समाचार 01 फ़ोटो 01

पानी सप्लाई में बड़ी लापरवाही, फिल्टर प्लांट के पानी मे गंदगी ही गंदगी, लोगों ने जताई चिंता, 

*शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग*

अनूपपुर

नगरपालिका बिजुरी एवं ग्राम पंचायत बहेराबांध और बेनीबहरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए संचालित बहेराबांध फिल्टर प्लांट की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। हाल ही में कुछ युवाओं द्वारा फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किए जाने पर पानी में अत्यधिक गंदगी, काई और जमा हुए अवशेष देखने को मिले, जिससे पेयजल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फिल्टर प्लांट के कई हिस्सों में पानी काफी गंदा दिखाई दे रहा था और टंकियों में काई की मोटी परत जमी हुई थी। पानी में मौजूद गंदगी और काई को देखकर युवाओं ने आशंका जताई कि यदि इसी तरह का पानी नगर के लोगों तक पहुंच रहा है तो इससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

निरीक्षण में युवा समाजसेवी एवं पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष के पुत्र बृजेश बंसल, मुकेश यादव, ओमप्रकाश अहिरवार, मो. आकिब, अबुल अली, वीरेंद्र महरा सहित अन्य युवा साथी मौजूद रहे। सभी ने फिल्टर प्लांट की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के हजारों लोग इसी पानी पर निर्भर हैं, ऐसे में जल की शुद्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

युवाओं ने बताया कि फिल्टर प्लांट में पानी की साफ-सफाई और नियमित रखरखाव में लापरवाही दिखाई दे रही है। कई जगहों पर काई जमी हुई है और पानी का रंग भी साफ नहीं दिख रहा, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्ट्रेशन व्यवस्था ठीक तरीके से काम नहीं कर रही है।

इस संबंध में युवाओं ने कहा कि जल्द ही नगरपालिका प्रशासन और जिला प्रशासन से मिलकर इस समस्या की जानकारी दी जाएगी तथा फिल्टर प्लांट की नियमित सफाई, रखरखाव और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ जाती है और यदि इस समय दूषित पानी की आपूर्ति होती है तो इससे बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

बैगा माइंस के पास खुले में फेंक रहे हैं जहरीला प्लास्टिक युक्त कचरा, गौवंश पर मंडरा रहा जानलेवा खतरा

शहडोल

जिले के धनपुरी क्षेत्र में केमिकल युक्त दूषित पानी से 8 से अधिक मवेशियों की दर्दनाक मौत का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र के बंद पड़ी बैगा माइंस के पास खुले में फेंका जा रहा कचरा गौवंश के लिए जानलेवा बनता जा रहा है।

जिले के धनपुरी नगरपालिका अंतर्गत बैगा माइंस के समीप नगर का कूड़ा-कचरा खुले में डंप किया जा रहा है, जिसमें बायो वेस्ट और प्लास्टिक पन्नियां बड़ी मात्रा में शामिल हैं। इस कचरे के बीच गौवंश और अन्य मवेशी भोजन की तलाश में पहुंचकर प्लास्टिक और जहरीले अवशेषों का सेवन कर रहे हैं। इससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है और मौत का खतरा लगातार मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि आखिर यह कचरा खुले में कौन फेंक रहा है, लेकिन इसकी जिम्मेदारी से कोई भी बच नहीं सकता,नगर पालिका और संबंधित विभागों की अनदेखी के चलते यह समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में अमलाई ओपन कास्ट माइंस क्षेत्र में SECL की लापरवाही के चलते केमिकल युक्त पानी पीने से 8 से अधिक गोवंशों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था, एक मां गाय का अपने बछड़े के सामने तड़प-तड़प कर दम तोड़ना बेहद ही मार्मिक और दिल दहला देने वाला दृश्य था, जिसने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया था,इसके बावजूद हालात में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है। अब बंद पड़ी बैगा माइंस के पास फैल रहा यह कचरा एक और बड़े हादसे की आशंका को जन्म दे रहा है।

स्थानीय नागरिकों गौर रक्षक और पशु प्रेमियों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल इस क्षेत्र की सफाई कराई जाए, कचरा फेंकने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए और गौवंश की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, वरना यह लापरवाही आने वाले समय में और भी भयावह रूप ले सकती है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

हत्या के आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे में किया गया गिरफ्तार 

अनूपपुर

डायल 112 में रमेश साहू निवासी श्रमिक नगर पकरिहा द्वारा सूचना दिया कि मेरे भाई मनोज साहू को मारपीट करके उसकी हत्या कर दी गई है। सूचना पर तत्काल डायल 112 स्टाफ तथा थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल मय पुलिस बल के ग्राम पकरिहा श्रमिक नगर पहुंचकर घटना की जानकारी ली । जिसमें सूचनाकर्ता रमेश साहू ने बताया कि  शिवराम चौधरी मेरे भाई मनोज साहू उर्फ छोटे को यू के लिप्टस के डंडे से मार रहा था शिवराम के साथ उसकी मां रैमुन बाई भी थी वह भी मेरे भाई  मनोज को हाथ मुक्के व डंडे से मार रही थी ।मारपीट से मेरा भाई मनोज गिरकर बेहोश हो गया जिसकी शरीर व गर्दन में काफी गंभीर चोट होकर नीले निशान थे कुछ देर बाद मेरे भाई मनोज की सांस चलना बंद हो गई औऱ और मेरे भाई मनोज चौधरी की मृत्यु हो गई ।मौके पर ही हत्या की धारा 103(1) बीएनएस की देहाती नालसी लेख कर विवेचना प्रारंभ की गई।

दौरान विवेचना आरोपिया रैमुन बाई पति रमई चौधरी निवासी श्रमिक नगर पकरिहा को कोतमा पुलिस द्वारा सूझ बूझ से कार्यवाही करते हुए ग्राम पकरिहा से गिरफ्तार किया गया। घटना के समय से फरार आरोपी शिवराम चौधरी पिता रमई चौधरी निवासी श्रमिक नगर पकरिहा को भी चंद घण्टो के भीतर पता तलाश कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी शिवराम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त यू.के. लिप्टस का डंडा भी जप्त किया गया है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जिला जेल अनूपपुर दाखिल किया गया है।                      

समाचार 04 फ़ोटो 04

अहिंसा, सत्य और करुणा का संदेश, भगवान महावीर स्वामी की श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई जयंती

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में आज परम पूज्य भगवान महावीर स्वामी की जयंती अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुई। मंदिर परिसर प्रातःकाल से ही भक्तिमय वातावरण, मंत्रोच्चार और जयघोष से गुंजायमान रहा।

इस अवसर पर भगवान महावीर स्वामी का विशेष अभिषेक, पूजन, अर्चन एवं आरती विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रभु के चरणों में नमन कर आत्मशुद्धि एवं कल्याण की कामना की। संध्याकाल में भक्तांबर विधान एवं भव्य महा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए।

जयंती के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो ध्वज, गाजे-बाजे एवं धार्मिक प्रतीकों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा के दौरान जैन समाज के लोगों ने धर्म, अहिंसा और सदाचार के जयघोष कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण किया गया, जिससे सेवा, समरसता और सद्भावना का वातावरण और भी प्रगाढ़ हो उठा। इस पावन अवसर पर भगवान महावीर स्वामी के जीवन संदेशों का भी स्मरण किया गया। उनके उपदेश आज भी मानव जीवन के लिए मार्गदर्शक हैं।

समाचार 05 फ़ोटो 05

बड़ी लापरवाही, टाइगर रिजर्व में जान जोखिम में डालकर लोग बना रहे हैं वीडियो

*प्रबंधन कर रहा है हादसे का इंतजार*

उमरिया

जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एक बार फिर लापरवाही का बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मानपुर रोड स्थित मगधी गेट के पास शनिवार सुबह एक डीएम बाघ को सड़क पार करते हुए देखा गया। हैरानी की बात यह रही कि जहां एक ओर बाघ जंगल की ओर जा रहा था, वहीं दूसरी तरफ राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर वीडियो बनाने में जुटे रहे।

वायरल हो रहे वीडियो में साफ नजर आता है कि कई लोग अपने वाहन रोककर खड़े हैं, तो कुछ लोग वाहन से उतरकर सड़क पर ही बाघ के बेहद करीब पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। यह स्थिति किसी भी वक्त गंभीर हादसे में बदल सकती थी। सौभाग्य से बाघ बिना किसी घटना के जंगल की ओर चला गया, लेकिन सवाल यह है कि अगर कुछ अनहोनी हो जाती तो जिम्मेदार कौन होता।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इस मार्ग पर कई बार बाघों की आवाजाही देखी जा चुकी है। इसके बावजूद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का प्रबंधन पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है। न तो यहां पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम किए गए हैं।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिस इलाके में वन्यजीवों की सक्रियता लगातार बनी हुई है, वहां न तो ट्रैफिक कंट्रोल है और न ही लोगों को जागरूक करने का कोई प्रयास दिखता है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ अक्सर ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में बिना किसी रोक-टोक के पहुंच जाती है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।

यह घटना सीधे तौर पर प्रबंधन की लापरवाही को उजागर करती है। सवाल उठता है कि क्या अधिकारी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? क्या किसी इंसानी जान या वन्यजीव के नुकसान के बाद ही कार्रवाई होगी?

जरूरत इस बात की है कि तत्काल प्रभाव से इस क्षेत्र में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए, वाहनों की गति सीमित की जाए और लोगों को ऐसे खतरनाक व्यवहार से रोका जाए। वरना अगली बार यह वीडियो नहीं, बल्कि हादसा बन सकता है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

गरज-लपक के साथ वर्षा, मौसम हुआ सुहाना, बदला मौसम, बरसी राहत की फुहारें

अनूपपुर

धार्मिक-आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में चैत्र शुक्ल पक्ष की मदन द्वादशी (प्रदोष) के अवसर पर मौसम ने अचानक करवट ली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दोपहर बाद गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिससे बढ़ते तापमान पर विराम लग गया।

दोपहर तक जहां गर्मी अपना असर दिखाने लगी थी, वहीं अचानक आसमान में काले घने बादलों ने डेरा डाल लिया। तेज हवाओं के साथ उमड़-घुमड़कर बादल गरजते रहे और बीच-बीच में बिजली चमकती रही। लगभग आधे से एक घंटे तक कभी रिमझिम तो कभी मध्यम बारिश होती रही, जिससे पूरे क्षेत्र का मौसम सुहाना और खुशनुमा हो गया।

इस अप्रत्याशित मौसम परिवर्तन का आनंद लेने में देशभर से आए पर्यटक और श्रद्धालु पीछे नहीं रहे। महाराष्ट्र के नासिक और मालेगांव से आए नर्मदा परिक्रमा वासियों सहित उत्तर प्रदेश के कानपुर, लखनऊ, रीवा, सिंगरौली और पुणे से आए तीर्थयात्रियों ने बारिश का भरपूर लुत्फ उठाया। सभी ने अमरकंटक के मनोहारी और शीतल मौसम की जमकर सराहना की। तमिलनाडु के चेन्नई से आए पर्यटकों ने बताया कि बड़े शहरों में बारिश के बाद जहां उमस और चिपचिपी गर्मी बढ़ जाती है, वहीं अमरकंटक में वर्षा के बाद वातावरण और अधिक शीतल एवं आनंददायक हो जाता है।

समाचार 07

संकल्प से समाधान शिविर संपन्न, शिविर के माध्यम से आम जन लाभांवित

उमरिया

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने के लिये जिले में 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक संकल्प से समाधान अभियान चलाया गया। संकल्प से समाधान शिविरों के माध्यम से वंचित योजनाओं के लाभ से आम जनों को लाभांवित किया गया। उक्त आशय के विचार कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने जिला मुख्यालय उमरिया स्थित मंगल भवन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय संकल्प से समाधान शिविर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

उन्होने कहा कि प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी तक चलाए गए शिविर में घर घर जाकर आवेदन पत्र प्राप्त किए गए तथा हितग्राहियों को लाभ से लाभांवित किया गया। व्दितीय चरण 16 फरवरी से 15 मार्च तक आयोजित किया गया , इस दौरान 27 क्लस्टर पर शिविरों का आयोजन किया गया । आज 30 मार्च को जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया है। अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, ईमेल तथा लोक सेवा केंद्रों प्राप्त आवेदनों का भी निराकरण किया गया है। उन्होने बताया सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार उमरिया जिले में भी 14 वर्ष से लेकर 15 वर्ष तीन माह तक कि किशोंरियों को स्वास्थ्य केंद्रो के माध्यम से एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है। 

समाचार 08

अवैध रेत उत्खनन व परिवहन पर ट्रैक्टर ट्राली जप्त

अनूपपुर

कोतवाली पुलिस द्वारा ग्राम लखनपुर में रेड कार्यवाही कर ट्रैक्टर -  ट्राली में अवैध उत्खनन एवं चोरी करके ले जा रही रेत को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की गई। टी. आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द प्रसाद पनिका एवं आरक्षक अमित मरावी की टीम द्वारा ग्राम लखनपुर से नीले कलर की सोनालिका ट्रेक्टर के ट्राली में लोड रेत अवैध परिवहन करते हुए रंगे हाथो पकड़ा जाकर ट्रेक्टर चालक अभिषेक पटेल पिता विनय पटेल उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम लखनपुर थाना कोतवाली अनूपपुर जिला अनूपपुर के विरूद्ध थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 190/26 धारा 303(2), 317(5), 3(5) बी.एन.एस.4/21 खान खनिज अधिनियम 77/177,130 (3)/177 मोटर व्हीकल एक्ट का पंजीबद्ध किया जाकर अवैध रेत एवं परिवहन में उपयुक्त ट्रेक्टर ट्राली कुल कीमती 5,03,500 रूपये की जप्त किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

समाचार 09

सट्टा के खिलाफ कार्यवाही, 04 आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर

थाना बिजुरी टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर अवैध सट्टा खिलाने वालो पर रेड कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी राकेश साहू पिता स्व. रामगोपाल साहू, उम्र 44 वर्ष, निवासी भवनियाटोला, थाना बिजुरी, शनि वाल्मीकि पिता मूलचंद वाल्मीकि, उम्र 30 वर्ष, निवासी कपिलधारा, थाना बिजुरी, प्रकाश वर्मा पिता राजमणि वर्मा, उम्र 38 वर्ष, निवासी कपिलधारा, थाना बिजुरी, हरिहर प्रसाद केवट पिता जानकी प्रसाद केवट, उम्र 33 वर्ष, निवासी कपिलधारा, थाना बिजुरी जिला अनूपपुर (म.प्र.) के विरुद्ध सट्टा अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। अपराध क्रमांक 103/26, 104/26, 105/26, 106/26 धारा 4(क) सट्टा एक्ट का कायम किया जाकर आरोपीगणों से कुल नगदी रकम 4740/- रुपये जप्त किया गया।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget