समाचार 01 फ़ोटो 01

अज्ञात लोगो ने वृद्ध भिखारी की निर्मम हत्या, पुलिस जांच में जुटी, ,पुलिस की गश्त पर सवाल

शहडोल

जिला मुख्यालय पुरानी बस्ती स्थित नूरी मस्जिद और मजार के पास रेलवे लोको कॉलोनी के एक मकान में रहने वाले लगभग 60 से 70 वर्ष के वृद्ध, जिन्हें मोहल्ले के लोग प्यार से “दद्दा” और “बाबा फ़क़ीर” कहकर पुकारते थे, संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और पुलिस गश्त की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जाता है कि बाबा फ़क़ीर वर्षों पहले भीख मांगकर अपना जीवन यापन करते थे। उम्र बढ़ने और शरीर के जवाब देने के बाद मोहल्ले के लोगों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए उनकी जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली थी। किसी ने सुबह का नाश्ता तय कर लिया था, कोई दिन का भोजन पहुंचाता था, तो कोई रात का खाना देता था। कई लोग पैसे, कपड़े, जूते-चप्पल और दवाइयों की व्यवस्था कर उनकी सेवा करते थे। मोहल्ले के लोगों के अनुसार बाबा बेहद नेक और सरल स्वभाव के इंसान थे। उनके पास हर धर्म के लोग हिंदू और मुस्लिम आते थे और उनका आशीर्वाद लेते थे। लोगों का विश्वास था कि बाबा की दुआ से परेशानियां दूर हो जाती थीं।

सूत्रों के मुताबिक गुरुवार सुबह जब एक व्यक्ति रोज की तरह बाबा को नाश्ता देने पहुंचा तो मकान का दरवाजा खुला मिला। अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गया बाबा खून से लथपथ पड़े थे। सिर के पीछे और नाक पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान बताए जा रहे हैं।तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मोहल्ले के लोगों ने आशंका जताई है कि कुछ नशेड़ी तत्व पहले भी बाबा को परेशान करते थे। उनका मानना है कि लाचार वृद्ध से पैसे छीनने की नीयत से यह वारदात अंजाम दी गई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और जांच जारी होने की बात कही है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

छात्राओं ने सड़क पर उतरकर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ किया था प्रदर्शन, कमिश्नर ने किया निलंबित

उमरिया

जिले के मानपुर में बीते दिनों शबरी माता कन्या परिसर की छात्राओं के द्वारा सड़क पर उतरकर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ प्रदर्शन करना प्रभारी प्राचार्य अमरजीत द्विवेदी को महंगा पड़ गया। मामले की जांच उपरांत जिले के कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के प्रतिवेदन पर शहडोल संभाग की कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने सस्पेंड कर दिया है। निलंबन अवधि में अमरजीत द्विवेदी का मुख्यालय कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य, नियत किया जाता है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

कमिश्नर शहडोल संभाग व्दारा अमरजीत व्दिवेदी उच्च माध्यमिक शिक्षक प्रभारी प्राचार्य माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर मानपुर को निलंबन के किए जाने पश्चात कलेक्टर उमरिया धरणेन्द्र कुमार जैन ने अरनोद कुमार शुक्ला प्रभारी प्राचार्य माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर उमरिया को आगामी आदेश पर्यन्त अपने कार्य के साथ साथ प्राचार्य माता शबरी शिक्षा परिसर मानपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

विदित हो कि कमिश्नर शहडोल को कलेकटर उमरिया द्वारा अवगत कराया गया कि 20 फरवरी 2026 को माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर मानपुर की करीब 200 छात्राओं द्वारा रोड पर प्रदर्शन करने का वीडियो संज्ञान में आया हुआ है। उक्त प्रदर्शन में छात्राएं काफी आक्रोशित दिखी । घटना की जांच सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला उमरिया द्वारा दल गठित कर 20 फरवरी 2026 को करायी गयी। जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में लेख किया गया कि माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर मानपुर की छात्राएं प्रभारी प्राचार्य अमरजीत द्विवेदी (उच्च माध्यमिक शिक्षक) के अनैतिक व्यवहार एवं क्रियाकलापों से शुब्द्ध होकर आन्दोलन कर रही थी।

समाचार 03 फ़ोटो 03

भारतीय रेलवे मजदूर संघ का विभिन्न मांगों पर प्रदर्शन, कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर प्रशासन से हुई चर्चा

शहडोल

भारतीय मजदूर संघ के अधिवेशन में लिए गए निर्णय के तहत राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा के क्रम में भारतीय रेलवे मजदूर संघ ने भी विभिन्न मांगों को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया। इसी कड़ी में बिलासपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया।

राष्ट्रीय महामंत्री संतोष पटेल की उपस्थिति में तथा मंडल सचिव प्रोम्पी सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों की लंबित एवं ज्वलंत समस्याएं प्रधान कार्मिक अधिकारी, सचिव महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर के समक्ष विस्तार से रखी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राकेश साहू ने की। प्रशासन के साथ विभिन्न बिंदुओं पर गंभीर चर्चा हुई और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

संघ की मांग पर मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिया कि सर्वाइकल कैंसर के टीके अब केवल बिलासपुर मुख्यालय ही नहीं, बल्कि सभी उप मंडलीय चिकित्सालयों में भी उपलब्ध कराए जाएंगे। रनिंग कर्मचारियों के लिए न्यूनतम माइलेज 120 करने, ओवरटाइम भुगतान, प्राइवेट मेडिकल सुविधा बहाल करने और लंबित ट्रांसफर प्रकरणों के निपटारे की मांग उठाई गई।

C&W विभाग में 12 घंटे ड्यूटी व्यवस्था संतुलित करने, पिट लाइन में जलभराव की समस्या दूर करने, स्टाफ की कमी पूरी करने तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इंजीनियरिंग विभाग में ट्रैक मेंटेनरों को सेफ्टी गियर और भत्तों के भुगतान की मांग की गई। सिग्नल विभाग में पदोन्नति एवं LDCE परीक्षा नियमित कराने का मुद्दा प्रमुख रहा।

संघ ने स्पष्ट किया कि ये सभी मुद्दे कर्मचारी हित और सुरक्षा से जुड़े हैं। प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संघ ने कहा कि समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।

समाचार 04 फ़ोटो 04

रेल्वे स्टेशन छुलहा में ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए ग्रामीणों ने सांसद को सौपा ज्ञापन

अनूपपुर

रेल्वे स्टेशन छुलहा में ट्रेनों के स्टॉपेज को पूर्ववत कराये जाने हेतु लोकसभा क्षेत्र के सांसद हिमाद्री सिंह को सेंदुरी के ग्रामीणों ने ज्ञापन सौपा है।

विषयांतर्गत के संबंध में लेख किया है कि रेल्वे स्टेशन छुलहा ग्राम सेन्दुरी, छुलहा, मौहरी, अमगवाँ व बेला, पिपरिया पंचायत के करीबी व सुगम यातायात हेतु करीबी रेल्वे स्टेशन है, जहाँ से उक्त ग्रामों की जनता, छात्र-छात्रा, मजदूर व किसान आदि अपनी सुगम, सरल व सहज यात्रा हेतु ट्रेनों की सुविधा का लाभ लेते रहे हैं। उक्त गाँव बड़े ग्राम पंचायत हैं जहाँ पर लगभग 25000 के जनसंख्या है।

उक्त क्षेत्र कृषि प्रधान आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है जहाँ सुविधाओं की बहुत आवश्यकतायें हैं, किंतु कोराना कॉल के समय से ट्रेनों के बदले परिचालन व स्टॉपेज के कारण प्राप्त सुविधाओं से भी यहाँ की जनता वंचित हो गई है। पहले छुलहा रेल्वे स्टेशन में बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस, रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस, भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस, बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस, इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस व बिलासपुर-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज थी जो बाधित है व यहाँ की जनता उक्त सेवाओं से वंचित होकर असुविधा का शिकार व आर्थिक क्षति का शिकार है।

यहाँ के छात्र-छात्रा, फौजी जवान, नौकरी पेशा व्यक्ति, किसान व आम आदमी आवश्यक कार्य हेतु लम्बी यात्रा जो शिक्षा के लिये, स्वास्थ्य के लिये व बाजार व अन्य सेवाओं के लिये उक्त ट्रेनों के सस्ते सुगम यात्रा व सेवा से वंचित हैं। जन हित में उक्त ट्रनों का स्टॉपेज छुलहा रेल्वे स्टेशन में पूर्ववत बहाल कराने व सुविधा का लाभ दिलाया जाना अति आवश्यक है। वहीं छुलहा-मौहरी रेल्वे लाईन में मानव रहित फाटक बंद कर दी गई है उस पर अण्डर ब्रिज आवश्यक है, जिससे किसानों के 100 एकड़ से भी अधिक भूमि पर कृषि कार्य जो बाधित पुनः सुचारू रूप से हो सके। ग्रामीण जन भारी मात्रा में उपस्थित होकर स्टेशन मास्टर को उक्त वावत ज्ञापन सौंप चुके हैं किंतु कोई कार्यवाही अब तक नहीं हो सका है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

उप जेल में पदस्थ जेल प्रहरी की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, हुई मौत

शहडोल

जिले के ब्यौहारी उप जेल में पदस्थ एक जेल प्रहरी की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब प्रहरी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे और रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी जान चली गई।

पुलिस के अनुसार मृतक प्रहरी की पहचान 29 वर्षीय अभिषेक सिंह के रूप में हुई है, जो उप जेल ब्यौहारी में पदस्थ थे। गुरुवार तड़के उनकी सुबह की शिफ्ट थी। वे अपने कमरे से बाइक लेकर ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायालय के सामने उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा भिड़ी।

हादसे में अभिषेक सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने घायल अवस्था में उन्हें देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया।

घटना की जानकारी मिलते ही उप जेल ब्यौहारी के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। साथी कर्मचारी अपने सहकर्मी की असमय मौत से स्तब्ध नजर आए। अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।युवा प्रहरी की अचानक मौत से विभाग में शोक का माहौल है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

बिना चबूतरा निर्माण के आहरित की धन राशि, ग्राम पंचायत बिछिया में बह रही भष्ट्राचार की गंगा 

उपयंत्री 

उमरिया 

जिले के करकेली जनपद पंचायत की दुरांचल में स्थित ग्राम पंचायत बिछिया भष्ट्राचार का अखाड़ा बनकर रह गया है। इस ग्राम पंचायत में घटिया निर्माण कार्यों का पुराना इतिहास तो पहले से ही जग जाहिर बना हुआ है ही उन कार्यों में प्रशासनिक अधिकारियों की संलिप्तता से ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव इतने हौसले बुलंद है की अब बिना निर्माण कार्य किये बिना ही शासकीय धन राशि को आहरित कर हजम करने का खेल जारी है। विदित होवे की बिछिया ग्राम पंचायत में ठाकुर देव  के पास चबूतरा निर्माण के लिए 02 अक्टूबर 2025 को 1.78.000 (एक लाख अठहत्तर हजार) रूपये की लागत से पांचवे वित्त योजना से प्राप्त राशि से स्वीकृत किया गया था, जो कार्य शुरू नहीं किया गया, लेकिन कार्य के लिये स्वीकृत राशि को फर्जी देयको के आधार पर आहरित किया गया है, जो देयक लगाये गये हैं, उनमें श्री राम टेडर्स का राड और सीमेंट का देयक बिना नंबर के 25-1-26 का पांच क्विंटल राड का 5500.00 रूपये की दर से 27500.00और सीमेंट 103 बोरी दर 300.00 के मान से 31500.00 कुल राशि 59000.00 की आहरित की गयी है , इसी तरह सेंटरिंग के नाम पर माँ बिरासनी टेडर्स सुन्दर दादर तिवनी का 20100.00 रूपये का बिल 23-2-26 को आहरित कर लिया गया है। जानकार सूत्रों का कहना है की माँ टेडर्स सुन्दर दादर में सेंटिंग की कोई दूकान संचालित नही है,फिर भी ऐरे गैरे नत्थू खैरो के नाम पर फर्जी बिल लगाकर शासकीय धन राशि को हजम किया जा रहा है।  इस तरह बिना चबूतरा निर्माण कार्य के ही शासकीय धन राशि की होली खेली जा रही है। बिछिया ग्राम पंचायत का यह कोई पहला मामला सामने नहीं आया है, इस तरह दर्जनों निर्माण कार्यों के नाम पर शासकीय धन राशि आहरित कर सरपंच सचिव हजम करने में जुटे हुए हैं। यह धांधली न सिर्फ ग्राम पंचायत की कार्य ऐजेन्सी कर रही है, इसमें उपयंत्री की संलिप्तता भी बनी हुई है। विदित होवे की यहाँ पर वही उपयंत्री पदस्थ है जो की इसके पहले पाली जनपद पंचायत में पदस्थ रहते हुए लंबी शासकीय धन राशि की चपत लगायी है और जिसका दंश वहा के रोजगार सहायक को आज भी निलंबन के रूप में भुगतना पड़ रहा है। ध्यान देने योग्य है की उमरिया जिले में इस तरह के फर्जी वाडे ग्राम पंचायतों में खूब फल फूल रहे हैं, जिनमें इन पंचायतों के उपयंत्री की सग्गाममित्ती बनी रहती है, फिर भी कभी भी उपयंत्री के ऊपर वैधानिक कार्यवाही नहीं की जाती। बिछिया ग्राम पंचायत में इन तीनों की जोड़ी विकास कार्यों के नाम पर शासकीय धन राशि का लंबी चपत लगाने में जुटे हुए हैं। देखना लाजिमी होगा की जिला प्रशासन ऐसे घोटाले बाजों के विरुद्ध क्या कदम उठाती है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

शोभा नामदेव हत्याकांड में एक माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली, परिजनों ने भालूमाड़ा थाना प्रभारी पर लगाए लापरवाही के आरोप

पीपुल्स समाचार कोतमा/ अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत दारसागर क्षेत्र में हुई एक संदिग्ध हत्या के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली अब सवालों के घेरे में है। 10 जनवरी 2026 को बागडुमरा रोड से भाद की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर बरामद हुए शव के मामले में एक महीना बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

क्या था पूरा मामला ? बीते 10 जनवरी को ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव और उसके पास ही एक दोपहिया वाहन देखा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त भालूमाड़ा के 03 नंबर दफाई निवासी शोभा नामदेव के रूप में की थी। घटनास्थल की स्थिति और शरीर पर मौजूद चोटों के निशान प्रथम दृष्टया हत्या की ओर इशारा कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।

परिजनों का फूटा गुस्सा घटना के लगभग 30 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में कोई ठोस प्रगति न होने से मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों का सीधा आरोप है कि भालूमाड़ा थाना प्रभारी द्वारा मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। उनका कहना है कि पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ करने या साक्ष्य जुटाने में कोई सक्रियता नहीं दिखाई है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे उच्चाधिकारियों के समक्ष गुहार लगाएंगे और आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

पुलिस की चुप्पी पर सवाल- क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि दिनदहाड़े हुई इस संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस अब तक किसी नतीजे पर क्यों नहीं पहुंच पाई? क्या साक्ष्यों की कमी है या जांच में जानबूझकर ढिलाई बरती जा रही है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

राम पथ गमन में गढ़िया-गधियां को शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया जेपी साहू ने

अनूपपुर

राम वन गमन पथ अंतर्गत गढ़िया-गधियां (सीतामढ़ी क्षेत्र) को शामिल किए जाने के निर्णय पर सनातन एकता यात्रा के संयोजक जेपी साहू ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे क्षेत्र की धार्मिक आस्था, प्राचीन मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान से जुड़ा ऐतिहासिक निर्णय बताया।

जेपी साहू ने कहा कि गढ़िया-गधियां क्षेत्र को लेकर स्थानीय जनश्रुतियों में यह मान्यता रही है कि वनवास काल के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का इस क्षेत्र से संबंध रहा। वर्षों से श्रद्धालु इस स्थल को आस्था केंद्र के रूप में पूजते आ रहे हैं। यहां स्थित प्राचीन गुफाएं, प्राकृतिक शिलाएं और पारंपरिक धार्मिक आयोजन इस बात के साक्षी माने जाते हैं कि यह स्थल धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।

उन्होंने बताया कि लंबे समय से सामाजिक संगठनों, धर्मप्रेमियों और क्षेत्रवासियों द्वारा इस स्थल को राम पथ गमन योजना में शामिल करने की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शहडोल आगमन के दौरान यह विषय प्रमुखता से रखा गया, जिस पर सकारात्मक निर्णय लिया गया। साहू ने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक घोषणा नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक अस्मिता का सम्मान है।

जेपी साहू के अनुसार, राम पथ गमन में शामिल होने से गढ़िया-गधियां क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास होगा। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी, बल्कि आने वाले समय में यह स्थल प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

समाचार 09

मालवाहक में लगी आग, जलकर हुई खाक

उमरिया

उमरिया लालपुर के समीप हाईवे सड़क मार्ग बिना पैलेस के सामने खड़ी छोटा हाथी गाड़ी में अचानक आग लग गई और धू धू कर आग के गोला में तब्दील होकर जल कर खाक हो गई, बाद में नगर पालिका परिषद की फायर बिग्रेड ने आकर आग पर काबू पाया, घटना के संबंध में क्षेत्रीय लोगों ने जानकारी बताए यह गाड़ी राजेश चौधरी के परिवार के लोगों की है जो यही लालपुर में  रहते हैं, माल भाड़े ढोने का काम करते हैं और इसी लाइन में हरिओम ट्रेडर्स उत्सव ट्रेडर्स वीणा ट्रेडर्स और अन्य ट्रेडर्स के यहां से माल को अन्य स्थानो पर पहुंचने काम करते हैं, अभी तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है की गाड़ी में आगे किन परिस्थितियों में लगी है या किसी ने लगाई है यह जांच का विषय बना है, जिसके शिकायत पुलिस में कर दी गई है मामले की पुलिस जांच कर रही है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget