बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नर बाघ का मिला शव, किया गया दाह संस्कार, मौत का का अज्ञात 


उमरिया 

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र में बिजौरी सर्कल अंतर्गत देवरी-बी बीट में नियमित वन गश्ती के दौरान एक नर बाघ का शव बरामद किया गया। मृत बाघ की अनुमानित आयु लगभग 08 से 10 वर्ष थी।

पैदल गश्ती के दौरान बीट प्रभारी देवरी ब एवं सुरक्षा श्रमिक द्वारा सर्वप्रथम बाघ का शव देखा गया। सूचना प्राप्त होते ही सहायक संचालक मानपुर एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। 

राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार घटनास्थल की घेराबंदी कर आवश्यक सुरक्षा एवं साक्ष्य सुरक्षा संबंधी कार्यवाही की गई। मृत बाघ के शव को नियमानुसार सुरक्षित रखा गया। घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में शहडोल से बुलाए गए डॉग स्क्वाड, मेटल डिटेक्टर तथा वन विभाग के मैदानी अमले की सहायता से सघन सर्चिंग एवं गश्ती की गई, ताकि किसी भी संभावित संदिग्ध गतिविधि अथवा महत्वपूर्ण साक्ष्य का पता लगाया जा सके। कुछ भी संदिग्ध प्राप्त नहीं हुआ

मृत नर बाघ का शव विच्छेदन कर मृत बाघ के समस्त अवयव, नाखून,  दांत आदि सुरक्षित पाए गए. शव विच्छेदन के दौरान आवश्यक परीक्षण एवं नमूना संकलन की कार्यवाही की गई। इसके उपरांत निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मृत बाघ का दाह संस्कार किया गया।

बाघ की मृत्यु का वास्तविक कारण फिलहाल अज्ञात है। शव विच्छेदन के दौरान संकलित नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक को मौत, एक घायल 


अनूपपुर 

अनूपपुर जिले के बदरा-सकोला निवासी दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए उमरिया जिले के पाली से बाइक द्वारा वापस घर लौटते समय रात करीब 9 बजे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय उमरिया में भर्ती कराया गया है जहां से उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया है

राजेश कुशवाहा का लगभग 25 वर्षीय पुत्र ईमान कुशवाहा अपने साथी अमन विश्वकर्मा के साथ निजी कार्य से पाली गया था दोनों युवक महाराष्ट्र में काम करते थे और दीपावली की छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे निजी कार्य पूरा करने के बाद दोनों बाइक से पाली से वापस बदरा-सकोला लौट रहे थे।

रास्ते में उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया

दुर्घटना में ईमान कुशवाहा को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसके साथी अमन विश्वकर्मा को गंभीर चोटें आई हैं अमन को जिला चिकित्सालय उमरिया में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया है।

मालाचुआ से चोरी हुई खैर की लकड़ी अनूपपुर में पकड़ाई, वन विभाग की कार्यवाही, संदेही हुए फरार


अनूपपुर 

घुनघुटी वन परिक्षेत्र के मालाचुआ में पहले से जब्त शासकीय लकड़ी, जो तस्करों ने उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र के मालाचुआ जंगल चौकी से चुराकर अनूपपुर में स्टोर कर रखी थी, उसको बरामद करने में वन विभाग को बड़ी सफलता हासिल हुई है। बताया जाता है कि बीते दिनों मालाचुआ वन चौकी से खैर की एक पीअप लकड़ी को तस्करों ने पार कर दिया था, घटना के दौरान वन विभाग का अमला रात में गश्ती पर गया था, पहले से घात लगाए तस्करों ने मौके का फायदा उठाते हुए चौकी की लकड़ी को ही पार कर दिया था, जब वन अमला वापस आया तो उसके पैरों की जमीन ही खिसक गई, तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना देते हुए मामले की छानबीन में जुट गए। 

घटना के बाद वन विभाग के सामने चोरी गई लकड़ी का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों तक पहुंचने की चुनौती थी, वन अमला लगातार अपने स्तर पर जानकारी जुटा रहा था, स्थानीय स्तर पर पतासाजी के साथ संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही थी। इसी बीच मुखबिर तंत्र से वन विभाग को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि मालाचुआ से चोरी की गई खैर की लकड़ी अनूपपुर जिले के ग्राम बकही में रखी गई है, सूचना मिलते ही घुनघुटी वन परिक्षेत्र की टीम सक्रिय हुई और अनूपपुर पहुंचकर बताए गए स्थान पर दबिश दी, मौके पर पहुंची टीम ने तलाशी के दौरान चोरी गई पूरी लकड़ी बरामद कर ली, बरामद लकड़ी की मात्रा लगभग एक पीअप वाहन में लोड होने के बराबर बताई जा रही है। वन विभाग की इस कार्रवाई में लकड़ी तो मिल गई, लेकिन दो संदेही आरोपियों के फरार होने से मामला अभी पूरी तरह सुलझा नहीं है, बताया जा रहा है कि दोनों संदेही शहडोल जिले के निवासी हैं, कार्रवाई के दौरान उनके मौके से फरार होने के बाद वन अमला उनकी तलाश में जुट गया है, संभावित ठिकानों पर पतासाजी की जा रही है। 

मालाचुआ से चोरी हुई खैर की लकड़ी का अनूपपुर जिले के बकही गांव में मिलना इस मामले का महत्वपूर्ण पहलू है, इससे साफ है कि चोरी की गई लकड़ी को घटनास्थल से दूर ले जाया गया था, वन विभाग ने लकड़ी बरामद कर बड़ी सफलता जरूर हासिल की है, लेकिन अब असली चुनौती फरार संदेहियों तक पहुंचने की है, उनकी गिरफ्तारी के बाद ही चोरी की पूरी कहानी और लकड़ी को दूसरे जिले तक पहुंचाने से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget