अवैध मवेशियों से भरे दो पीकप सहित 12 जानवर जप्त, दोनो ड्राइवर हुए फरार, मामला हुआ दर्ज
अनूपपुर
थाना जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक बिना नंबर का सफेद पिकअप वाहन जैतहरी से चांदपुर की ओर मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लोड कर परिवहन हेतु ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक एवं कार्रवाई हेतु पुलिस टीम द्वारा राहगीर गवाहों की सहायता से चांदपुर तिराहा में नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु चालक पुलिस वाहन को देखकर अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। मौके पर मिले बिना नंबर के सफेद पिकअप (इंजन नंबर TTS4K23592, चेचिस नंबर RETTKS6K 27242), जो हरे रंग की तिरपाल से ढका हुआ था, की तलाशी लेने पर उसमें 6 नग मवेशी क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1,40,000 रुपये है। पुलिस द्वारा वाहन एवं मवेशियों को विधिवत जब्त कर मवेशियों को ग्राम अंजनी गौशाला में सुरक्षित रखवाया गया।
इसी क्रम में उसी रात प्राप्त एक अन्य सूचना पर टकहुली तिराहा में नाकाबंदी की गई। एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु चालक पुलिस की लाइट देखकर वाहन को टकहुली की ओर भगा ले गया। पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। वाहन (चेचिस नंबर RE2TTKS6K29033, इंजन नंबर TTS4K25298) की जांच करने पर उसमें 6 नग मवेशी (भैंस के पाड़े) क्रूरतापूर्वक भरे पाए गए। उक्त मवेशियों की कीमत लगभग 1,30,000 रुपये तथा वाहन की कीमत लगभग 5,00,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहन एवं मवेशियों को जब्त कर मवेशियों को कांजी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया।
इस प्रकार थाना जैतहरी पुलिस द्वारा कुल 2 पिकअप वाहन (कुल कीमत लगभग 10,00,000 रुपये) एवं 12 नग मवेशी (8 पाड़े एवं 4 भैंस, कुल कीमत लगभग 2,70,000 रुपये) जब्त किए गए। अज्ञात वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम एवं मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
