जेसीबी से मकान का पुराना दीवार गिराते समय मलबे में दबा मासूम, अस्पताल पहुँचने से पहले हुई मौत


शहडोल 

गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम भदवाही में पुराने मकान को गिराने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जेसीबी मशीन से गिराई जा रही दीवार का मलबा चार साल के मासूम के ऊपर जा गिरा। मलबे में दबने से उसकी मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बच्चे के पिता भी मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस के अनुसार ग्राम भदवाही निवासी दीपक जायसवाल अपने पुराने मकान को जेसीबी मशीन से गिरवा रहे थे। उनका चार वर्षीय बेटा प्रिंस भी पिता के साथ मौके पर मौजूद था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह दीवार के पास पहुंच गया। अचानक जेसीबी से दीवार गिर गई और प्रिंस उसके मलबे के नीचे दब गया। यह देखकर पिता और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। सभी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और बच्चे को बाहर निकाला।

परिजन आनन-फानन में प्रिंस को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिता पुराने मकान को गिरवाकर नया मकान निर्माण करना चाह रहे थे और इसी दौरान ये दुखद हादसा हो गया। सूचना मिलने पर गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

कुएं में बुजुर्ग की मिला शव, मौत का कारण अज्ञात, शव को निकाला बाहर, पुलिस जाँच में जुटी


अनूपपुर

कुएं में गिरने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना चचाई थाना क्षेत्र की है। कुएं में बुजुर्ग की लाठी और जूते दिखाई देने पर परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने कांटे की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान भगवतदीन सिंह, पिता हुलासी सिंह श्याम, निवासी चंदवार के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के बड़े बेटे राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह अनूपपुर से मजदूरी करके घर लौटे थे। उनके पिता मोहल्ले में घूमने गए थे। रात करीब 8 बजे छोटे भाई की बेटी सपना ने बताया कि घर के पीछे बाड़ी में बने कुएं में कोई गिर गया है। उसने पानी में गिरने की तेज आवाज सुनी थी।

इसके बाद राजेंद्र के छोटे भाई और दो अन्य परिजन कुएं में उतरे। कुएं में करीब 12 से 15 फीट पानी था। काफी तलाश करने के बाद भी उन्हें कोई नहीं मिला।

परिजनों ने बताया की खेत में बने घर के पास ही कुआं है। उसके चारों ओर करीब तीन फीट ऊंची जगत बनी हुई है। रात में अंधेरा होने के कारण उनके पिता को देखने में परेशानी होती थी।

दो मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर, 3 की हुई मौत, 4 युवक गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती 

*आरोग्यधाम मंदिर के पास हादसा*


अनूपपुर

कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोडरी गांव के जर्राटोला पंचायत स्थित आरोग्यधाम मंदिर के पास मंगलवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस और पुलिस की मदद से कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, छतई गांव निवासी खुमान सिंह अपनी पत्नी ज्योति अगरिया (30) और तीन बच्चों के साथ पिपरटोला से अपने गांव लौट रहे थे। इनमें एक बच्चा उनके रिश्तेदार का भी था। वहीं, दूसरी बाइक पर निमहा गांव निवासी दो सगे भाई हीरा सिंह और अंतराज सिंह गोंड़ सवार थे। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। इसी दौरान आरोग्यधाम भवन के पास दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में खुमान सिंह, हीरा गोंड़ और एक मासूम बच्चे ऋषि की मौत हो गई। इनमें दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में खुमान  सिंह की पत्नी ज्योति अगरिया, हंसराज सिंह गोंड़ और दो बच्चे घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी आरती शाक्य, थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। एक टीम को घटना स्थल भी रवाना किया गया। पुलिस के द्वारा शव परीक्षण एवं पीएम की कार्यवाही कराई जा रही है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget