समाचार 01 फ़ोटो 01

रेलवे स्टेशन से पुलिस ने पकड़ा 2 लाख का 10 किलो गांजा, ट्रेन का का सुपरवाईजर व अटेंडर गिरफ्तार

*शहडोल जीआरपी ने किया गिरफ्तार*

शहडोल

जीआरपी पुलिस ने शहडोल रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दो ऐसे तस्करों को रंगे हाथों पकड़ लिया, जो हीराकुंड एक्सप्रेस से जुड़े कर्मचारी ही निकले। लेकिन असली चुनौती उस नेटवर्क को ध्वस्त करना है जो रेल सेवाओं की आड़ में फल-फूल रहा है।

शहडोल जीआरपी उप निरीक्षक आरएम झरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल निवासी मृणाल कांत महतो और झारखंड निवासी दीपेश महतो शहडोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर एक संदिग्ध बैग के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जीआरपी पुलिस की नजर उन पर पड़ी। जैसे ही पुलिस उनके पास पहुंची, दोनों आरोपी बैग लेकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया, तलाशी के दौरान बैग से 10 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।

चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी मृणाल कांत महतो हीराकुंड एक्सप्रेस में अटेंडरों का सुपरवाइजर है, जबकि उसका साथी दीपेश महतो उसी ट्रेन में बेडरोल अटेंडर के रूप में कार्यरत है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी अपने पद का फायदा उठाकर ट्रेनों के माध्यम से गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। जीआरपी पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित लिंक और गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

इस कार्रवाई से साफ है कि पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है, लेकिन तस्कर भी नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। शहडोल जीआरपी उप निरीक्षक आरएम झरिया ने बताया कि पश्चिम बंगाल निवासी मृणाल कांत महतो और झारखंड निवासी दीपेश महतो शहडोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर एक संदिग्ध बैग के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। रूटीन चेकिंग के दौरान उनको पकड़ कर उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से गांजा मिला। गांजा जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

प्रदेश भर के रंग कर्मियों का महाकुंभ, इप्टा का नाट्य महोत्सव तथा राज्य सम्मेलन का होगा आगाज

अनूपपुर

अनूपपुर भारतीय जन नाट्य संघ इप्टा मध्य प्रदेश का दसवां राज्य सम्मेलन एवं नाट्य महोत्सव आगामी 3, 4, 5 अप्रैल को अनूपपुर में होने जा रहा है। जिसमें इप्टा के कार्यकारी अध्यक्ष- राकेश वेद लखनऊ, राष्ट्रीय महासचिव- तनवीर अख्तर पटना, फिल्म अभिनेता- राजेंद्र गुप्ता मुंबई, रंग गर्मी और विचारक- शैलेंद्र रांची, वेदा राकेश लखनऊ सहित खगोल शास्त्री-अमिताभ पांडे दिल्ली विनीत तिवारी राष्ट्रीय सचिव प्रगतिशील लेखक संघ,तथा प्रसिद्ध चित्रकार पंकज दीक्षित, मुकेश बिजौलै बतौर अतिथि शामिल होंगे।

सम्मेलन का उद्घाटन 3 अप्रैल शाम 4 बजे से बेथेल मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल अनूपपुर में होगा। सायं 7:00 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।  जिसमें जनगीत तथा समानांतर इलाहाबाद के द्वारा एक पात्रीय  नाटक असमंजस बाबू का मंचन किया जाएगा4 अप्रैल को सांय धूमिल की कविता पर आधारित एकल नाटक  "पटकथा" का मंचन अभिनेता राजेंद्र गुप्ता द्वारा अभिनीत तथा आर एस विकल के निर्देशक में होगा। रात्रि असगर मेहंदी द्वारा लिखित पटकथा "दास्ताने- ए- अशफाक" प्रस्तुत किया जाएगा जिसमें कलाकार शहजाद रिजवी फरजाना मेहंदी अभिनय करेंगे।

महोत्सव के अंतिम दिन 5 अप्रैल को सायं 7:00 बजे लेखक अशोक बटलर द्वारा लिखित राकेश वेद द्वारा रूपांतरित तथा अनिल रंजन भौमिक के निर्देशन में विवेचना इप्टा जबलपुर के द्वारा नाटक "72 मील" प्रस्तुत किया जाएगा।

उक्ताशय की जानकारी आयोजन समिति की अध्यक्ष अल्लविका पटेल तथा महासचिव लक्ष्मी खेड़िया ने देते हुए इप्टा से जुड़े हुए प्रदेश के समस्त रंग कर्मियों से अपील की है कि इस नाट्य महोत्सव में अवश्य शामिल हों। प्रतिनिधियों के भोजन आवास की व्यवस्था आयोजन समिति के द्वारा की गई है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण कार्य सवालों के घेरे में, सीमेंट का घोल डालकर पुराने पत्थर को बना दिया नया

*ठेकेदार कालीचरण का कारनामा, गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल*

अनूपपुर 

भारतीय रेल ने बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर–कटनी रेलखंड के कई रेलवे स्टेशनों पर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में अमलाई रेलवे स्टेशन भी विकास कार्यों की सूची में शामिल है, जहाँ इन दिनों कार्य प्रगति पर है।लेकिन इस विकास कार्य के बीच गंभीर अनियमितताओं और घटिया निर्माण की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे पूरे प्रोजेक्ट की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अमलाई रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य नियम-कायदों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा और कार्य गुणवत्ता विहीन तरीके से किया जा रहा है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि प्लेटफॉर्म की बुनियाद तैयार करने के लिए नए मटेरियल की बजाय पुराने और जर्जर पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है। ये पत्थर उसी प्लेटफॉर्म से निकाले गए हैं और अब दोबारा इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकते हैं।

इस कार्य को अंजाम देने वाले ठेकेदार कालीचरण का नाम पहले भी विवादों में रह चुका है। बताया जाता है कि प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने के दौरान कथित रूप से अवैध मिट्टी का उपयोग करने के मामले में वह पहले भी सुर्खियों में आ चुका है। अब एक बार फिर उनके कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। 

ऐसे घटिया निर्माण कार्य न केवल यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि भारतीय रेल की स्वच्छ और विश्वसनीय छवि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों में इस मामले को लेकर नाराज़गी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में बड़ा हादसा हो सकता है।

लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ न हो।

समाचार 04 फ़ोटो 04

गैस की मूल्य वृद्धि व अपर्यापता, बिजली दरों में वृद्धि, पेट्रोल डीजल की कमी के विरोध में कांग्रेस ने किया धरना प्रदर्शन

*कलेक्टर के नाम सौपा ज्ञापन*

अनूपपुर

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान के नेतृत्व में जिला मुख्यालय अनूपपुर के रेलवे स्टेशन तिराहा में गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि एवं अपर्याप्त उपलब्धता, बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि एवं पेट्रोल डीजल की कमी के विरोध में धरना प्रदर्शन कर कलेक्टर अनूपपुर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिला कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर में जिले के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी एकत्रित हुए और फिर पैदल मार्च करते हुए हाथों पोस्टर लेकर, नारा लगाते हुए एवं ठेले पर खाली सिलेंडर, मोटर सायकल रख स्टेशन चौक अनूपपुर पहुंचे। जहां पर गुड्डू चौहान की अगुवाई में जिले के समस्त कांग्रेस खाली सिलेंडर रखकर धरने पर बैठ गये और भाजपा सरकार के विरोध में नारे लगाते हुए, एलपीजी गैस सिलेंडर, बिजली बिल के दाम कम करने तथा डीजल पेट्रोल की कमी को पूरा करने की मांग करते हुए जोरदार तरीके से प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख करते हुए बताया गया कि वर्तमान समय में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं अपरिपक्वता के चलते आमजन महंगाई की मार से पहले से ही प्रभावित हैं, उस पर केंद्र की मोदी सरकार द्वारा गैस सिलेंडर के मूल्यों में वृद्धि करके एवं मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा बिजली दरों में बढ़ोतरी करके आम जनमानस का जीना कठिन कर दिया है। साथ ही अनूपपुर जिले सहित पूरे प्रदेश एवं देश में पेट्रोल/डीजल की उपलब्धता भी पर्याप्त मात्रा में नहीं होने से आमजन परेशान हो रहें है। गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बिजली दर वृद्धि के विरोध में यह ज्ञापन जनहित में सौंपा जा रहा है। वैश्विक संघर्ष के कारण उपजे आपूर्ति संकट से आम जनता का जीना दूभर हो गया है और कालाबाजारी भी बढ़ गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार ज्ञापन सौंप मांग है कि गैस, पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई दरें तुरंत वापस ली जाएं और इन्हें उचित मूल्य पर उपलब्ध कराया जाए। गैस एजेंसियों पर सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बिचौलियों पर लगाम कसी जाए। बिजली दरों में की गई वृद्धि को अविलंब वापस लिया जाए। पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। और अंत यह भी उल्लेख किया गया कि यदि शीघ्र ही उक्त समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर व्यापक जन आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन प्रशासन की होगी। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

तालाब में डूबा मासूम, डूबने से हुई मौत, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर निकाला शव

शहडोल 

जिले के हरदी गांव में तालाब में डूबने से दूसरी कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। सुबह एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर शव को बाहर निकाला।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरदी गांव निवासी सात वर्षीय छात्र सीता राम उर्फ कपिल बैगा पिता मेला राम बैगा सोमवार दोपहर अपने घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अपने दो साथियों के साथ घर के पास स्थित बेलहा तालाब में नहाने चला गया। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके और गांव में जाकर लोगों को इसकी जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सोमवार शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तालाब की अधिक गहराई और अंधेरा होने के कारण टीम को सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मंगलवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

एसडीआरएफ के सात सदस्यीय दल ने काफी मशक्कत के बाद बालक के शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी, रेस्क्यू दल के सहयोग से शव पानी से बाहर निकाल लिया गया है ।

रेस्क्यू टीम में कोमल सिंह (पीसी), सैनिक मुकेश, चौथमल दांगी, नरेंद्र सिंह, मोहन सिंह, शारदा पटेल और धर्मेंद्र वैष्णव शामिल रहे, जिन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

कुड्डेश्वर हनुमान जी धाम में मनाया जाएगा भव्य हनुमान जन्मोत्सव, होगा विशाल भंडारा

अनूपपुर/कोतमा

नगर के अत्यंत प्राचीन एवं धार्मिक आस्था के केंद्र कुड्डेश्वर हनुमान जी धाम में 2 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को हनुमान जन्मोत्सव भव्य, दिव्य एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन हनुमान मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में पारंपरिक वैदिक विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5:30 बजे श्री हनुमान जी के अभिषेक एवं विशेष श्रृंगार से होगी। इसके बाद 8:00 बजे हवन-पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। 10:00 बजे आरती एवं 12:00 बजे भोग आरती संपन्न होगी। दोपहर 3:00 बजे से महिला मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

सायं 6:30 बजे भव्य महाआरती आयोजित होगी, जिसमें दीपों की रोशनी, शंखनाद और जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठेगा। इसके पश्चात 7:00 बजे से विशाल भंडारा एवं महाप्रसाद वितरण प्रारंभ किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मंदिर समिति ने बताया कि आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की विशेष तैयारियाँ की गई हैं। स्थानीय स्वयंसेवक भी लगातार सेवा कार्य में सक्रिय रहेंगे। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण के लिए सहयोग की संभावना है।स्थानीय नागरिकों में आयोजन को लेकर भारी उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

एनसीओ आरडी समिति की बैठक संपन्न, जिले को नशा मुक्त बनाने प्रचार प्रसार करने के दिए गए निर्देश

उमरिया 

जिले में नशा मुक्ति अभियान के सक्रिय क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर सभागार में कलेक्टर धरणेन्द्र  कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी कि उपस्थिति में एनसीओ आरडी समिति की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध पुलिस सक्रिय रहकर वैद्यानिक कार्यवाही करे एवं पूर्व से दर्ज प्रकरणों पर पुलिस न्यायालय में तेजी से गवाही करावें। जिससे दोष सिद्ध हो सके एवं दोषी व्यक्ति इस प्रकार के व्यवसाय से दूर रहने की दिशा में मजबूर हो सके। उन्होने कहा कि जनअभियान परिषद्- विभिन्न विभागो / संस्थाओ से समन्वय कर मैराथन, प्रभातफेरी, नशामुक्त प्रदर्शनी का आयोजन करे तथा एनएमबीए एप पर ऑनलाईन एवं ऑफलाईन शपथ के कार्यक्रम आयोजित किए जाए। 

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग कक्षा 8 वीं से 12 वीं तक स्कूल के विद्यार्थियो के लिये आयोजित होने वाले विशेष समर केम्पों में प्रतियोगिताएँ,चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण, रंगोली, ग्राफ्टी वाल फॉर ड्रग संदेश आदि का आयोजन, व्याख्यान, लघुकृत फिल्मो का प्रदर्शन किया जावे। विद्यालय के 100 मीटर के दायरे मे पान/गुटखा की दुकानो पर विकय को प्रतिबंधित किया जावे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मैराथन रैली, नशीली दवाओं के विरूद्ध दौड़, स्वास्थ्य विभाग हस्ताक्षर अभियान, एनएमबीए एप पर ऑनलाईन एवं ऑफलाईन शपथ, तम्बाकू नियंत्रण केन्द्र द्वारा तम्बाकू उत्पदों के सेवन से होने वाली गम्भीर बीमारियों पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी लगाई जाये। बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने कहा कि  केन्द्रीय गृह मंत्री के आव्हान पर केमिकल ड्रग्स के विरूद्ध 1 अप्रैल 2026 से मुहिम चलाई जाए 

समाचार 08

एसपी ने किया पांच हजार का ईनाम घोषित

उमरिया

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 137(2) बी एन एस कि अपह्ता ग्राम सिंहपमर कि दस्तयाबी , गिरफ्तारी के लिए उदघोषणा कि है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर दस्तयाबी, गिरफतारी संभव हो सके उसे पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक उमरिया का अंतिम निर्णय होगा। 

समाचार 09

सर्पप्रहरी ने सांप का रेस्क्यू कर छोड़ जंगल मे

अनूपपुर

जिले में ग्राम हर्री निवासी जय लाल राठौर के घर में अचानक नाग सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सर्पप्रहरी छोटे लाल यादव मौके पर पहुंचे और सतर्कता के साथ सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने सांप को पानी पिलाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। इसके बाद सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में सर्पप्रहरी की सराहना की जा रही है। सर्पप्रहरी छोटेलाल दिन रात लोगो की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

समाचार 10

पुलिस ने अवैध कोयला पीकप सहित किया जप्त

अनूपपुर

थाना भालूमाड़ा की पुलिस टीम द्वारा ग्राम पयारी नम्बर 02 में रेड कार्यवाही कर ठाकुर बाबा के पास के पास ग्राम पयारी नम्बर 2 में एक पिकअप क्र. CG 10 BK 0962 मे चोरी का अवैध लोड कोयला वजन 3 टन कीमती 40,000 रुपये एवं कोयला बिक्री का पैसा कुल 49 हजार रुपये को आरोपी पिकप चालक संतोष कुमार चौधरी पिता धनीराम चौधरी उम्र 42 वर्ष निवासी मुण्डा थाना जैतहरी जिला अनूपपुर के कब्जे से जप्त कर जप्तशुदा पिकअप मय कोयला को लाकर थाना परिसर मे सुरक्षार्थ खडा कराया आरोपी के विरूध अपराध क्र. 104/2026 धारा 303(2),317(5) 4/21 खान खनिज अधिनियम का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया  है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget