पिता ने पुत्र की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
जिले के फुनगा क्षेत्र में पुत्र की प्रताड़ना से परेशान पिता शिव प्रसाद चौधरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी पुत्र 30 वर्षीय पुष्पेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से जेल भेज दिया है।
पुलिस चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि आरोपी पुष्पेंद्र चौधरी का अपने पिता के साथ शुरुआत से ही संबंध ठीक नहीं था। पुत्र शराब पीकर अक्सर अपनी मांगों को लेकर गाली-गलौज और मारपीट करता था। पिता और पुत्र अलग-अलग रहते थे, फिर भी वह पिता से विवाद करता था। दो दिन पहले आरोपी पुष्पेंद्र मनेंद्रगढ़ से, जहां वह मजदूरी करता था, अपने परिवार के साथ घर आया था। उसकी पत्नी ने त्योहारों के दौरान भी पिता-पुत्र के बीच विवाद की आशंका जताते हुए घर आने से मना किया था, लेकिन आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी और सपरिवार घर आ गया।
घर आने के बाद शाम को ही पुष्पेंद्र घर के बाहर डंडा लेकर पिता के आने का इंतजार करने लगा। रात में उसने पिता से विवाद किया और उनकी पिटाई कर दी। मां, बहन और छोटे भाई ने बीच-बचाव कर पिता को पड़ोसी के घर पहुंचाया। जब घर में सभी सो गए, तो पिता शिव प्रसाद ने घर के बाहर एक पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच के बाद बेटे पर प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, पुत्र द्वारा लगातार गाली-गलौज और मारपीट से पिता परेशान थे। आरोपी को जेल भेज दिया गया।
