घरेलू गैस के अवैध उपयोग कार्यवाही, 7 सिलेंडर व अवैध रेत परिवहन पर मेटाडोर जब्त
अनूपपुर
कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशानुसार जिले में घरेलू रसोई गैस के अवैध व्यावसायिक उपयोग की रोकथाम हेतु सघन जांच अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अनूपपुर, फुनगा एवं पयारी क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं मिष्ठान भंडारों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों हेतु किया जा रहा था, जो कि द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन है। उक्त अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों से कुल 07 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए तथा प्रकरण आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
जिसमें काव्या होटल अनूपपुर से 01 नग एचपी घरेलू गैस सिलेंडर, अंकित मिष्ठान भंडार फुनगा से 01 नग एचपी एवं 01 नग इंडेन घरेलू गैस सिलेंडर, श्याम चाट भंडार फुनगा से 01 नग एचपी घरेलू गैस सिलेंडर, समीर टी स्टॉल फुनगा से 01 नग एचपी घरेलू गैस सिलेंडर, के.एल. पटेल भोजनालय फुनगा से 01 नग एचपी घरेलू गैस सिलेंडर, नम्रता चाट सेंटर पयारी से 01 नग इंडेन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला प्रशासन ने समस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया है कि वे केवल निर्धारित व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। घरेलू गैस के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिले में इस प्रकार की औचक जांच एवं दंडात्मक कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। इस दौरान कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सीमा सिन्हा तथा अलका पटेल सहित खाद्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
*अवैध रेत उत्तखनन व परिवहन पर पुलिस ने मेटाडोर किया जब्त*
अनूपपुर जिले के पुलिस सहायता केंद्र देवहरा थाना चचाई की टीम ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मेटाडोर वाहन सहित रेत जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम बोडडिहा में गुड्डा गुप्ता की दुकान के सामने लाल-पीले रंग की टाटा 912 डगी क्रमांक सीजी 15 एसी 5688 को रोककर जांच की। वाहन में करीब 3 घन मीटर अवैध रेत लोड मिली। वाहन चालक संतोष कोल (35) निवासी ग्राम बिरौल बिना वैध ट्रांजिट पास के सुथना नाला बोडडिहा से धिरोल की ओर रेत ले जाते पाया गया।
पुलिस ने रेत सहित मेटाडोर वाहन, जिसकी कुल कीमत लगभग 10 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई है, जब्त कर चौकी में खड़ा कराया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस तथा मध्यप्रदेश खान एवं खनिज अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

