सूने घर मे चोरो ने ताला तोड़कर लाखो की चोरी, शादी में गया था परिवार, मामला दर्ज
शहडोल
जिले के कोतवाली शहडोल के जुगवारी गांव के गांधी मोहल्ला में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के गहने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पर लगातार सवाल भी उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह वारदात बूदन जायसवाल के घर में हुई। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय उसकी पत्नी घर में सो रही थी, जबकि वह अपने बेटों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। तड़के करीब चार बजे जब वह घर लौटा तो सामने का दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे चोरी की आशंका हुई।
पीड़ित ने बताया कि दूसरे कमरे में सो रही पत्नी को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब पूरे घर की जांच की गई तो पता चला कि चोर सोने के करीब चार तोला जेवर, आधा किलो चांदी और करीब 25 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए। कुल चोरी करीब 6 लाख रुपये से अधिक की बताई जा रही है।
सूचना पर पीड़ित कोतवाली थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सुराग जुटाने की कोशिश में लगी है।
