समाचार 01 फ़ोटो 01
बरातियों से भरी पिकअप पलटी, 1 की मौत, 3 गंभीर, कार ने बाइक को मारी टक्कर, 1 की मौत, 2 गंभीर
शहडोल
जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के सेमरा तिराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बरातियों को लेकर लौट रहा मालवाहक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोहपारू के सोनटोला गांव से एक बारात छत्तीसगढ़ के मलतढोल गई थी। विवाह समारोह के बाद सभी बाराती वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सेमरा तिराहा के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल गोहपारू अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में सुंदर सिंह (40 वर्ष), पिता रामलाल, समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सुंदर सिंह की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय शहडोल रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शहडोल में हुआ सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत; दो गंभीर घायलों का उपचार जारी
*कार व बाइक की टक्कर, 1 की मौत, 2 घायल*
शहडोल के खैरहा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हरदी मेन रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
धमनी कला निवासी 52 वर्षीय रामरसीले सिंह अपने दो साथियों के साथ बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान हरदी मेन रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामरसीले सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथ बाइक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
महिला को झांसा देकर चैन, अंगूठी लेकर बदमाश हुए फरार, खेत में अज्ञात युवक का मिला शव
शहडोल
जिले के सोहागपुर थाना अंतर्गत मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को दो बदमाशों ने बातों के जाल में फंसाकर सोने की चेन और अंगूठी पार कर दी। बस स्टैंड के पास हुई इस वारदात में बदमाशों ने पहले महिला को रोका, फिर डर और भ्रम पैदा कर उसे ऐसा उलझाया कि वह कुछ समझ ही नहीं पाई और गहने लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता बविता ठाकुर (49), पति राजकुमार ठाकुर, निवासी शास्त्री नगर शहडोल, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह टहलने निकली थी। इसी दौरान बस स्टैंड के पास दो युवक उससे मिले और बातचीत शुरू कर दी। बदमाशों ने महिला से कहा कि उसके घर पर “गलत साया” है और इसे दूर करने के लिए पूजा करानी जरूरी है। उन्होंने महिला को विश्वास में लेते हुए कहा कि वह अपने गले की सोने की चेन और हाथ की अंगूठी तुरंत उतार दे, ताकि पूजा की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
महिला उनके झांसे में आ गई और अपने गहने उतारकर उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है। उसने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
*खेत में अज्ञात युवक का मिला शव*
शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोनी वार्ड क्रमांक 1 में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खेत में अज्ञात युवक का शव मिला। जानकारी के अनुसार खेत मालिक बद्री साहू सुबह अपने खेत में पैरा लेने पहुंचा था, तभी उसकी नजर खेत में पड़े एक व्यक्ति पर गई। पहले उसे लगा कि कोई व्यक्ति सो रहा है, लेकिन पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी हैं। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष है, हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। हुलिए से वह मांगकर खाने वाला प्रतीत हो रहा है। मृतक के गले में सफेद रंग की माला के साथ एक अन्य बाजारू माला है। उसने आसमानी रंग की बनियान और धूसर रंग का लोअर पहन रखा है। दाहिने हाथ की भुजा पर ‘ॐ’ का टैटू और कलाई में माला पहनी हुई है, जबकि गर्दन के दाहिने हिस्से में अंग्रेजी का अक्षर ‘P’ गुदा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
नाबालिग का अपहरण कर युवक ने 2 दिन तक कमरे में बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को पड़ोस में रहने वाले युवक ने अपहरण कर दो दिन तक अपने ही घर में छिपाकर रखा। हैरानी की बात यह रही कि इस पूरी घटना की भनक तक घर के अन्य लोगों को नहीं लगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी घर से सिर्फ साबुन लेने के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी, समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती गई और उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की। जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने जयसिंहनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई और पड़ोस में रहने वाले युवक पर शक जताया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संदिग्ध युवक के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। किशोरी आरोपी के घर के एक कमरे में मिली। जहां उसे दो दिन से छिपाकर रखा गया था। बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन दुराचार किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी के घर में मौजूद अन्य लोगों को इस पूरी घटना की कानों-कान खबर तक नहीं हुई। आरोपी ने बेहद चालाकी से किशोरी को कमरे में छिपाए रखा। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुराचार और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
सूने घर चोरो ने बोला धावा, लाखो के सोने, चांदी के सामान व नगदी पार, शादी में गया था परिवार
शहडोल
जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सोहागपुर थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए परिवार के सूने घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाश लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पिपरिया गांव निवासी उमेश यादव अपने परिवार के साथ गांव में ही स्थित दूसरे घर में पारिवारिक शादी में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनका घर खाली था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर कीमती सामान समेट लिया। जब परिवार शादी से लौटकर घर पहुंचा, तो दरवाजा में लगा ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा हुआ था।
पीड़ित के मुताबिक, घर में बेटी के विवाह के लिए रखे गए करीब एक किलो चांदी, चार तोले से अधिक सोने के जेवर और 45 हजार रुपये नगद चोरी हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इधर, कोतवाली थाना क्षेत्र में भी चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाया है। मेसर्स ओम हार्डवेयर में हुई चोरी के मामले में दुकान संचालक शांतनु केशरी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। यहां से करीब एक लाख रुपये के सामान की चोरी होना बताया जा रहा है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
3 करोड़ की सब्जी मंडी मगर सड़क पर लग रही सब्जी की दुकानें, रोज लगता है जाम, आम जनता परेशान
अनूपपुर/कोतमा
नगर पालिका द्वारा वार्ड क्रमांक-3 में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सब्जी मंडी का उद्देश्य शहर में सब्जी विक्रेताओं को एक निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करना है, ताकि मुख्य बाजार क्षेत्रों में यातायात बाधित न हो। हालांकि, जमीनी स्तर पर यह व्यवस्था प्रभावी नहीं दिख रही है और शहर के आजाद चौक, गांधी चौक, चंदेरिया मार्ग, अम्बेडकर चौक तथा पुराने फाटक रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर फुटकर सब्जी विक्रेता सड़कों पर ही दुकानें लगा रहे हैं।
सड़क किनारे और कई जगहों पर बीच सड़क पर लग रही इन दुकानों के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। दुकानों और खड़े वाहनों के चलते लगभग 20 फीट चौड़ी सड़क कई स्थानों पर सिमटकर 5 फीट तक रह जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और आम नागरिकों को परेशानी होती है।
नगर पालिका समय-समय पर कार्रवाई करते हुए सड़कों से दुकानों को हटाकर सब्जी मंडी में स्थानांतरित करती है। कुछ दिनों तक व्यवस्था ठीक रहती है, लेकिन इसके बाद फिर से विक्रेता सड़कों पर लौट आते हैं और स्थिति पूर्ववत हो जाती है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, सभी सब्जी विक्रेताओं को मंडी में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं और सड़कों पर दोबारा दुकान लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। फुटकर सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बाजार क्षेत्र में ग्राहकों की संख्या अधिक रहती है, जबकि सब्जी मंडी में अपेक्षित ग्राहक नहीं पहुंचते। वहीं मंडी में दुकान लगाने वाले व्यापारी कहते हैं कि सड़कों पर दुकानें लगने से उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मोहिनी एकादशी पर श्रद्धा भक्ति की अविरल धारा, श्रद्धालुओं ने नर्मदा नदी में किया स्नान, किए पूजा
अनूपपुर
प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पुण्यभूमि पवित्र नगरी अमरकंटक में वैशाख मास, शुक्ल पक्ष की पावन मोहिनी एकादशी, दिन सोमवार, पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र, शुभ भद्रा स्थिति, चंद्रमा की अनुकूल स्थिति, विक्रम संवत 2083, सूर्य के उत्तरायण तथा बसंत से ग्रीष्म ऋतु के संक्रमण काल के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही मां नर्मदा उद्गम स्थल, प्राचीन मंदिरों एवं विभिन्न देवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
विशेष रूप से नर्मदा उद्गम मंदिर, श्री ज्वालेश्वर महादेव, प्राचीन कलचुरी मंदिर समूह, कपिलधारा क्षेत्र तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भक्तों की विशेष भीड़ देखी गई। महिलाओं ने निर्जला एवं फलाहार व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान मंगल और अखंड सौभाग्य की कामना की। अनेक श्रद्धालुओं ने अन्नदान, जलदान, वस्त्रदान तथा गौसेवा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पं. मुकेश पाठक ने बताया कि सूर्य के उत्तरायण काल में वैशाख शुक्ल एकादशी का विशेष महत्व होता है। पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र, शुभ भद्रा एवं चंद्रमा की अनुकूल स्थिति में किया गया व्रत, दान और भगवान विष्णु का स्मरण अनेक गुना फलदायी माना जाता है। यह तिथि केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, संयम, सदाचार और भक्ति का दिव्य संदेश भी प्रदान करती है। पवित्र नगरी अमरकंटक में मोहिनी एकादशी के इस शुभ अवसर पर धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति की अद्भुत छटा दिखाई दी, जहां हर ओर श्रद्धा, भक्ति और पुण्य की अविरल धारा प्रवाहित होती रही।
समाचार 07 फ़ोटो 07
पृथ्वी दिवस पर पौधारोपण कर पृथ्वी को हरा भरा रखने का लिया संकल्प तालाब में रोपे पांच पौधे
उमरिया
पृथ्वी का श्रृंगार हैं पेड़, पौधे,जल, फूल, झरने और हवा। इन्हें बचाने और धरती को हरा-भरा रखकर पृथ्वी पर जीवन व जल को सुरक्षित रखने के लिए पौधारोपण अति आवश्यक है। जल गंगा संवर्धन अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य युवा टीम द्वारा मुक्तिधाम परिसर पाली में आम एवं नीम के पौधे लगाकर पौधा रोपण कर पृथ्वी को हरा भरा बनाने व जल संरक्षण का संकल्प लिया।
पर्यावरण मित्र हिमांशु तिवारी ने कहा की पृथ्वी और जीवन के संरक्षण के लिए प्रत्येक वर्ष पृथ्वी दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह हमारा कर्तव्य है कि हम प्रकृति को बचाने और संरक्षित करने में मदद करें। क्योंकि पृथ्वी सभी जीवों के लिए जीवनदायिनी है। जीवन जीने के लिए जिन प्राकृतिक साधनों की जरूरत, एक पेड़, एक जानवर या फिर एक इंसान की होती है, वहीं पृथ्वी वह सब हमें प्रदान करती है।
पौधे ही जीवन को सुरक्षित कर सकते हैं।पर्यावरण संरक्षण के लिए हर व्यक्ति को जीवन में एक-एक पौधे का रोपण जरूर करना चाहिए। धरती को स्वस्थ रखने के लिए पौधों का महत्वपूर्ण भूमिका है।पृथ्वी के संरक्षण के लिए सबसे जरूरी पौधारोपण है। पृथ्वी का हम जितना दोहन कर रहे हैं, उसी के दुष्परिणाम हम आज झेल रहे हैं। पौधारोपण के दौरान पर्यावरण मित्र हिमांशु तिवारी,महेन्द्र तिवारी,अभिनव द्विवेदी व सभी उपस्थित रहे।
समाचार 08 फ़ोटो 08
चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, कार जलकर हुई खाक
उमरिया
ताला–पनपथा मार्ग पर सोमवार सुबह मझौली के पहले चहली पुलिया के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक चलती डस्टर कार अचानक धुआं छोड़ते हुए आग की चपेट में आ गई। वाहन में केवल चालक सवार था, जिसने हालात को भांपते हुए तुरंत गाड़ी किनारे लगाई और सुरक्षित बाहर निकल गया।
देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच इस तरह की घटनाएं अब सामने आने लगी हैं, जो आम लोगों के लिए चेतावनी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक गर्मी में वाहनों में तकनीकी खराबी और ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है।
हादसे में क्षतिग्रस्त कार मालिक का नाम धर्मेंद्र पिता प्रेमलाल प्रजापति बताया की वह मानपुर से सटे पोंड़ी गांव से ग्रह ग्राम डिघिया (अमरपुर) जा रहे थे, इसी बीच मझौली (पनपथा) में कार में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान ये अकेले ही थे। धर्मेंद्र प्रजापति की माने तो हादसे के दौरान कार में आठ हजार के करीब नगदी भी थी, जो आग की लपटों में जलकर खाक हो गई है।