सोते हुए चौकीदार को रेत से भरे ट्रक ने कुचला, घटनास्थल में हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले में सोहागपुर थाना क्षेत्र में रेत लोड ट्रक वाहन ने चौकीदार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बैजनाथ सिंह के प्लॉट में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां 40 वर्षीय अशोक कुमार कहार (बर्मन) चौकीदारी के साथ-साथ राज मिस्त्री का काम भी करता था। बीती रात अशोक प्लॉट में ही सो रहा था। इसी दौरान देर रात रेत डंप करने के लिए एक छोटा ट्रक वहां पहुंचा। चालक ने सोते हुए चौकीदार को नहीं देखा और सीधे उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
हादसा इतना भयावह था कि अशोक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी लगी, तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वाहन चालक कौन था और घटना के पीछे लापरवाही या अवैध रेत परिवहन की क्या भूमिका रही।
गौरतलब है कि जिले में रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे न सिर्फ अवैध उत्खनन कर रहे हैं, बल्कि अधिकारियों को भी धमकाने से बाज नहीं आ रहे। ऐसे में यह घटना प्रशासन के लिए भी एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक रेत माफिया का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
