ठेकेदार की बड़ी लापरवाही, रेलवे ब्रिज निर्माण में मजदूर की कटी चार उँगली, मजदूर हुआ अपंग
शहडोल
जिले के अमलाई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रेलवे ब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की बड़ी लापरवाही के कारण एक गरीब मजदूर को जीवन भर के लिए अपंग बना दिया है। थाने के ठीक सामने हुए इस हादसे के बाद अब घायल मजदूर सेंट्रल हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
घटना उस वक्त की है जब रेलवे ब्रिज के पास हाइड्रा मशीन से भारी-भरकम गटर खाली किए जा रहे थे। सुरक्षा के नाम पर खानापूर्ति कर रहे ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा हेल्पर नंदलाल को भुगतना पड़ा। गटर की चपेट में आने से नंदलाल के दाहिने पैर की चार उंगलियां कटकर अलग हो गईं। हादसे में उसके बाएं पैर का पंजा भी बुरी तरह कुचल गया है। सेंट्रल हॉस्पिटल में उपचार जारी है, इस घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा।
हादसे के तुरंत बाद घायल नंदलाल को लहूलुहान हालत में सेंट्रल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। हालत गंभीर बनी हुई है। बड़ा सवाल यह है कि क्या अस्पताल का खर्चा और आगे का गुजारा रेलवे या ठेकेदार उठाएगा।
यह पूरी घटना अमलाई थाने के ठीक सामने घटित हुई। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा मानकों की ऐसी अनदेखी ठेकेदारों के बुलंद हौसलों को दिखाती है। न सेफ्टी बेल्ट, न सुरक्षा जूते, और न ही कोई उचित निगरानी। स्थानीय लोगों का कहना है की विकास के नाम पर गरीबों का खून बहाना बंद होना चाहिए। अगर नंदलाल को उचित मुआवजा नहीं मिला और लापरवाहों पर एफआईआर नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
