केंद्रीय प्रभारी हरीश चौधरी ने जाना वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार त्रिपाठी का हाल, संगठन मज़बूती पर बनी रणनीति
अनूपपुर
मध्यप्रदेश कांग्रेस के केंद्रीय प्रभारी हरीश चौधरी ने अपने अनूपपुर प्रवास के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश सचिव पंडित प्रेम कुमार त्रिपाठी से उनके नगर स्थित निवास पर भेंट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। हरीश चौधरी का यह सौजन्य मुलाक़ात केवल कुशलक्षेम पूछने तक सीमित नहीं रही बल्कि जिले में कांग्रेस संगठन को नए सिरे से और अधिक मज़बूत बनाने को लेकर हुई महत्वपूर्ण राजनीतिक चर्चा इसका मुख्य केंद्र रही।
इस दौरान हरीश चौधरी ने त्रिपाठी
से कांग्रेस की वर्तमान परिस्थितियों, संगठन की स्थानीय वास्तविकताओं तथा आगामी दिनों की रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम गुड्डू चौहान, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, कोतमा के पूर्व विधायक सुनील सराफ, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह, पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष राजन राठौड़ तथा वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद रियाज़ अहमद भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय प्रभारी हरीश चौधरी का स्वागत कांग्रेस नेता आशीष त्रिपाठी एवं उनकी पुत्र वधू वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद डॉ. प्रवीण आशीष त्रिपाठी ने तिलक लगाकर किया। त्रिपाठी परिवार ने हरीश चौधरी के संघर्षों एवं प्रयासों को सफल परिणति मिलने हेतु ईश्वर से प्रार्थना भी की। चर्चा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पंडित त्रिपाठी जी से मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए जिले में संगठन को सुदृढ़ बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। हरीश चौधरी ने भी त्रिपाठी जी से जिला कांग्रेस कमेटी को समय-समय पर दिशा-निर्देश प्रदान करते रहने का अनुरोध किया।

