11 केवी विद्युत लाइन से जंगली सुअर का शिकार करने की कोशिश को किया नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार


शहडोल

वनमण्डल दक्षिण शहडोल की रात्रि गश्ती टीम ने तत्परता दिखाते हुए विद्युत करंट से वन्यप्राणी का शिकार करने की कोशिश को नाकाम कर दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जिला जेल शहडोल भेज दिया गया है।

रात में वनमण्डल दक्षिण शहडोल के अंतर्गत गठित रात्रि गश्ती दल वन क्षेत्र में निगरानी कर रहा था। इसी दौरान ग्राम धनगवां के भैरव टोला राजस्व क्षेत्र में भैरव टोला से कॉलोनी की ओर जाने वाली 11 केवी विद्युत लाइन से वन्यप्राणियों के शिकार के लिए करंट फैलाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही गश्ती दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान घटनास्थल से कुछ व्यक्ति भागते हुए दिखाई दिए। गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कतकू पिता हरीदीन बैगा, निवासी धनगवां बताया। आरोपी ने 11 केवी विद्युत लाइन से करंट फैलाकर जंगली सुअर का शिकार करने का प्रयास किए जाने की बात स्वीकार की। वन विभाग की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए वन्यप्राणी के शिकार की योजना को विफल कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा मेडिकल परीक्षण के उपरांत आरोपी को जिला जेल शहडोल भेज दिया गया। वहीं मौके से फरार अन्य आरोपियों की तलाश वन विभाग द्वारा की जा रही है।

दो जिलो में कई दुकानों से लिये गए सेम्पल, 17 हजार के एक्सपायरी सामान किया गया नष्ट


अनूपपुर

कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देश पर अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन अलका तिवारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा तीन मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इस दौरान स्टेशन चौक अनूपपुर स्थित प्रयाग मिष्ठान भंडार से चॉकलेट बर्फी एवं चमचम, अमलाई स्थित न्यू गुरुनानक स्वीट्स से छेना रसगुल्ला, सोन पापड़ी, खोवा एवं काजू बर्फी तथा विश्वतमाँता जोधपुर स्वीट्स से कलाकंद, मूंग दाल बर्फी, पनीर एवं पेड़ा के नमूने संग्रहित किए गए।

संग्रहित सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

*शहडोल में खाद्य प्रतिष्ठानों में लिए गए सैंपल*

शहडोल जिले के कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशन में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु खाद्य सुरक्षा प्रशासन शहडोल द्वारा लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन शहडोल द्वारा मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के साथ जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बुढ़वा, देवलोद, बाणसागर और ब्यौहारी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख प्रतिष्ठानों पर जांच की गई एवं  खाद्य सामग्री  की गुणवत्ता की जांच हेतु सैपल लिए गए। बुढ़वा के राजेंद्र किरानारू यहाँ से साबूदाना का नमूना लिया गया तथा बेस्ट बिफोर डेट समाप्त हो जाने के पश्चात रखी लगभग 11,000 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री का मौके पर विनिष्टीकरण कराया गया, संतोष किराना यहाँ से बादाम का नमूना लिया गया तथा बेस्ट बिफोर डेट समाप्त हो चुकी लगभग 6,000 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री का भी विनिष्टीकरण कराया गया।

पुलिस ने 20 किलो गाँजा कार सहित किया जब्त, मामला एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज 5 आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही कर दो आरोपियो से अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

एसडीओपी अनूपपुर द्वारा गठित टीम द्वारा पहला आरोपी निवासी वार्ड न. 14 कड्डीटोला बुढार थाना बुढार जिला शहडोल, दूसरा आरोपी उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड न. 14 मुरलियाबाग रोड बुढार थाना बुढार जिला शहडोल से मादक पदार्थ गांजा 5.280 किलोग्राम कीमती 52800 रूपये एवं नगदी 3.45.700 रूपये व सफेद रंग की क्रेटा कार कीमती करीब 10,00,000 रूपये की जप्त कर अपराध क्रमांक 576/26 धारा 8/20 बी एन.डी.पी. एस. एक्ट पंजीबद्ध कर आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरूद्ध पूर्व में अन्य जिला / थानो में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज है।

*भालूमाड़ा पुलिस ने 1.55 लाख का गाँजा जब्त किया*

भालूमाडा पुलिस टीम द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोपहर में दो मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि तीन लोग अपने पीट्ठू बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा रख कर दारगासागर, पोंडी चोंडी, बरबसपुर तरफ ग्राहक को ढूढ रहे है। मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए भालूमाडा पुलिस स्टाफ के द्वारा तत्काल रवाना होकर मुखबिर के बताये अनुसार आम के पेड़ के नीचे शिवलहरा रोड दारसागर में तीन संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखे जिन्हे घेराबंदी कर तीनो व्यक्तियों को पकडा गया। तीनो संदिग्ध व्यक्ति अपने अपने कंधे में एक काले रंग का बैग टांगे हुये थे । पूछताछ पर अपना अपना नाम रंजीत सिंह ठाकुर पिता गोठालू सिंह ठाकुर उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम भजिया थाना नोहटा जिला दमोह, रंजीत सिंह ठाकुर पिता मुन्ना सिंह ठाकुर उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम भजिया थाना नोहटा जिला दमोह आशीष ठाकुर पिता रंधीर सिंह ठाकुर उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम छापरी ठाकुर थाना हिंडोरिया जिला दमोह के होना बताया, जिन्हे संदेह के आधार पर उनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे में मिले बैग से कुल अवैध मादक पदार्थ गांजा 15 किलो 617 ग्राम बरामद हुआ। आरोपियों से बरामद अवैध मादक पदार्थ गांजा अनुमानित कीमत 1,55,000 रुपये को विधिवत जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और जिनके विरुद्ध भालूमाडा थाने में अप.क्र. 339/26 धारा 8/20बी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget