समाचार 01 फ़ोटो 01
एएसआई को 2 हजार की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने किया गिरफ्तार, मामला हुआ दर्ज
शहडोल
जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जयसिंहनगर थाने में पदस्थ एएसआई को 2 हजार रुपये की रिश्वत मामले में लोकायुक्त टीम ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
शिकायतकर्ता हरी दीन साहू निवासी ग्राम गंधियां, थाना जयसिंहनगर ने 30 मार्च 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसके भाई श्रवण कुमार साहू की सड़क दुर्घटना में बीते महीने मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जयसिंहनगर चौराहे पर चक्का जाम किया था, जिसके बाद पुलिस ने लगभग 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। इस मामले की जांच एएसआई एहसान खान कर रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार एएसआई ने मामले में राहत देने और जमानत में मदद करने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से 2500 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की सत्यापन कार्रवाई के दौरान यह पाया गया कि आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता से 2000 रुपये रिश्वत पहले ही ले लिए थे और अन्य लोगों से भी रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत लेने की वॉइस रिकॉर्डिंग सहित साक्ष्य लोकायुक्त टीम को उपलब्ध कराए थे।
लोकायुक्त टीम एएसआई को ट्रैप करने जयसिंहनगर पहुंची थी, लेकिन एएसआई को भनक लग गई और उसने मौके पर पैसे नहीं लिए। हालांकि पूर्व में रिश्वत लेने के साक्ष्यों के आधार पर लोकायुक्त टीम ने एएसआई एहसान खान को थाने से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा सत्यापन के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है
समाचार 02 फ़ोटो 02
पीड़ित ने जिंदा होने के लिए सीईओ से लगाई गुहार, सचिव ने ग्रामीण को किया मृत घोषित, कागजो में किया खेल
उमरिया
जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने प्रशासनिक संवेदनशीलता और नियमों की धज्जियां उड़ा दी हैं। एक पंचायत सचिव ने अपनी पदस्थापना के साथ ही ऐसा तांडव मचाया कि जीवित ग्रामीण खुद को जिंदा साबित करने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा हैं।
जनपद पंचायत करकेली के ग्राम पंचायत बड़ागांव का है। यहां पदस्थ सचिव रामू सोनी को 24 दिसंबर 2024 को लोकायुक्त की टीम ने 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया था। हैरानी की बात यह है कि जिस सचिव को जेल की सलाखों के पीछे या कम से कम निलंबित होना चाहिए था, उसे जिला पंचायत सीईओ की 'विशेष कृपा' से दोबारा वित्तीय प्रभार के साथ बड़ागांव में पदस्थ कर दिया गया।
लोगों का आरोप है की सचिव रामू सोनी ने कार्यभार संभालते ही अपनी मनमानी शुरू कर दी। गांव के करीब 10 गरीब परिवारों को बीपीएल सूची से यह कहकर बाहर कर दिया कि, उनके घर में सरकारी नौकरी है, जबकि सच्चाई यह है कि वे परिवार मजदूरी कर अपना पेट पालते हैं। हद तो तब हो गई जब आदिवासी समुदाय के जुगराज सिंह गोंड़ और सामान्य वर्ग के अनिल कुमार को कागजों में 'मृत' घोषित कर दिया गया।
पीड़ित अनिल कुमार और जुगराज सिंह ने जिला पंचायत सीईओ के सामने पेश होकर गुहार लगाई कि, साहब! हम जिंदा हैं, आपके सामने खड़े हैं, हमें कागजों में तो जीवित मान लो।सचिव ने मुझे मृत घोषित कर दिया है, ताकि मुझे कोई भी सरकारी सुविधा न मिल सके। मैं गौंड आदिवासी समाज का हूं, इसलिए मेरा नाम काट दिया गया है, सचिव से बात करो तो धमकाता है। वही लोकायुक्त मामले में फंसे कर्मचारी को वित्तीय प्रभार देना पंचायत राज अधिनियम के विरुद्ध है।
इनका कहना है।
मामले में शिकायत आई है, कुछ ग्रामीणों के नाम पात्रता सूची से हटने की बात सामने आई है। मामले में टीम बनाकर जांच कराएंगे।
*अभय सिंह ओहरिया जिला सीइओ उमरिया*
समाचार 03 फ़ोटो 03
धूमधाम से मनाई गई हनुमान जयंती, शोभायात्रा निकालकर विशाल भंडारे का हुआ आयोजन
अनूपपुर
हनुमान जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। जिले के अंतर्गत ग्राम बेलिया बड़ी स्थित हनुमान मंदिर में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जहां सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा हनुमान मंदिर के पुजारी कुलदीप पांडे द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि कलयुग में भगवान श्री हनुमान जी को साक्षात देव के रूप में पूजा जाता है और उनका प्रकटोत्सव चैत्र पूर्णिमा के दिन अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के परम भक्त एवं अष्ट सिद्धि और नव निधि के दाता श्री हनुमान जी की कृपा से ही भक्तों के सभी कष्ट दूर होते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि विगत कई वर्षों से हनुमान जयंती के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 2 अप्रैल 2026, गुरुवार को विधि-विधान के साथ सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।मंदिर समिति के सभी सदस्यों ने समस्त नागरिकों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं सैकड़ो की संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
हनुमान जयंती को लेकर पूरे गांव का माहौल भक्तिमय हो गया है, मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है, जय श्री राम व बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंज रहा। साथ ही हनुमान जयंती के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
समाचार 04 फ़ोटो 04
भाजपा प्रभारी गौरव सिरौठिया का तीन दिवसीय प्रवास, प्रशिक्षण महाभियान सत्र में हुए शामिल
अनूपपुर
गौरव सिरौठिया के तीन दिवसीय शहडोल संभाग प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के ऊर्जावान नेता एवं शहडोल संभाग प्रभारी का यह प्रवास 30, 31 मार्च एवं 1 अप्रैल को आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत हुआ।
प्रवास के दौरान उन्होंने उमरिया जिले के उमरिया, बिजौरी एवं मानपुर मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में भाग लिया। इसके साथ ही शहडोल जिले के धनपुरी एवं जैतपुर मंडलों में भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में प्रभारी सिरौठिया ने भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति, संगठनात्मक मजबूती एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सर्वांगीण विकास की उपलब्धियों को भी कार्यकर्ताओं के सामने रखा। प्रवास के अंतिम दिन 1 अप्रैल को वे अनूपपुर जिले के अमरकंटक एवं बेनीबारी मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में सम्मिलित होकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिए।
इस दौरान तीनों जिलों के भाजपा जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन के सिद्धांतों, दायित्वों एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। भाजपा के इस प्रशिक्षण अभियान के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
अंजनीपुत्र के रंग में रंगा नगर, भक्ति-सेवा के महायज्ञ में उमड़ा अभूतपूर्व जनसैलाब, हुआ विशाल भंडारा
अनूपपुर/कोतमा
कोतमा नगर में हनुमान जन्मोत्सव पर आस्था, भव्यता और अनुशासन के साथ ऐतिहासिक रूप में मनाया गया, जहाँ भीषण गर्मी के बावजूद आयोजन समिति के अनुसार अनुमानित 8 से 10 हजार श्रद्धालु दिनभर धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए। प्रातःकाल ब्रह्म मुहूर्त में पंचमुखी हनुमान धाम, दक्षिणमुखी हनुमान टेकरी सहित प्रमुख मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक और भव्य सिंदूरी महाशृंगार संपन्न हुआ, जिसके दर्शन हेतु सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं।
दोपहर में ठाकुर बाबा धाम से निकली भव्य एवं सुव्यवस्थित शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से अनुशासित ढंग से गुजरी। सुसज्जित झांकियां, अखाड़ों के आकर्षक प्रदर्शन और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच “जय बजरंगबली” के गगनभेदी जयघोष ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, स्वागत द्वारों और जलपान व्यवस्था के माध्यम से शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
धार्मिक आयोजनों के अंतर्गत सुंदरकांड पाठ, सामूहिक हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे श्रद्धालुओं में भक्ति और ऊर्जा का संचार हुआ। सेवा भाव के तहत नगर के विभिन्न स्थानों पर भंडारे आयोजित किए गए, जहाँ हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर सामाजिक समरसता का परिचय दिया।
आयोजन समिति अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने हेतु पूर्व से व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
समाचार 06 फ़ोटो 06
आंधी-बारिश ने किया बत्ती गुल, अंधेरे के साए में रहा पूरा शहर, लोगो हुए परेशान, आवागमन हुआ प्रभावित
शहडोल
मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि पूरा शहडोल शहर अंधेरे में डूब गया। तेज आंधी-तूफान और बे-मौसम बारिश ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह ठप्प कर दिया। देखते ही देखते शहडोल ब्लैकआउट की चपेट में आ गया और चारों तरफ सन्नाटा छा गया। सड़कों से लेकर घरों तक सिर्फ अंधेरा ही अंधेरा नजर आया। आखिर कैसे कुदरत के इस अचानक बदले तेवर ने शहर की रफ्तार रोक दी।
जानकारी के अनुसार, तेज हवाओं के साथ आई बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। कई स्थानों पर पेड़ और डालियां टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गईं, जिससे आपूर्ति ठप्प हो गई। शहर के मुख्य बाजार, आवासीय कॉलोनियां और प्रमुख चौराहे अंधेरे में डूब गए अचानक हुए ब्लैकआउट से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं रात के समय सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम ने बिना किसी पूर्व चेतावनी के अचानक करवट ली, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगहों पर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं भी बाधित रहीं, जिससे लोगों को संपर्क करने में दिक्कतें आईं। इधर बिजली विभाग की टीमों ने हालात संभालने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। अधिकारियों के अनुसार, तूफान के कारण हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जहां-जहां लाइनें प्रभावित हुई हैं।
समाचार 07 फ़ोटो 07
जेल में सजा काट रहा कैदी ने गाल काटकर आत्महत्या करने की कोशिश, सुरक्षा पर उठे सवाल
शहडोल
जिला जेल से एक चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक बंदी ने जेल की कड़ी सुरक्षा के बीच खुद का गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में सजा काट रहा बंदी आखिर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने में कैसे सफल हुआ। इस घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल बंदी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने जेल की सुरक्षा पर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक, बंदी पंकज कटारे, जो दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। लंबे समय से मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि सजा सुनाए जाने के बाद से वह लगातार दबाव में था। इसी बीच उसने जेल के अंदर किसी तरह धारदार वस्तु हासिल कर यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल बंदी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि पंकज कटारे पहले भी दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। करीब एक साल पहले जेल से रिहा होने के बाद उसने फिर से पांडवगर क्षेत्र में एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी सख्त निगरानी वाली जेल के अंदर बंदी तक धारदार वस्तु कैसे पहुंची? क्या जेल प्रशासन की लापरवाही इस पूरे मामले की जड़ है, या फिर सुरक्षा में कहीं गंभीर चूक हुई है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
अवैध उगाही, गुण्डागर्दी और मारपीट के प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
गुंडागर्दी, अवैध उगाही मारपीट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 17 मार्च 2026 की रात करीब 08.00 बजे फरियादी अभिजीत सिहं निवासी अनूपपुर के साथ अनीश पटेल , शिब्बू पटेल , मुकेश पटेल , गंगाराम पटेल के द्वारा अवैध उगाली के गुण्डागर्दी कर मारपीट करने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्र. 176/26 धारा 119(1), 296बी, 115(2), 351(2),3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया साथ ही उक्त दिनांक को ही रात्रि करीब 11.30 बजे अमित कुमार शुक्ला पिता राकेश शुक्ला उम्र 40 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 बस्ती रोड चेतना नगर अनूपपुर के साथ भी उक्त आरोपीगण के द्वारा अवैध उगाही के लिए गुण्डागर्दी कर मारपीट करने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्र. 175/26 धारा 119(1), 296बी, 115(2), 351(2),3 (5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया।
टी.आई. कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम के द्वारा तत्काल आरोपी शिब्बू पटेल एवं मुकेश पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में शेष आरोपी अनीश पटेल एवं गंगाराम पटेल घटना वारदात के बाद से फरार हो गये था, आरोपी अनीश पटेल एवं गंगाराम पटेल के न्यायालय में सरेण्डर किये जाने पर कोतवाली पुलिस द्वारा उक्त आरोपीगण अनीश पटेल पिता मस्तराम पटेल उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम पिपरिया व गंगाराम पटेल पिता सीताराम पटेल उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम दमना को गिरफ्तार कर पुलिस रिमाण्ड लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान द्वारा निर्देशित किये जाने पर उक्त आदतन अपराधियों के विरूद्ध पूर्व से अनेक आपराधिक प्रकरण होने के कारण जिला बदर केस तैयार किया जा रहा है।
समाचार 09
खनिज विभाग को प्राप्त हुआ 292.38 करोड़ का राजस्व
अनूपपुर
कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) अनूपपुर अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु शासन द्वारा खनिज राजस्व लक्ष्य राशि 384.92 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था। इस लक्ष्य प्राप्ति हेतु कलेक्टर हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध राशि 292.38 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति की गई है। जिसमें से मुख्य शीर्ष 0853 अंतर्गत राशि 233.57 करोड़ रुपये एवं ग्रामीण अवसंरचना शीर्ष 0035 अंतर्गत 58.51 करोड़ रुपये निर्धारित लक्ष्य से कुल 75.95 प्रतिशत राजस्व प्राप्त हुआ है। खनिजों के अवैध उत्खनन/परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भण्डारण के कुल 229 प्रकरण दर्ज किया जाकर 208 वाहन जब्त किए गए हैं। दर्ज प्रकरणों में न्यायालय कलेक्टर अनूपपुर द्वारा अर्थदण्ड राशि 46 लाख 92 हजार 420 रुपये वसूल किया गया है।