चीनी मित्र मंडली के सहयोग से हुई भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा


अनूपपुर

नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चीनी मित्र मंडली के सहयोग से भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी का विशेष सहयोग रहा। वहीं वार्ड क्रमांक 06 की पार्षद सुंदर भाई विश्वकर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान चचाई थाना प्रभारी फूलवती अहिरवार सहित थाना स्टाफ भी मौजूद रहा। पुलिस टीम ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतिभागी अपनी-अपनी टीम के साथ मटकी फोड़ने के लिए लगातार प्रयास करते नजर आए। जैसे ही प्रतिभागी मटकी फोड़ने के लिए मानव पिरामिड बनाकर आगे बढ़ते, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग तालियों, जयकारों और जय श्रीकृष्ण के उद्घोष के साथ उनका उत्साह बढ़ाते रहे। प्रतियोगिता के दौरान पूरे प्रांगण में उत्साह और रोमांच का माहौल बना रहा।

आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी की ओर से भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।  

जर्जर सामुदायिक भवन में राशन वितरण, हादसे का मंडरा रहा खतरा, लोगो की सुरक्षा पर सवाल


अनूपपुर

नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 9 में स्थित सामुदायिक भवन, जिसका उपयोग सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण के लिए किया जाता है, इन दिनों बेहद जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। लगातार बारिश के चलते भवन की दीवारों और छत की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। ऐसे में किसी भी समय अप्रिय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

वार्ड क्रमांक 9 स्थित यह भवन क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए राशन वितरण का प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में हितग्राही यहां राशन लेने पहुंचते हैं। भवन की जर्जर दीवारें और कमजोर छत लोगों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

भवन की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय वार्डवासियों ने नवनियुक्त एल्डरमैन पार्षद सुभाष मिश्रा को समस्या से अवगत कराया। इसके बाद वार्ड के जनसेवक शिव शंकर पांडे, राजेश कुमार यादव, बड़े भाई जान अब्बास रिजवी सहित अन्य नागरिकों ने लिखित रूप से नगर परिषद बरगवां के मुख्य नगर परिषद अधिकारी को समस्या की जानकारी देते हुए भवन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। एल्डरमैन पार्षद सुभाष मिश्रा ने नगर परिषद अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जर्जर सामुदायिक भवन का शीघ्र निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।

मवेशी चराने गए चरवाहा पर भालू ने किया हमला, उपचार के दौरान हुई मौत, मिलेगा 8 लाख का मुआवजा

शहडोल 


केशवाही वन परिक्षेत्र में मवेशी चराने गए 73 वर्षीय बुजुर्ग पर मादा भालू ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। वहीं नियमानुसार 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

घटना केशवाही वन परिक्षेत्र के बीट कुडेली स्थित कक्ष क्रमांक आरएफ-1005 की है। बताया गया कि कुछ लोग जंगल क्षेत्र में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान दो शावकों के साथ विचरण कर रही मादा भालू का सामना मवेशी चरा रहे लोगों से हो गया। भालू को देखते ही दो लोग अपने मवेशियों के साथ पीछे हट गए लेकिन 73 वर्षीय छत्रधारी साहू, निवासी ग्राम कुडेली, वहीं रह गए। इसी दौरान मादा भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर भालू को भगाने का प्रयास किया। हल्ला सुनकर मादा भालू अपने दोनों शावकों के साथ जंगल की ओर भाग गई लेकिन तब तक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए वन विभाग की ओर से निजी वाहन की व्यवस्था कर मेडिकल कॉलेज भेजा गया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रेंजर अंकुर तिवारी ने मृतक के परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने बताया कि नियमानुसार 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही यह राशि परिजनों को उपलब्ध कराई जाएगी।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget