कृषि कार्य में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा पिलाई और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया।

घटना के कुछ देर बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान एक बच्ची घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों तक पहुंची और बताया कि उसकी मां ने उसे और उसकी बहनों को कीटनाशक पिलाया है तथा स्वयं भी खा लिया है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजन और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। यह घटना किस कारण से हुई अभी तक खुलासा नही हो सका है।

*खेलते-खेलते कुएं में गिरे दो मासूम हुई मौत*

इसी थाना क्षेत्र के बरा बघेलहा गांव में एक और दुखद हादसा सामने आया। पुलिस के अनुसार चार वर्षीय किशन कोल और उसका चार वर्षीय भतीजा सत्यम कोल घर के पास स्थित कुएं के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों अचानक कुएं में गिर गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पपौंध थाना क्षेत्र में एक ही दिन में हुई इन दो दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। चार मासूम बच्चियों और बच्चों समेत कुल छह लोगों की मौत से हिरवार और बरा बघेलहा गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

दो महिलाओं पर भालू ने किया हमला, घायल जिला चिकित्सालय रेफर, इलाज जारी

अनूपपुर

रविवार की सुबह जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत धनगवां के पटपरिहा टोला में दो महिलाएं जो सुबह दिशा मैदान के लिए घर से कुछ दूर खेत की ओर गई थी, तभी अचानक जंगल की ओर से आकर विचरण कर रहा एक भालू ने दोनों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, घायलों में 35 वर्षीय गुड्डी पति गोरेलाल कोल के कमर में तथा 65 वर्षीय वृद्धा तिजिया पति रामबदन कोल के चेहरा,छाती एवं शरीर के अन्य हिस्सो पर चोट आई है। घटना के बाद ग्रामीणों के इकट्ठा होकर हो-हल्ला करने पर भालू जंगल की ओर चला गया।

ग्राम पंचायत धनगवां सरपंच संजय गोठिया द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को फुनगा अस्पताल भेजा है। घटना की जानकारी मिलने पर जिला मुख्यालय अनूपपुर के वन्यजीव संरक्षक ने शशिधर अग्रवाल ने फुनगा के सामाजिक कार्यकर्ता नारेंद्र प्रताप सिंह एवं उमेश अग्रवाल से आग्रह करने पर दोनो समाजसेवी फुगना अस्पताल पहुंचकर दोनों घायलो की स्थिति को देखकर परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। उमेश अग्रवाल द्वारा उपवन मंडल अधिकारी अनूपपुर प्रकाश मनोहर राव पखाले,वन परिक्षेत्र अधिकारी कोतमा हरीश कुमार तिवारी को घटना की जानकारी देते हुए उचित कार्यवाही किए जाने की अपेक्षा की है। दोनों घाययों का ड्यूटी डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार कर बेहतर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय अनूपपुर को रेफर किया है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

पशु चोरी के मामले में आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, तीन नग बैल जब्त

अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा ग्राम करहीवाह में कृषक टीकम कोल के घर के सामने बंधे हुए तीन नग बैल चोरी के मामले में, तत्परता पूर्वक कार्यवाही करते हुए, पशु चोरी के आरोपी भारत सिहं गोड़ निवासी ग्राम ठेही थाना जैतहरी अनूपपुर को गिरफ्तार कर चोरी किये तीन नग बैल को बरामद किया है।

कृषक टीकम कोल पिता मण्डल कोल उम्र 56 वर्ष निवासी ग्राम करहीवाह अनूपपुर के द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि, रात में उसके घर के बाहर बंधे हुए तीन नग बैल कीमत लगभग 45, 000 रूपये को कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है, जिस पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 307/26 धारा 303(2) बी.एन.एस. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस टीम द्वारा पशु चोर की पतासाजी की जाकर भारत सिहं गोड़ पिता जयहिन्द सिहं गोड़ उम्र करीब 25 साल निवासी ग्राम ठेही थाना जैतहरी अनूपपुर से चोरी किये गये तीन नग बैल बरामद कर, आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार पशु चोर भारत सिहं गोड़ अन्य पशुओ की चोरी के मामले में पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी भारत सिहं गोड़ के विरूद्ध पूर्व से ही थाना राजेन्द्रग्राम में आपराधिक प्रकरण दर्ज है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

ज्येष्ठ पूर्णिमा पर अमरकंटक में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई नर्मदा में पुण्य डुबकी 

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक में अधिमास ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा, अनुराधा नक्षत्र एवं रविवार के पावन अवसर पर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पतित पावनी मां नर्मदा के उद्गम क्षेत्र में हजारों भक्त श्रद्धालु, तीर्थयात्री एवं दर्शनार्थी पहुंचे और नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

प्रातःकाल से ही मां नर्मदा के कोटितीर्थ कुंड, रामघाट, उत्तर एवं दक्षिण तट तथा आरंडी संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पवित्र नर्मदा जल में आस्था की डुबकी लगाकर स्नान किया तथा मां नर्मदा का स्मरण करते हुए अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।

इसके उपरांत श्रद्धालु नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचे, जहां लंबी कतारों में खड़े होकर उन्होंने भजन-कीर्तन एवं जयकारों के बीच मां नर्मदा के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं विश्वास के साथ मंदिर में माथा टेककर परिवार के सुख, शांति, समृद्धि, ऐश्वर्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की। मंदिर परिसर पूरे दिन धार्मिक वातावरण से गुंजायमान रहा।

ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर नर्मदा स्नान एवं दर्शन-पूजन का क्रम सुबह लगभग 5 बजे से प्रारंभ हो गया था, जो देर शाम तक निरंतर चलता रहा। नर्मदा तटों, मंदिर परिसर तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर भक्तों और पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

समाचार 05 फ़ोटो 05

मंत्री प्रहलाद सिंह एवं विधायक जालम सिंह ने 250 सहयोगियों संग चलाया नर्मदा स्वच्छता अभियान, पुष्कर बांध में किया श्रमदान

अनूपपुर

मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने अपने भाई गोटेगांव विधायक जालम सिंह पटेल तथा लगभग 250 सहयोगी एवं शुभेच्छु जनों के साथ को पवित्र मां नर्मदा के तटों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। यह अभियान प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन एवं संरक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।

अमरकंटक के रामघाट क्षेत्र में नर्मदा स्वच्छता अभियान चलाया गया था। वहीं नर्मदा उद्गम क्षेत्र स्थित पुष्कर बांध के उत्तर एवं दक्षिण तट तथा उसके नीचे स्थित माधव सरोवर बांध में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, विधायक जालम सिंह पटेल एवं उनके साथ सागर, दमोह, नरसिंहपुर, गोटेगांव तथा गाडरवारा से आए लगभग 250 सहयोगियों ने नदी एवं बांध के भीतर उतरकर श्रमदान किया।

स्वच्छता अभियान के दौरान नदी में जमी घास, जलकुंभी तथा श्रद्धालुओं द्वारा फेंके गए कचरे को निकालकर बाहर किया गया। मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं विधायक जालम सिंह पटेल अपने सहयोगियों के साथ पूरे उत्साह, उमंग और समर्पण भाव से कंधे से कंधा मिलाकर सफाई कार्य करते रहे। प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि "मां नर्मदा हमारी जननी है। उनकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी पुत्रों का कर्तव्य है। नर्मदा स्वच्छ और अविरल रहेगी तभी हमारा अस्तित्व सुरक्षित रहेगा।" उन्होंने उपस्थित जनों से नर्मदा तटों को स्वच्छ रखने तथा जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं विधायक जालम सिंह पटेल को नर्मदा भक्त एवं नर्मदा पुत्र के रूप में जाना जाता है। दोनों की मां नर्मदा के प्रति गहरी श्रद्धा और आस्था रही है तथा वे प्रतिवर्ष नर्मदा स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए श्रमदान करते रहे हैं।

समाचार 06 फोटो 06

बस स्टैंड में अव्यवस्थित खड़े वाहन, ठेले व दुकानों से बढ़ रही समस्या, यात्री परेशान, व्यवस्था सुधारने की मांग

अनूपपुर/कोतमा

कोतमा नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्थाओं के कारण यात्रियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड परिसर और उसके आसपास अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहन, ठेले तथा अस्थायी दुकानें न केवल आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रही हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार बस स्टैंड यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र है, लेकिन यहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों का प्रभावी पालन नहीं होने से स्थिति लगातार अव्यवस्थित होती जा रही है। कई बार बसों और अन्य वाहनों को निर्धारित स्थानों के बजाय मनमाने ढंग से खड़ा कर दिया जाता है, जिससे यात्रियों को बसों तक पहुंचने और उतरने-चढ़ने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि बस स्टैंड परिसर तथा आसपास के मार्गों पर ठेले और दुकानें भी कई बार ऐसे स्थानों पर संचालित होती हैं, जहां से यात्रियों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इसके कारण व्यस्त समय में जाम जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है और लोगों को अनावश्यक विलंब का सामना करना पड़ता है।

नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन एवं संबंधित विभागों से बस स्टैंड क्षेत्र में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, निर्धारित स्थानों के बाहर अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित गतिविधियों पर नियंत्रण रखने तथा नियमित निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

उपार्जन का गेहूं बेचते पकड़ाया ट्रक, ट्रांसपोर्टर एवं खाद्य विभाग की मिलीभगत, पुलिस ने जप्त किया ट्रक

अनूपपुर

जिले में एक बार फिर से छतरपुर के ट्रांसपोर्टर की कलई खुली, मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने ट्रक को जप्त कर अपनी अभिरक्षा में खड़ा करवा लिया है, जिले में चल रहे गेहूं उपार्जन में समिति स्तरीय खरीदी जो खुले में की जाती रही उसको परिवहन कर गोदाम तक पहुंचाने का कार्य फिर से छतरपुर जिले के परिवहनकर्ता मेसर्स पवन कुमार जैन एंड ट्रांसपोर्ट कंपनी को दिया गया है। जिसके द्वारा जिले की प्रत्येक समितियों से उपार्जन के गेहूं को परिवहन किया जा रहा है, पूर्व में धान के परिवहन का कार्य भी इसी कंपनी को दिया गया था, वैसे देखा जाय तो नागरिक आपूर्ति निगम की मिलीभगत से लगातार कई वर्षों से उमरिया जिले के परिवहन का कार्य इसी कंपनी को दिया जा रहा है और इसके मैनेजर, ठेकेदार, वाहन चालक सभी मिल कर भारी मात्रा में उपार्जन के अनाज की चोरी करते हैं और उसकी घटती समिति प्रबंधकों को पूरा करनी पड़ती है।

उपार्जन केंद्र मातेश्वरी स्व-सहायता समूह बिलासपुर से गेहूं लोड कर धनवाही स्थित वामिका वेयरहाउस भेजा जा रहा था, जिसको धनवाही मोड़ पर ट्रक क्रमांक एम पी 07 एच बी 5285 का चालक बेचते हुए पकड़ा गया। सूत्रों के अनुसार ट्रक में उपार्जन केंद्र से लगभग 650 बोरी गेहूं लोड किया गया था और चालक द्वारा रास्ते में कितनी मात्रा में गेहूं बेचा गया, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फोटो मे देखा जा सकता है कैसे टेसू के पेड़ के नीचे गेहूं के बोरे क़ो रखा गया है बरहाल आगे जो भी हो प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गेहूं की वास्तविक कमी, जिम्मेदारों की भूमिका और संभावित हेराफेरी की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले के उजागर होने के बाद उपार्जन केंद्रों से वेयरहाउस तक होने वाले गेहूं परिवहन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

समाचार 08 फ़ोटो 08

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में बच्चे उत्साह के साथ सीख रहे योगा व्यायाम और खेल

उमरिया

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर बिरसिंहपुर पाली में जिला प्रशासन, उमरिया पुलिस,नगर पालिका परिषद, पाली पुलिस खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से युवा टीम उमरिया के द्वारा 35 दिवसीय खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।जिसमें सैकड़ों बच्चे शामिल होकर अपने अंदर छिपे हुनर को निखारने पसीना निकाल रहे हैं। शिविर के माध्यम से बच्चों को कई खेलकूद सीखने मिल रहा है। खेलकूद शिविर को लेकर बच्चों में काफी उत्साह है और खुशी-खुशी शिविर में भाग लेकर खेलकूद सीख रहे हैं।ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में भाग लेकर बच्चे ग्रीष्मकालीन छुट्टियों का भरपूर उपयोग कर खुद को तराशने जुटे हैं। सुबह 5 बजे  से खेल मैदान पहुंचकर प्रशिक्षकों की मौजूदगी में कई खेल सीख रहे हैं, जिससे बच्चों के अंदर खेल का हुनर पैदा हो रहा है। शहडोल संभाग कमिश्नर सुरभि गुप्ता ,कलेक्टर राखी सहाय, पुलिस अधीक्षक विजय भगवानी, जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह के निर्देशानुसार व खेल एवं युवा कल्याण विभाग  जिला अधिकारी  व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या,नगर पालिका परिषद पाली मुख्य अधिकारी भूपेंद्र सिंह, थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन पर  युवा टीम संयोजक हिमांशु तिवारी के नेतृत्व  पर जिले की सक्रिय युवाओं की टोली युवा टीम उमरिया के द्वारा 35 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

टीम संयोजक हिमांशु तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा कि एक मई से ग्रीष्म कालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जो आगामी 5 जून तक चलेगा।इस कैम्प में बच्चों को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण कोच द्वारा दिया जा रहा है। शिविर को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में बच्चे हर दिन सुबह यहां खेलों का प्रशिक्षण लेने आते हैं। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह शिविर बच्चों के लिए पूर्णतः निश्शुल्क है। जिले में खेल का वातावरण बनाने, नए खिलाड़ियों का रूझान खेलों में बढ़ाने और उनमें खेल के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर 35 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिससे बच्चे खेल प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर सकें। 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget