समाचार 01 फ़ोटो 01

अज्ञात कारणों से घर पर लगी आग, 2 लाख नगद समेत 7 लाख सामान जलकर हुआ खाक

अनूपपुर

जिले के कोतमा नगर पालिका अंतर्गत वार्ड क्रमांक चार हॉस्पिटल रोड के पास मोहम्मद सरफराज अहमद के घर के अंदर ऊपर कमरे में आग लग गई। आगजनी से करीब 6 से 8 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। परिवार वालों की माने तो अलमारी में रखे 2 लाख नगदी सहित घरेलू सामान एवं दुकान के समान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

भारी मात्रा में रखे बर्तन, गैस चूल्हा, पन्नी ,कपड़े के बैग सहित घरेलू सामान जलकर स्वाहा हो गया। आग लगने की सूचना के बाद दमकल वाहन, नगर पालिका अध्यक्ष व पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने में लगी रही। लगभग 2 घंटे तक फायर ब्रिगेड पुलिस व स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित परिवार के आसपास पड़ोसियों द्वारा आग लगने की जानकारी दी गई । जिसकी सूचना स्थानीय पार्षद,नगर पालिका व पुलिस को दी गई।

आग़ ऊपर की पहली मंजिल में शॉर्ट सर्किट से लगने की संभावना बताई जा रही है जो की ऊपर के तीन कमरों में पहुंच गई । एक कमरे में बिस्तर सहित घरेलू सामान एवं अलमारी में रखें 2 लाख नगदी के साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी स्वाहा हो गई। गर्मी के कारण आग तेजी से फैल गई आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। इसके बाद परिवार के लोग जान बचाने आग़ से बचने के लिए नीचे कमरे में आ गए।

स्थानीय लोगों एवं पड़ोसियों द्वारा पानी से आग बुझाने का प्रयास किया गया। आग़ में काबू न होने के बाद गली वाले रास्ते से सीढ़ी लगाकर भी फायर ब्रिगेड से पानी की बौछार मारी गई जिसके बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। आग इतनी तेज थी कि कमरों के प्लास्टर पूरी तरह उखड़ गई साथ ही दीवारो में भी दरार पड़ गई। स्थानीय पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। राजस्व एवं नपा की टीम दूसरे दिन भी निरीक्षण कर मुआयना किया। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

बिना फिटनेस-परमिट खटारा वाहन दौड़ रहे सड़को पर, पुलिस व यातायात पर उठ रहे सवाल

अनूपपुर/कोतमा

कोतमा नगर में इन दिनों सड़कों पर बड़ी संख्या में अनफिट वाहन संचालित हो रहे हैं, जो आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। नगर के प्रमुख मार्गों से लेकर अंदरूनी क्षेत्रों तक बसें, मेटाडोर और ट्रक बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के ही संचालित हो रहे हैं। इनकी जर्जर स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है, जिससे शहर में जोखिम लगातार बढ़ रहा है।

इन वाहनों की तकनीकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। कई में ब्रेक सिस्टम कमजोर है, स्टीयरिंग असंतुलित है और टायर पूरी तरह घिस चुके हैं। कई वाहन बिना नंबर प्लेट, बैक-लाइट और इंडिकेटर के सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे विशेषकर रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। इसके साथ ही इनसे निकलने वाला काला धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है, जिसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

स्थिति का एक पहलू यह भी है कि वाहन संचालक समय पर फिटनेस नवीनीकरण से बचते हैं, जिससे ऐसे वाहन लंबे समय तक सड़कों पर बने रहते हैं। वहीं इसका दूसरा पहलू यह है कि यह लापरवाही सीधे तौर पर आम नागरिकों की सुरक्षा को प्रभावित कर रही है, जिससे यह केवल नियम उल्लंघन का मामला नहीं, बल्कि जनसुरक्षा का गंभीर विषय बन चुका है। निगरानी और नियंत्रण की प्रक्रिया अपेक्षित स्तर पर प्रभावी नहीं है। इसी कारण अनफिट वाहन बिना रोक-टोक संचालित हो रहे हैं और जोखिम लगातार बना हुआ है। यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी हो सकते हैं बड़े हादसे।

समाचार 03 फ़ोटो 03

ज्ञान, समानता और संविधान के शिल्पकार को नमन, नवोदय विद्यालय में श्रद्धा के साथ मनाई गई अंबेडकर जयंती 

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में भारत के महान समाज सुधारक एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पावन जयंती श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह से ज्ञान, प्रेरणा और सामाजिक समरसता के भाव से ओत-प्रोत रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना सिंह पायक द्वारा दीप प्रज्वलन एवं बाबा साहब के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती अर्चना सिंह पायक ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में डॉ. भीमराव अंबेडकर के अद्वितीय व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण तथा सामाजिक समानता स्थापित करने के उनके प्रयासों को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। उनके विचारों ने उपस्थित विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार किया।

कार्यक्रम में शिक्षक महेश्वर द्विवेदी एवं श्रीमती मनोरमा कौशल ने भी अपने प्रेरक विचारों के माध्यम से बाबा साहब के आदर्शों को विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत किया। वहीं छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचारों और वक्तव्यों के माध्यम से उनके जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को उजागर किया, जिससे कार्यक्रम और भी ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बन गया।

समाचार 04 फ़ोटो 04

बैसाखी अमावस्या पर अमरकंटक में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य डुबकी, दर्शन पूजन अर्चन किया

 अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक में वैशाख मास की पावन सतुवाई अमावस्या के अवसर पर आस्था  देखने को मिला, जब हजारों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी नर्मदा नदी के पावन तट पर पहुंचकर श्रद्धा की डुबकी लगाई और अपने जीवन को धन्य किया। तड़के सुबह से ही तीर्थस्थल के प्रमुख घाटों—रामघाट, गांधी कुंड एवं अन्य पवित्र कुंडों पर स्नान, पूजन और अर्चन का सिलसिला प्रारंभ हो गया, जो पूर्वाह्न तक निरंतर चलता रहा।

वैशाख कृष्ण पक्ष की अमावस्या, रेवती नक्षत्र और शुक्रवार, 17 अप्रैल 26 के इस पुण्य अवसर पर मध्य प्रदेश के बैतूल, सीहोर, शाजापुर सहित महाराष्ट्र के नागपुर, नासिक और जलगांव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। ग्रीष्म ऋतु की तपिश को देखते हुए अधिकांश भक्तों ने प्रातःकाल में ही स्नान-ध्यान कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।

रामघाट पर विशेष रूप से सीहोर से आए श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत पूजन, हवन और आरती का आयोजन किया गया। इसके पश्चात भोग-प्रसाद अर्पित कर भक्तों ने सामूहिक रूप से पारंपरिक व्यंजन दाल-बाफले का प्रसाद ग्रहण किया। भक्ति और उत्साह के इस वातावरण में श्रद्धालु पंगत में बैठकर भोजन करते हुए आपसी सद्भाव और संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रहे थे।

स्नान-पूजन के उपरांत दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों के साथ अमरकंटक के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की विशेष चहल-पहल बनी रही। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सतुवाई अमावस्या का विशेष महत्व है। इस दिन ‘सत्तू’ का दान पुण्यदायी माना जाता है, 

समाचार 05 फ़ोटो 05

पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने, युवाओं की टोली ने कमिश्नर को भेंट किया सकोरा, कार्यों की दी जानकारी

उमरिया

ग्रीष्म काल को दृष्टिगत रखते हुए उमरिया युवा टीम द्वारा पशु पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।  गर्मी में मानव हो या फिर पशु-पक्षी सभी को ठंडे जल की तलाश रहती है। लोगों के लिए तो जगह-जगह प्याऊ व नल के साथ ही पानी की उचित व्यवस्था मिल ही जाती है, लेकिन पक्षियों व पशुओं को पानी के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में लोगों की जिम्मेदारी है कि वे पक्षियों के लिए दाना व पानी की उचित व्यवस्था कर अपने जिम्मेदारी का निर्वाहन करें। ताकि खुले आसमान और धूप में विचरण करने वाले पंछियों को राहत मिल सके। पक्षियों के संरक्षण के उद्देश्य उमरिया जिले की सक्रिय युवाओं की टोली युवा टीम उमरिया ने पक्षियों के लिए कदम बढ़ाया है। युवाओं की टोली ने कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता को सकोरा भेंट किया तथा पक्षी मित्र हिमांशु तिवारी ने युवा टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी ।

कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने कहा कि युवा टीम उमरिया युवाओं की टोली का यह अत्यंत सराहनीय प्रयास है। युवाओं के इस प्रयास में हम सभी को अपनी सहभागिता निभाकर पक्षियों के लिए सकोरे बांधने चाहिए जिससे विलुप्त हो रहे पक्षियों का संरक्षण हो सके।

कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने कहा इस पुनीत कार्य के लिए लोगो को जागृत करने व परिवार के साथ पक्षियों व पशुओं के लिए दाना पानी की व्यवस्था करने का संकल्प लें इससे पुण्य तो मिलेगा ही। साथ ही बच्चे पक्षियों की जान बचाने के लिए आगे आएंगे।ऐसे में हमारी यह जिम्मेदारी ही नही अपितु कर्तव्य भी है कि हम पक्षियों के लिए दाना व पानी की उचित व्यवस्था कर अपने मानव धर्म का निर्वहन करें। ताकि खुले आसमान और धूप में विचरण करने वाले पंछियों को राहत मिल सके। इस अवसर पर पक्षी मित्र हिमांशु तिवारी,राहुल सिंह,महेंद्र तिवारी भी उपस्थित रहे।

समाचार 06 फ़ोटो 06

रेड रोज़ हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने लहराया परचम, परीक्षा परिणामों सफलता हासिल कर रचा इतिहास

शहडोल

शिक्षा के आकाश में अपने उज्ज्वल परिणामों की दमक बिखेरते हुए रेड रोज़ हायर सेकेंडरी स्कूल धनपुरी ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन से सफलता के शिखर को सहज ही प्राप्त किया जा सकता है। कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों ने पूरे नगर एवं ब्लॉक में सर्वोच्च अंक अर्जित कर गौरव की नई इबारत लिख दी है। पिछले तीन दशकों से शिक्षा, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों का समन्वय करते हुए यह विद्यालय क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। इस वर्ष भी विद्यार्थियों की अभूतपूर्व सफलता ने विद्यालय की गरिमा में चार चांद लगा दिए हैं। कक्षा 10वीं में कु. पलक तिवारी ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान अर्जित किया, वहीं कु. अर्शिया मंसूरी 81.2 प्रतिशत के साथ द्वितीय एवं कु. अक्षरा विश्वकर्मा 80.6 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान पर रहीं। इन छात्राओं की उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे धनपुरी नगर को गौरवान्वित किया है। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कु. सानिया बेगम (बायो ग्रुप) ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कु. आफरीन अयानी (कॉमर्स) 79.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय एवं कु. मलायका बी 78.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान पर रहीं। इन विद्यार्थियों की सफलता उनके अथक परिश्रम, दृढ़ संकल्प और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। विद्यालय के इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन का है।

इसका श्रेय अभिभावकों ने संचालक सरफराज अहमद एवं प्राचार्या रूबी सिद्दीकी सहित समस्त शिक्षक परिवार को दिया है, जिनके कुशल नेतृत्व और निरंतर प्रयासों ने विद्यार्थियों को सफलता की इस ऊंचाई तक पहुंचाया है। शिक्षकों की लगन, समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की भावना ही इस उपलब्धि का आधार बनी है। कक्षा 5वीं एवं 8वीं में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय की उत्कृष्ट परंपरा को कायम रखा है। यह सफलता केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है। क्षेत्रवासियों एवं अभिभावकों द्वारा लगातार मिल रही शुभकामनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि रेड रोज़ स्कूल उनके विश्वास और उम्मीदों पर खरा उतर रहा है। उल्लेखनीय है कि धनपुरी की पहली इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल के रूप में स्थापित यह संस्था अब कक्षा 11वीं एवं 12वीं में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के साथ नए सत्र के लिए प्रवेश भी प्रारंभ कर चुकी है। निस्संदेह, रेड रोज़ हायर सेकेंडरी स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, संस्कार और सफलता का पर्याय बन चुका हैं।

समाचार 07 फ़ोटो 07

परीक्षा परिणाम से निराश होकर छात्रा ने कुँए में कूदकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल 

जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में परीक्षा परिणाम से निराश एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। दसवीं कक्षा में दो विषयों में पूरक आने से आहत छात्रा ने मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। छात्रा की पहचान टिंकल सिंह कंवर (17) पिता भगवत सिंह, निवासी ग्राम बरई थाना गोहपारू के रूप में हुई है। हाल ही में घोषित हुए दसवीं और बारहवीं के परीक्षा परिणाम में टिंकल को दो विषयों में पूरक मिला था। रिजल्ट देखने के बाद से ही वह काफी गुमसुम और चिंतित रहने लगी थी।

परिजनों ने बताया कि छात्रा के पिता ने उसे समझाने का प्रयास किया था कि पूरक परीक्षा के जरिए उसे दोबारा मौका मिलेगा और वह आगे बेहतर कर सकती है। बावजूद इसके, टिंकल ने इस बात को दिल से लगा लिया और मानसिक तनाव में चली गई। घटना वाले दिन भी वह घर पर चुपचाप थी और कुछ देर बाद अचानक लापता हो गई।

जब काफी देर तक छात्रा घर में नहीं दिखी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित फल्लू बैगा के कुएं में उसका शव मिला। इस घटना से पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया । 

समाचार 08 फ़ोटो 08

मेधावी छात्र छात्राओं को कलेक्टर ने किया सम्मानित, विद्यार्थियों को दिया मूलमंत्र

उमरिया

विद्यार्थियों एवं शिक्षकों व्दारा की गई कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि इस वर्ष जिले में हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी का परीक्षा परिणाम विगत वर्ष से बेहतर रहा है। शिक्षा से बड़ा धन कुछ नही होता है,एक शिक्षित व्यक्ति पूरे समाज को शिक्षित करने की क्षमता रखता है। उक्त आशय के विचार कलेक्टर रेखा सहाय ने कलेक्टर सभागार में आयोजित मेधावी छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। 

उन्होंने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र अभी से अपने लक्ष्य का निर्धारण कर लें और उसी के अनुरूप तैयारी प्रारंभ करेंगे तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।छात्र चिंता मुक्त रहकर अपने आगे की शिक्षा ग्रहण करें तथा कैरियर बनाएं। 

सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने कहा कि शिक्षा विकास के व्दार खोलती है । सभी छात्र छात्राओं,शिक्षकों ने मेहनत करके इस मुकाम को हासिल किया है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम में हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी कि परीक्षा में प्रदेश तथा जिले कि मेरिट सूची में आने वाले मेधावी छात्र छात्राओं को कलेक्टर राखी सहाय ने स्वागत करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की । 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget