समाचार 01 फ़ोटो 01
श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, शंकर मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, 18 अक्टूबर तक होगा आयोजन
*महिलाओं, बच्चों और पुरुषों सहित सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल*
अनूपपुर
नगर के अमरकंटक तिराहा स्थित युवा दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर शंकर मंदिर से श्रीमद्भागवत कथा पंडाल तक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक वातावरण और भक्तिमय माहौल के बीच निकली कलश यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बनी। इसी पंडाल में माँ दुर्गा की प्रतिमा का स्थापना भी किया गया है। जो नौ दिनों तक आयोजन चलेगा।
कलश यात्रा के साथ क्षेत्र में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का सात दिवसीय धार्मिक आयोजन प्रारंभ हो गया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। यात्रा में शामिल महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। वहीं, अन्य श्रद्धालु भी भक्ति भाव के साथ यात्रा में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और कथा के सफल आयोजन की कामना की।
आयोजन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, श्रीमद्भागवत कथा का वाचन 12 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा। कथा व्यास गौारंगी एवं विशाखा भारद्वाज द्वारा श्रीमद्भागवत की महिमा और विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र सहित विभिन्न प्रसंगों का श्रवण कराया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 18 अक्टूबर को सुदामा चरित्र, राजा परीक्षित मोक्ष कथा, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन श्रीदुर्गा आरती और भंडारा प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।
युवा दुर्गा उत्सव समिति ने श्रद्धालुओं से श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजकों को उम्मीद है कि कथा के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक चेतना, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश प्रसारित होगा।
समाचार 02 फ़ोटो 02
एक करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में दो वर्ष से फरार आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
22 फरवरी 2024 को राधा देवी राठौर, निवासी ग्राम चोई, थाना जैतहरी द्वारा लगभग 30 अन्य पीड़ित महिलाओं के साथ थाना उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई गई कि माया राठौर, उसके पति पूरन राठौर, पुत्र नोहर उर्फ बबलू राठौर एवं दामाद दिनेश राठौर द्वारा विभिन्न बैंकों एवं फाइनेंस कंपनियों से ऋण दिलाने तथा किश्तें स्वयं जमा करने का प्रलोभन देकर ग्रामीण महिलाओं के नाम पर ऋण स्वीकृत कराया गया और ऋण की राशि स्वयं प्राप्त कर ली गई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों द्वारा ग्राम चोई के 30 से अधिक महिला हितग्राहियों एवं अन्य ग्रामीणों से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि की धोखाधड़ी की गई।।
शिकायत पर थाना जैतहरी में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। प्रकरण में लगभग दो वर्ष से फरार आरोपी दिनेश राठौर को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही उपरांत न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई, 17 वाहनों से 18 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला
शहडोल
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाते पाए जाने पर तीन वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। हेलमेट नहीं पहनने वाले छह वाहन चालकों तथा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 17 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 18 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य तेज रफ्तार से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर नियंत्रण स्थापित करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
रेडक्रॉस की सराहनीय पहल, शिविर में दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर कराया उपचार
अनूपपुर
नवरात्रि के प्रथम दिन कलेक्टर एवं अध्यक्ष रेडक्रास रत्नाकर झा के निर्देशन और सभापति डॉक्टर आर.पी. सोनी के मार्गदर्शन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी अनूपपुर द्वारा वाङ क्रमांक 9 में संचालित दिव्यांग छात्रावास में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्रावास में निवासरत दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उपचार किया गया तथा उन्हें दवाइयाँ वितरित की गईं।
शिविर के दौरान बच्चों की ऊँचाई, वजन एवं हीमोग्लोबिन की जाँच के साथ त्वचा संबंधी विकारों, दाँतों की समस्याओं तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का परीक्षण किया गया। प्रत्येक विद्यार्थी की क्रमवार जाँच की गई, ताकि उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप उपचार एवं उचित परामर्श उपलब्ध कराया जा सके। छात्रावास के कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्रावास के कर्मचारियों द्वारा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों तथा जिला अस्पताल से आए चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ का स्वागत किया गया। इसके पश्चात दिव्यांग बच्चों ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। सोसायटी के सचिव डॉ. देवेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि नवरात्रि के प्रथम दिन दिव्यांग बच्चों की सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।
समाचार 05 फोटो 05
श्रद्धा, भक्ति और लोकसंस्कृति के उल्लास के साथ निकली श्री कल्याण सेवा आश्रम की विशाल शोभायात्रा
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक में शारदीय नवरात्रि के पावन शुभारंभ पर श्री कल्याण सेवा आश्रम के तत्वावधान में जगत जननी भगवती मां दुर्गा की आराधना और सनातन परंपरा के अनुरूप विशाल शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। आश्रम परिसर से प्रारंभ हुई यह भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री नर्मदा मंदिर परिसर पहुंची।
शोभायात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक झांकियों और विशिष्ट लोककलाओं का प्रदर्शन कर आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। मां दुर्गा के जयकारों, भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं की सहभागिता से संपूर्ण अमरकंटक धर्ममय दिखाई दिया। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, भक्तजन, कन्याएं और साधु-संत सम्मिलित हुए।
श्री कल्याण सेवा आश्रम के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि महाराज ने बताया कि जगत जननी भगवती मां दुर्गा की पावन शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस प्रतिवर्ष श्रद्धा और परंपरा के अनुरूप विशाल शोभायात्रा निकाली जाती है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कन्याएं तथा साधु-संत सम्मिलित होकर मां भगवती की आराधना करते हैं। शोभायात्रा में मां दुर्गा की अष्टभुजी प्रतिमा तथा आचार्य श्री चंद्रदेव जी भगवान की प्रतिमा को विधिवत रथ पर विराजमान किया जाता है।
शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए मां नर्मदा के पवित्र उद्गम स्थल तक पहुंचती है। वहां मां भगवती की प्रतिमाओं को नर्मदा जल से स्नान कराया जाता है तथा विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन संपन्न किया जाता है। अमरकंटक की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान को एक बार फिर सजीव किया। श्री कल्याण सेवा आश्रम में नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
समाचार 06 फ़ोटो 06
नप उपाध्यक्ष दुर्गा माँ की फ़ोटो फेंककर तोड़ने व धार्मिक भावनाएं आहत करने का लगा आरोप, लोगो मे आक्रोश
शहडोल
बुढ़ार नगर परिषद क्षेत्र में दुर्गा उत्सव मंच के पक्कीकरण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। मामले में नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी पर माता दुर्गा की तस्वीर को नीचे हटाकर फेंकने का आरोप लगाया गया है। जो वीडियो में साफ-साफ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद स्थानीय हिंदू समाज और विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुढ़ार में लगभग 40 वर्ष पुराने दुर्गा उत्सव मंच के पक्कीकरण कार्य को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई। इसी दौरान कथित तौर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी ने गुस्से में आकर मंच पर स्थापित माता दुर्गा की तस्वीर को नीचे हटाकर फेंक दिया। जिसमें संबंधित घटनाक्रम और उसके बाद लोगों द्वारा विरोध दर्ज कराया है।
माता दुर्गा की तस्वीर से जुड़े इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीकों के प्रति संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए। मामले को लेकर हिंदू समाज के लोगों और विभिन्न संगठनों में नाराजगी व्याप्त है। विरोध जताते हुए संबंधित लोगों ने प्रशासन से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
चोरो ने 3-4 लाख के नगदी व आभूषण किये पार, पुलिस जांच में जुटी
उमरिया
बिरसिंहपुर पाली में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना पाली प्रोजेक्ट क्षेत्र के गौरैया रोड की है।
द्वारिका प्रसाद कुशवाहा पिता राम कुशवाहा निवासी पाली प्रोजेक्ट, गौरैया रोड के स्वयं के मकान में अज्ञात चोरों ने बीती रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।
चोरी की इस घटना में घर में रखे कीमती आभूषणों के साथ नकदी भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी में चोरी की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई थी, जबकि पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत 3 से 4 लाख रुपये के बीच है। हालांकि, चोरी गए प्रत्येक सामान और नकदी का विस्तृत ब्योरा सामने आने के बाद ही नुकसान की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे मामले की जॉच में जुट गई है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
मां विरासिनी मंदिर में कलेक्टर ने विधिवत पूजा अर्चना
उमरिया
शारदेय नवरात्र के प्रथम दिन जिले में भक्तिमय वातावरण के बीच देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर बिरसिंहपुर पाली स्थित प्रसिद्ध माँ विरासिनी मंदिर पहुंचकर कलेक्टर राखी सहाय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर घट की स्थापना की तथा दीप ज्योति का प्रज्जवलन किया । कलेक्टर ने नवरात्र के पावन पर्व पर माँ विरासिनी से जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर में नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने को मिला। जिले के देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।
इसके पश्चात कलेक्टर राखी सहाय ने नौरोजाबाद स्थित ऊँचेहरा मंदिर पहुँचकर माँ ज्वालामुखी माता के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर एसडीएम पाली मीनांक्षी इंगले, तहसीलदार नीलेश सिंह, नायब तहसीलदार लक्ष्मीकांत शर्मा सहित पुजारी तथा भक्त जन उपस्थित रहे।