बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नर बाघ का मिला शव, किया गया दाह संस्कार, मौत का का अज्ञात
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नर बाघ का मिला शव, किया गया दाह संस्कार, मौत का का अज्ञात
उमरिया
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र में बिजौरी सर्कल अंतर्गत देवरी-बी बीट में नियमित वन गश्ती के दौरान एक नर बाघ का शव बरामद किया गया। मृत बाघ की अनुमानित आयु लगभग 08 से 10 वर्ष थी।
पैदल गश्ती के दौरान बीट प्रभारी देवरी ब एवं सुरक्षा श्रमिक द्वारा सर्वप्रथम बाघ का शव देखा गया। सूचना प्राप्त होते ही सहायक संचालक मानपुर एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार घटनास्थल की घेराबंदी कर आवश्यक सुरक्षा एवं साक्ष्य सुरक्षा संबंधी कार्यवाही की गई। मृत बाघ के शव को नियमानुसार सुरक्षित रखा गया। घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में शहडोल से बुलाए गए डॉग स्क्वाड, मेटल डिटेक्टर तथा वन विभाग के मैदानी अमले की सहायता से सघन सर्चिंग एवं गश्ती की गई, ताकि किसी भी संभावित संदिग्ध गतिविधि अथवा महत्वपूर्ण साक्ष्य का पता लगाया जा सके। कुछ भी संदिग्ध प्राप्त नहीं हुआ
मृत नर बाघ का शव विच्छेदन कर मृत बाघ के समस्त अवयव, नाखून, दांत आदि सुरक्षित पाए गए. शव विच्छेदन के दौरान आवश्यक परीक्षण एवं नमूना संकलन की कार्यवाही की गई। इसके उपरांत निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मृत बाघ का दाह संस्कार किया गया।
बाघ की मृत्यु का वास्तविक कारण फिलहाल अज्ञात है। शव विच्छेदन के दौरान संकलित नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।


