चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, कार जलकर हुई खाक
उमरिया
ताला–पनपथा मार्ग पर सोमवार सुबह मझौली के पहले चहली पुलिया के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक चलती डस्टर कार अचानक धुआं छोड़ते हुए आग की चपेट में आ गई। वाहन में केवल चालक सवार था, जिसने हालात को भांपते हुए तुरंत गाड़ी किनारे लगाई और सुरक्षित बाहर निकल गया।
देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच इस तरह की घटनाएं अब सामने आने लगी हैं, जो आम लोगों के लिए चेतावनी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक गर्मी में वाहनों में तकनीकी खराबी और ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है।
हादसे में क्षतिग्रस्त कार मालिक का नाम धर्मेंद्र पिता प्रेमलाल प्रजापति बताया की वह मानपुर से सटे पोंड़ी गांव से ग्रह ग्राम डिघिया (अमरपुर) जा रहे थे, इसी बीच मझौली (पनपथा) में कार में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान ये अकेले ही थे। धर्मेंद्र प्रजापति की माने तो हादसे के दौरान कार में आठ हजार के करीब नगदी भी थी, जो आग की लपटों में जलकर खाक हो गई है।
