समाचार 01 फ़ोटो 01
शातिर गांजा तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 1.235 किलो गांजा सहित बाइक जप्त
अनूपपुर
जिले की बिजुरी पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। धनिया ठेला तिराहा में वाहन चेकिंग के दौरान बेलिया छोट तरफ से एक बिना नंबर की होण्डा कंपनी की एसपी 125 ब्लेक ग्रीन कलर की मोटर साइकल का चालक की संदिग्ध गतिविधि से उसके अवैध कार्य में संलिप्तता की शंका हुई, जो मौके पर उसके मोटर सायकल की डिक्की (झोला) चेकिंग के दौरान उसमें एक सफेद लाल रंग का नंदी लिखा हुआ झोला मिला, जिसे डिक्की से वाहर निकलवाकर चेक किया तो झोला के अन्दर में हरी सुखी पत्तियां , डंठल बीज युक्त जैसा मादक पदार्थ गांजा दिखाई दिया जिसका अवैध क़ब्ज़ा संज्ञेय अपराध है ।
आरोपी चालक का नाम पता पूछने पर अपना नाम अविनाश गुप्ता पिता स्व. राकेश गुप्ता उम्र 23 वर्ष निवासी पत्थर्रा थाना पेंड्रा जिला जीपीएम छ.ग. का होना बताया। अवैध मादक पदार्थ गांजा का बरामदगी पंचनामा तैयार किया गया। आरोपी के कब्जे से बरामद गांजा वजन करने पर 1.235 किलो होना पाया गया जो आरोपी का कृत्य अपराध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का कारित करना पाये जाने से अपराध सदर कायम कर अनुसंधान में लिया गया।
उल्लेखनीय है कि आरोपी गांजा तस्कर के विरूद्ध अपरहण,बलात्कार, हत्या के प्रयास और गांजा तस्करीजैसे गंभीर मामलो के 04 प्रकरण पूर्व से पंजीबध होना पाया गया है। मादक पदार्थ गांजा कुल वजन 1 किलो 235 ग्राम कीमती 12000 रुपये तथा बिना नंबर की होण्डा कंपनी की ब्लैक ग्रीन एसपी 125 मोटर सायकल कीमती 50000 रुपये एवं एक आसमानी कलर का एंड्रायड मोबाईल फोन वीवो कंपनी का कीमती 5000 रुपये, कुल 67000 रुपये का मशरुका जप्त किया गया।
समाचार 02 फ़ोटो 02
कांग्रेसियों के ज्ञापन सौपने के बाद जिला चिकित्सालय में पार्किंग शुल्क हुआ बन्द
अनूपपुर
जिला चिकित्सालय में पार्किंग शुल्क लगाकर वसूली चालू किया गया था, जिससे आमजनों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ने पर जनपद पंचायत अध्यक्ष जैतहरी राजीव सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राम खेलावन राठौर पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष जीवेन्द्र सिंह ने जिला चिकित्सालय जाकर कलेक्टर अनूपपुर से चर्चा कर ज्ञापन सौंपा, इस दौरान सिविल सर्जन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
तत्काल प्रभाव से सिविल सर्जन डॉ एस.आर.परस्ते ने पार्किंग शुल्क समाप्त करने की घोषणा किया और वसूली कर्ताओं को पार्किंग स्थल छोड़ने का मौके पर मौखिक निर्देश दिया। पार्किंग स्थल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नगरपालिका अनूपपुर के पूर्व उपाध्यक्ष जीवेन्द्र सिंह ने कहा कि अस्पताल में मरीज और उनके परिवार जन ईलाज के लिए आते हैं और रोगी कल्याण समिति को 10 रुपए देकर पर्ची कटाते हैं, इसके अतिरिक्त शुल्क देना गरीब मरीजों के लिए आर्थिक बोझ है।
जिला चिकित्सालय परिसर में ही प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र है, जिसमें जेनरिक दवाइयां बहुत सस्ते दामों पर उपलब्ध है जिन्हें 5 रुपये की दवा लेना है, उन्हें भी 20 रुपया पार्किंग शुल्क देना पड़ेगा जो कि सरासर जन औषधि केंद्र की मंशा के विपरीत है।
जनहित की मांग पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए कलेक्टर महोदय ने पार्किंग शुल्क समाप्त करने के निर्देश दिए जिस पर सिविल सर्जन द्वारा तत्काल प्रभाव से पार्किंग शुल्क लेने पर रोक लगा दिया।आदिवासी अंचल के लोगों के लिए बहुत राहत भरी खबर है जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राम खेलावन राठौर ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
सृजन कार्यक्रम में बच्चों को मिला जीवन कौशल प्रशिक्षण व आत्मविश्वास का संचार
सृजन कार्यक्रम से किशोरों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का संचार
अनूपपुर
मध्यप्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिस योजना के अंतर्गत “सृजन कार्यक्रम” का भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन थाना जैतहरी क्षेत्र स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम उप-पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर के दिशा-निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोतिउर्रहमान के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नोडल सृजन कार्यक्रम अनूपपुर जगन्नाथ मरकाम के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
अतिथियों के स्वागत उपरांत सहभागी संस्था “हार्ड” के सुशील शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका मुख्य लक्ष्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को सर्वांगीण विकास हेतु प्रेरित करना है। बच्चों को आत्मरक्षा कौशल, मानसिक एवं शारीरिक सुदृढ़ता, कानूनी साक्षरता, अधिकारों की जानकारी तथा कानून के प्रति जागरूक बनाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही समुदाय और पुलिस के मध्य बेहतर संबंध स्थापित करना भी कार्यक्रम की प्राथमिकता रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा, जीवन कौशल, बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा तथा जेंडर संबंधी मुद्दों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विशेष स्वास्थ्य सत्र में बी.सी.एम. कोमल सिंह मार्को ने पोषण एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। सृजन का अर्थ रचना है, और जीवन में निरंतर सकारात्मक सृजन होता रहना चाहिए। आपने इस कार्यक्रम में जो सीखा है, उसे अपने जीवन में अपनाकर आगे बढ़ें, यही सच्ची सफलता है।
सृजन मास्टर ट्रेनर एवं उपनिरीक्षक प्रभात मिश्रा ने बच्चों को प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए उसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में पुलिस विभाग द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा विद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का सफल संचालन राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर नशा मुक्ति भारत अभियान एवं नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल स्टेट रेफरी श्री दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा किया गया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
श्रमिक नियोजन बढ़कर लेबर बजट का लक्ष्य पूर्ण करें, ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश
अनूपपुर
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने ग्रीष्मकालीन ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल समस्या के निदान के लिए बिगड़े हैंडपंपों को सुधारने, नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत के टैंकर में सुधार कार्य/ मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत सीईओ जिला पंचायत सभागार में ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हैं उक्ताशय के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत,जनपद पंचायत के अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री उपस्थित थे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने गौशालाओं में बोरवेल के माध्यम से पेयजल सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तकनीकी अमले के साथ संयुक्त भ्रमण कर पेयजल सुविधा के उपलब्धता के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने ग्राम पंचायत में जल समस्या से संबंधित रजिस्टर का संधारण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत को स्वायत्त बनाने के लिए स्व करारोपण पद्धति के पालन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वच्छता, नल जल, प्रकाश, संपत्ति कर तथा भवन अनुज्ञा के माध्यम से करो की वसूली के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भवन अनुज्ञा आवेदन ग्राम पंचायत में प्राप्त किया जाए तथा विधिवत निर्माण की अनुमति दी जाए पोर्टल से भी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं। बैठक में बकाया विद्युत बिल के भुगतान तथा अनावश्यक विद्युत कनेक्शन को विच्छेद करने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाचार 05 फ़ोटो 05
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ
अनुपपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प और विश्वास के अनुरूप किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने हेतु एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कलेक्टर अनुपपुर हर्षल पंचोली द्वारा जिला चिकित्सालय अनुपपुर में किया गया।
जिले की किशोरियों के लिए यह एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य पहल है। 28 फरवरी 2026 से प्रारंभ यह विशेष टीकाकरण अभियान 09 से 15 वर्ष 3 माह आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के लगभग 99 प्रतिशत मामलों का प्रमुख कारण एचपीवी वायरस है, जिससे बचाव के लिए यह टीका अत्यंत प्रभावी माना जाता है।
शुभारंभ उपरांत कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की, अस्पताल की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा ओपीडी सेवाओं के संचालन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। टीकाकर्मी मधु पाल द्वारा किशोरी को एचपीवी टीका लगाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय की समस्त टीकाकरण टीम कार्यक्रम में उपस्थित रही।
समाचार 06 फ़ोटो 06
राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ, 3 माह तक चलेगा एचपीवी टीकाकरण अभियान
शहडोल
महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रगति का आधार है। सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे जानलेवा कैंसर है। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है।
अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएँ टीकाकरण के लिए पात्र होंगी। साथ ही, अभियान प्रारंभ होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली बालिकाएँ भी पात्र मानी जाएँगी। यह टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है तथा अभिभावक की सहमति अनिवार्य होगी। निर्धारित अनुसार 0.5 मि.ली. की एकल खुराक इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी। एचपीवी टीकाकरण केवल शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र, जिला अस्पताल और शासकीय मेडिकल कॉलेज जिनमें चिकित्सा अधिकारी उपलब्ध हैं, में किया जायेगा। टीकाकरण के पश्चात बालिका को 30 मिनट तक अवलोकन में रखा जाएगा। अभियान अवधि के दौरान प्रतिदिन टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने बताया कि राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण के लिए जिले में जहां कोल्ड चौन सेंटर उपलब्ध है वहां टीकाकरण केंद्र बनाएं गएं है। जिलें में इसके लिए 9 स्वास्थ्य केंद्रो का चयन किया गया है। जिसमें जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज शहडोल, सिविल अस्पताल, बुढार, जयसिंहनगर एवं ब्यौहारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहपारू, सिंहपुर शामिल है। इसके अतिरिक्त जैतपुर एवं ब्यौहारी क्षेत्र में निपनिया में भी वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित किया जा रहा है। वैक्सीनेशन सेंटर में हितग्राहियो को उपस्थित होकर टीकाकरण कराना होगा।
समाचार 07
रीजनल अस्पताल के डॉक्टर दीनबंधु हुए सेवानिवृत
अनूपपुर
कोतमा एसईसीएल के रीजनल अस्पताल जमुना कोतमा क्षेत्र में पदस्थ डॉक्टर दीनबंधु आज सेवानिवृत हुए । सेवानिवृत होने पर उन्हें कोतमा क्षेत्र के लोगों ने अपनी नम आंखों से विदाई दी और डॉक्टर साहब को बेहतर कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दी। 11 वर्षों से डॉक्टर दीनबंधु ने जमुना कोतमा क्षेत्र के रीजनल अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। करोना काल के भयावह बीमारी के समय रीजनल अस्पताल में करोनाइंचार्ज के रूप में इन्होंने 106 मरीजों में सभी मरीजों को स्वस्थ करके उनके घर भेज था । जबकि डॉक्टर साहब स्वयं करोना की चपेट में आ गए थे। दीनबंधु हार्ट के स्पेशलिस्ट माने जाते रहे और उन्होंने जमुना कोतमा क्षेत्र के हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान कर उन्हें नया जीवन दिया और हृदय संबंधी बीमारियों में कमियां भी लाए।
समाचार 08
कलेक्टर ने उत्कृष्ट विद्यालय की परीक्षा का किया निरीक्षण
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने जिला मुख्यालय उमरिया के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया तथा शासकीय सज्जन उत्कृष्ट विद्यालय उमरिया में हाई स्कूल कि विज्ञान विषय की परीक्षा का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान परीक्षाएं शांति पूर्ण ढंग से संपन्न होना पाया गया। निरीक्षण के दौरान कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया में दर्ज 300 विद्यार्थियों में से 283 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी वहीं 17 विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए । इसी तरह शासकीय सज्जन उत्कृट विद्यालय उमरिया में आयोजित विज्ञान की परीक्षा मे कुल दर्ज 339 में से 337 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी वहीं दो विद्यार्थी अनुपस्थित रहे । निरीक्षण के दौरान शासकीय सज्ज्न उत्कृष्ट विद्यालय उमरिया में पर्याप्त संख्या में रोशनी करने के निर्देश दिए गए । इस दौरान संबंधित परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्ष उपस्थित रहे।
समाचार 09
पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित
उमरिया
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने अपृहता निवासी ग्राम बैगांव थाना मानपुर जिला उमरिया के अपराध क्रमांक 49/2026 धारा 137(2) बी एन एस के तहत कहा है कि जो व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर दस्तयाबी,गिरफ्तारी संभव हो उसे पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा । ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक जिला उमरिया का अंतिम निर्णय मान्य होगा ।
समाचार 10
डीएफओ ने वनरक्षक पटासी को किया निलंबित
शहडोल
वन मंडलाधिकारी, दक्षिण वन मंडल शहडोल श्रद्धा पेंद्रे ने वन मण्डल दक्षिण शहडोल में वन परिक्षेत्र शहडोल अंतर्गत बीटगार्ड पटासी में पदस्थ श्री शिवप्रसाद मरकाम, वनरक्षक को बिना किसी सूचना के स्वेच्छापूर्वक दिनांक 18 सितंबर 2025 से अपने कर्तव्य ड्यूटी व मुख्यालय से अनुपस्थित रहने एवं अनाधिकृत रूप से शासकीय सुरक्षा की राशि आहरण कर इनके द्वारा सुरक्षा श्रमिकों का भुगतान भी नहीं करने के फलस्वरूप म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 09 के प्रावधान अंतर्गत शिवप्रसाद मरकाम, वनरक्षक, वन परिक्षेत्र शहडोल बीटगार्ड पटासी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेष में कहा गया है कि निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय वन परिक्षेत्र केशवाही होगा एवं निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
समाचार 11
अनुराग ने पास की सीएस की परीक्षा
शहडोल
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शहडोल कार्यालय में पदस्थ लिपिक संतोष सिँह के सुपुत्र अनुराग सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से 'कंपनी सेक्रेटरी' (CS) की परीक्षा उत्तीर्ण की है। अनुराग सिंह अब एक प्रोफेशनल कंपनी सेक्रेटरी (CS) बन चुके है। वर्तमान समय अनुराग जे एस डब्ल्यू इंफ़्रा मुंबई में सेक्रेट्रियल कंसल्टेंट के रूप में कार्यरत है। विदित हो कि किसी भी बड़ी एवं मल्टी नेशनल कंपनी में सीएस यानी कंपनी सेकेट्री का पद बहुत ही महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी वाला होता है। जो कि कंपनी संचालन में भी अहम् भूमिका भी निभाता है। निश्चित श्री सिंह पुत्र की यह सफलता सभी के लिए गर्व की बात है।