ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर, युवक की उपचार के दौरान अस्पताल में हुई मौत


अनूपपुर

जिले के बड़हर गांव में ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर होने से 21 वर्षीय युवक टीकम सिंह घायल हो गया, हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल टीकम को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, टीकम सिंह करीब 6 बजे बाइक से घर का सामान लेने दुकान जा रहा था। इसी दौरान गांव के मोड़ पर ट्रैक्टर और उसकी बाइक के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में टीकम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़ लिया। इसके बाद परिजन घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

बताया गया की घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन अंदरूनी गंभीर चोटों के कारण करीब आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मर्चुरी में रखवाया। सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मर्ग कायम किया है। मामले में दुर्घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।

समाचार 01 फ़ोटो 01

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पुल से नीचे गिरी बाइक, नानी-नाती व पोते सहित तीन की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

*रिश्तेदार के यहाँ कथा आयोजन से वापस आ रहे थे घर*

अनूपपुर

फुनगा चौकी के अंतर्गत वाहन की टक्कर से बाइक पुल के नीचे जा गिरी। इस घटना में बाइक सवार नानी-नाती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पोते ने अस्पताल में दम तोड़ा। बताया जा रहा है कि यह सभी कथा में गए थे। घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। यह घटना ग्राम पंचायत पाली के पास की है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

मृतकों की पहचान आर्यन केवट 21 वर्ष पिता रामस्वरूप केवट, पंकज केवट 22 वर्ष पिता राजेश केवट और देववती केवट 56 वर्ष पति बद्री केवट तीनों निवासी ग्राम बकेली थाना कोतवाली अनूपपुर के रूप में हुई है। रिश्ते में मृतकों में पंकज केवट जो आर्यन केवट का फुफेरा भाई है, जबकि मृतका देववती केवट आर्यन केवट की दादी और पंकज केवट की नानी लगती है। घटना में पंकज केवट और देववती केवट की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आर्यन केवट को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां पहुंचने के दौरान ही आर्यन केवट की मौत हो गई।

मृतक आर्यन केवट का चचेरा भाई दीपक केवट ने बताया कि बिजुरी स्थित रिश्तेदार में एक व्यक्ति तीर्थ यात्रा कर वापस से बिजुरी लौटा था, इसके उपलक्ष्य में कथा का आयोजन किया गया था। बकेली स्थित गांव से कथा में शामिल होने के लिए आर्यन केवट अपने फुफेरे भाई पंकज केवट और दादी के साथ बाइक MP 65 ZC 9444 पर सवार बिजुरी गया था, जहां रात में रुकने के उपरांत सुबह बिजुरी से बकेली घर वापसी लौट रहा था। इसी दौरान पाली ग्राम पंचायत पहुंचते हैं पुल के पास अचानक बाइक पुल पर खड़ी तीन फीट ऊंची दीवाल की रेलिंग को पार करती नीचे गिर गई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के पास जब बाइक गुजर रही थी तो सामने से कोई अज्ञात वाहन भी गुजरा, संभवत इसके टक्कर के बाद बाइक पुल से नीचे अनियंत्रित होकर जा गिरी।

समाचार 02 फ़ोटो 02 

जिला अस्पताल में लगी आग, मचा अफरा-तफरी, वार्ड बॉय की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी

*ऑक्सीजन लगी मरीज की देर रात हुईं मौत*

उमरिया

जिला अस्पताल उमरिया में बिजली के पैनल में अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विद्युत पैनल से उठे धुएं के वार्डों तक पहुंचते ही मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। स्थिति को भांपते हुए अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कवायद शुरू की। इस दौरान वार्ड बॉय अमित मिश्रा और महेंद्र मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए मरीजों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।

उमरिया कलेक्टर राखी सहाय ने जिला अस्पताल घटना स्थल का मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया जांच के आदेश दिए ऑक्सीजन लगी मरीज की रात 4 बजे मौत हो गई जबकि एक साल का बच्चा जिसके पेट में तकलीफ हो रही थी उसकी हालत गंभीर बनी रात अंधेरे में अनेक बार ऑक्सीजन पॉइंट हट रहा था जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है

जिला अस्पताल के कवर्ड इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते वहां धुआं फैलने लगा, जिससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच घबराहट की स्थिति पैदा हो गई। आग और धुएं को देखते हुए मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वार्डों से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।

इसी दौरान इमरजेंसी अलार्म बजने पर आरएमओ डॉ. संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। कर्मचारियों की तत्परता और समय पर किए गए प्रयासों से आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

आरएमओ डॉ. संदीप सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य जरूरी उपाय किए गए। घटना के दौरान धुआं फैलने के कारण मरीजों को एहतियातन बाहर निकाला गया। 

समाचार 03 फोटो 03

11 के व्ही बिजली तार चोरी के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अनूपपुर

15 जुलाई 2026 दुर्गेश राठौर, आउटसोर्स कर्मचारी म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जैतहरी द्वारा थाना जैतहरी में आवेदन प्रस्तुत कर ग्राम टकहुली एवं महुदा छकड़िया टोला की 11 के.व्ही. विद्युत लाइन के तार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा काटकर चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उक्त घटना में कुल 3.36 किलोमीटर विद्युत तार चोरी होने से कंपनी को लगभग 60,000 रुपये की आर्थिक क्षति हुई थी। प्रकरण में अपराध क्रमांक पंजीबद्ध कर धारा 303(2) बीएनएस एवं धारा 136 मध्यप्रदेश विद्युत अधिनियम के तहत विवेचना में लिया गया।

संलिप्त आरोपी रामजी राठौर, शुभम उर्फ शिवम राठौर, मनोज उर्फ नानदाउ राठौर, वीरेन्द्र सिंह राठौर, अरविन्द गुप्ता एवं राहुल अग्रहरि को गिरफ्तार कर चोरी के विद्युत तार की बरामदगी एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जप्ती की गई थी। प्रकरण में फरार आरोपी बहादुर बसोर पिता शोहित बसोर, उम्र 33 वर्ष, निवासी मौहार टोला, वार्ड क्रमांक 11, फुनगा, जिला अनूपपुर की लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस टीम ने फरार आरोपी बहादुर बसोर को फुनगा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में पूर्व में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है तथा प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

यातायात पुलिस की कार्यवाही 150 प्रेशर हॉर्न व 25 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त

अनूपपुर

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन में यातायात पुलिस अनूपपुर द्वारा ध्वनि प्रदूषण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात प्रभारी विनोद दुबे एवं हाईवे चौकी प्रभारी आनंद तिवारी द्वारा टीम के साथ जिले के मुख्य मार्गों, बस स्टैंड एवं नेशनल हाईवे पर सघन चेकिंग की गई। जांच के दौरान बसों, ट्रकों एवं दोपहिया वाहनों में अवैध रूप से लगे प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गए। कार्यवाई में 150 प्रेशर हॉर्न, 25+ मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त, 50 बसों पर मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई

जब्त किए गए हॉर्न एवं साइलेंसरों को यातायात थाना परिसर में प्रदर्शित कर ट्रैफिक एपीआर लिखा गया ताकि आमजन में जागरूकता फैले।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें। यह ध्वनि प्रदूषण का कारण बनता है और मोटर यान अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।

समाचार 05 फ़ोटो 05 

ठेकेदार ने कार्यपालन अभियंता पर मारपीट, गाली व धमकी के आरोप, मुख्यमंत्री तक पहुँची शिकायत

उमरिया

संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र, बिरसिंहपुर पाली की कार्यप्रणाली और कथित अनियमितताओं को लेकर मामला अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंच गया है। गुरुवाही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता और उद्योग समिति की सभापति बेला अर्जुन सिंह सैयाम ने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

पत्र में ठेकेदार नीरज मिश्रा द्वारा कार्यपालन अभियंता राम आश्रय शर्मा पर लगाए गए मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोपों का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही मुख्य अभियंता एच.के. त्रिपाठी के कार्यकाल में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच कराने का अनुरोध भी किया गया है। 

ठेकेदार नीरज मिश्रा ने बताया की 5 अक्टूबर 2026 को संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के सिविल डिवीजन क्रमांक-2 की निविदा प्रक्रिया में भाग लेने के बाद उन्हें कार्यालय बुलाया गया था। उनका आरोप है कि इस दौरान कार्यपालन अभियंता राम आश्रय शर्मा ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और धमकी दी। ठेकेदार ने घटना के संबंध में पाली थाने में शिकायत देने और मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही है।

मिश्रा का आरोप है कि पुलिस से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक उमरिया को भी आवेदन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की। अब यह मामला जनप्रतिनिधि के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

पुलिस ने सट्टा पट्टी काटते दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, 11080 का मशरूका जब्त

शहडोल

बुढार थाना क्षेत्र में अवैध सट्टे के कारोबार को लेकर एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। कस्बा पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर बुढार पुलिस ने ग्राम सेमरा तिराहा के पास दबिश दी। इस दौरान भीखम तिवारी और अजय पाण्डेय, दोनों निवासी ग्राम सेमरा, को कथित रूप से सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सट्टा पर्ची, एक डॉट पेन, ₹1,280 नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹11,080 बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने मिलकर सट्टा-पट्टी लिखने और प्राप्त रकम का बंटवारा करने की बात बताई। आरोपियों के विरुद्ध पब्लिक गैंबलिंग एक्ट एवं बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

कार्रवाई को अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस की उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या दो आरोपियों को पकड़ लेने भर से क्षेत्र में कथित तौर पर संचालित सट्टे के कारोबार पर अंकुश लग जाएगा?

पुलिस की कार्रवाई और उसके परिणामों के बीच अंतर को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर सट्टे के इस कथित कारोबार की जड़ें कितनी गहरी हैं? क्या पुलिस केवल छोटे स्तर पर सट्टा-पट्टी लिखने वालों तक ही सीमित रहेगी, या इस अवैध धंधे के पीछे सक्रिय लोगों और पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल की जाएगी।

समाचार 07 फ़ोटो 07

करंट से हाथी की हुईं थी मौत, तीन पर मामला हुआ दर्ज, और भी आरोपियों की बढ़ने की आशंका

शहडोल 

ब्यौहारी में एक नर मखना हाथी की करंट लगने से दर्दनाक मौत मामले में वन विभाग ने तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि हाथी की मौत के बाद सबूत मिटाने के लिए बिजली का तार तक काट दिया गया। ।

घटना पश्चिम ब्यौहारी वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक पीएफ-77, बीट चचाई अंतर्गत ग्राम चंदौली के वार्ड नंबर-07 के राजस्व क्षेत्र में खेत के पास बोरवेल के नजदीक हुई। यहां बिजली के करंट की चपेट में आने से 15 साल के नर मखना हाथी की मौत हो गई थी, घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वन विभाग की प्रारंभिक जांच में तीन लोगों की भूमिका सामने आने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें एक व्यक्ति उस खेत का बटाईदार बताया जा रहा है, जहां हाथी की मौत हुई। दूसरा व्यक्ति वह है, जिसके यहां से कथित तौर पर बिजली का तार मिला, जबकि तीसरे पर घटना के बाद तार काटने का आरोप है।

वन विभाग के मुताबिक, आशंका है कि खेत या जंगल में जानवरों के शिकार अथवा फसलों को वन्यजीवों से बचाने के लिए बिजली के करंट वाला तार लगाया गया होगा। हालांकि, करंट लगाने के वास्तविक उद्देश्य की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वन विभाग को आशंका है कि हाथी की मौत के बाद संबंधित लोगों ने बिजली का तार काटकर घटना से जुड़े साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। इसी आधार पर तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

उप स्वास्थ्य केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अनूपपुर

कलेक्टर रत्नाकर झा ने आज बदरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, टीकाकरण, टीबी मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्रसूति कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी में मरीजों के पंजीयन एवं उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित रजिस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने टीकाकरण संबंधी अभिलेखों की जांच कर टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही टीबी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रसूति कक्ष में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि साफ-सफाई की इसी व्यवस्था को निरंतर बनाए रखा जाए तथा आवश्यक दवाओं एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया।

समाचार 09

6 साल से फरार ईनामी आरोपी को गिरफ्तार

उमरिया जिले के थाना इंदवार में वर्ष 2020 में दर्ज हुये अपराध क्रमांक 209 /20 धारा 294,323, 506, 307 ,34 आईपीसी एवं 25,27 आर्म्स एक्ट बढ़ाने धारा 201 के प्रकरण में 06 साल से फरार आरोपी जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक उमरिया द्वारा 03 हजार रूपये का ईनाम उद्घोषित किया गया था । थाना इंदवार पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयासों एवं सूझबूझ से फरार आरोपी अभिषेक दुबे पिता संतलाल दुबे ग्राम नोडिया थाना लालापुर जिला प्रयागराज उत्तर प्रदेश को अंततः गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया एवं जिस पर न्यायालय द्वारा आरोपी को जेल भेजा गया।

समाजसेवी प्रमोद अग्रवाल ने नवरात्रि पर्व पर दीं शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि की कामना


नई दिल्ली

नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रसिद्ध समाजसेवी प्रमोद अग्रवाल ने सभी सहयोगियों, शुभचिंतकों एवं मित्रों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।

पश्चिम विहार, नई दिल्ली निवासी प्रमोद अग्रवाल सोशल ऑर्गेनाइजेशन फॉर कॉन्क्वेरिंग हंगर के संस्थापक एवं चेयरमैन तथा उमंग क्लब, नई दिल्ली के अध्यक्ष हैं। सामाजिक गतिविधियों से जुड़े प्रमोद अग्रवाल ने नवरात्रि के इस पावन अवसर पर सभी के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की आराधना, शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। यह पर्व हमें सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन में आगे बढ़ने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

प्रमोद अग्रवाल ने मां दुर्गा के श्रीचरणों में प्रार्थना करते हुए कामना की कि माता रानी का आशीर्वाद सभी परिवारों पर सदैव बना रहे। प्रत्येक घर में सुख-शांति और समृद्धि का वास हो तथा हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली आए। उन्होंने सभी से नवरात्रि का पर्व श्रद्धा, उल्लास और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।

*नई दिल्ली से पत्रकार ऊषा माहना*



MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget