समाचार 01 फ़ोटो 01
सेवानिवृत्त शिक्षिका से 23.70 लाख की साइबर ठगी, कस्टम और पुलिस अधिकारी बनकर ऐंठी रकम
*विदेशी गिफ्ट के नाम पर दिया झांसा*
अनूपपुर
विदेशी गिफ्ट भेजने और दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम द्वारा सामान पकड़े जाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 64 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका डुम्मी पडवार अनूपपुर जिले की निवासी को शिकार बनाया। ठगों ने पहले महिला को इंग्लैंड में रहने वाला कारोबारी बताकर बड़ी बहन का रिश्ता बनाया और रक्षाबंधन पर महंगा गिफ्ट भेजने की बात कही। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट, कस्टम और आगरा पुलिस के अधिकारी बनकर अलग-अलग बहानों से रकम जमा कराते रहे। करीब दो सप्ताह में महिला से 23 लाख 70 हजार 900 रुपये ठग लिए गए।
पीड़िता शासकीय माध्यमिक कन्या विद्यालय से 31 दिसंबर 2023 को सेवानिवृत्त हुई थीं। शिकायत के अनुसार सेवानिवृत्ति के बाद मिली राशि और पेंशन से उनका जीवन-यापन चल रहा था। साइबर ठगों ने जेल जाने और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर उनकी जमा पूंजी तक अपने खातों में ट्रांसफर करा ली।
महिला के अनुसार करीब चार माह पहले अमनप्रीत नामक युवक ने फोन कर खुद को इंग्लैंड में रहने वाला कारोबारी बताया। उसने कहा कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह महिला को अपनी बड़ी बहन मानता है। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने रक्षाबंधन पर गिफ्ट भेजने की बात कही। कुछ समय बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आने लगे। कॉल करने वालों ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट, कस्टम और आगरा पुलिस का अधिकारी बताते हुए कहा कि इंग्लैंड से भेजा गया गिफ्ट एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है। ठगों ने गिफ्ट की कीमत करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये बताकर पहले रसीद नहीं होने के नाम पर 70 हजार रुपये जमा कराने को कहा। इसके बाद दस्तावेज, कस्टम शुल्क, टैक्स और सामान को जिले से बाहर ले जाने की अनुमति सहित अलग-अलग बहाने बनाए गए।
शिकायत के अनुसार 19 जून से 2 जुलाई के बीच महिला से अलग-अलग खातों में करीब 20 किस्तों में 23,70,900 रुपये जमा कराए गए। जब ठगों ने दोबारा बड़ी रकम की मांग की तो महिला को संदेह हुआ। दर्जनों खातों में भेजी गई और कई खातों से राशि निकाल भी ली गई। पुलिस के अनुसार फिलहाल एक खाते में मिले 80 हजार रुपये को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2) और 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण मामले पर हाईकोर्ट सख्त, खसरा 676 को लेकर प्रशासन को दिए कार्रवाई के निर्देश
*कार्यवाही के दौरान पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश*
अनूपपुर
जैतहरी नगर के वार्ड क्रमांक 7 में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण और उसके कारण सार्वजनिक सड़क निर्माण में आ रही बाधा के मामले में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, मुख्य पीठ जबलपुर ने प्रशासन को अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। WP-34043-2025, कैलाश सिंह मरावी बनाम मध्य प्रदेश शासन एवं अन्य मामले में 27 जुलाई 2026 को आदेश पारित किया गया। इसके बाद 12 अगस्त 2026 को न्यायालय ने खसरा नंबर से संबंधित टाइपिंग त्रुटि को भी सुधार दिया।
याचिका में आरोप लगाया गया था कि जैतहरी के वार्ड क्रमांक 7 में सरकारी भूमि पर निजी पक्षों द्वारा कथित रूप से निर्माण कर अतिक्रमण किया गया है। इसके कारण नगर परिषद को सार्वजनिक सड़क का निर्माण कराने में परेशानी हो रही थी। सड़क निर्माण के लिए दो बार निविदाएं जारी किए जाने के बावजूद कथित अतिक्रमण के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ सका।
सुनवाई के दौरान रिकॉर्ड से सामने आया कि नगर परिषद जैतहरी के मुख्य नगर अधिकारी द्वारा वर्ष 2024 में ही संबंधित पक्षों को निर्माण हटाने के नोटिस जारी किए गए थे। नगर परिषद ने कलेक्टर और तहसीलदार से भूमि का सीमांकन कराने का अनुरोध भी किया था, ताकि सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति सहित अन्य विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सके।
न्यायालय ने संबंधित राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों को नगर परिषद को अतिक्रमण हटाने और स्थल को साफ कराने में पूर्ण प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक सहयोग देने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन को तत्काल पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि कथित अवैध निर्माण हटाकर स्थल साफ होने के बाद नगर परिषद बिना अनावश्यक देरी के सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति सहित संबंधित विकास कार्यों को आगे बढ़ाए।
समाचार 03 फ़ोटो 03
6 दिन से डायलिसिस मशीन ‘बीमार’, मरीजों की जिंदगी बेहाल, मरम्मत-मेंटेनेंस खर्च की जांच की उठी मांग
अनूपपुर
जिला चिकित्सालय अनूपपुर में डायलिसिस मशीन पिछले करीब एक सप्ताह से खराब होने के कारण किडनी रोगियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित डायलिसिस पर निर्भर मरीजों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। मशीन बंद होने से मरीजों और उनके परिजनों को निजी अस्पतालों अथवा अन्य स्थानों पर डायलिसिस कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी बढ़ रही है।मरीजों के परिजनों का कहना है कि मशीन खराब हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उसे दुरुस्त नहीं कराया जा सका है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए डायलिसिस समय पर होना जीवनरक्षक आवश्यकता है। ऐसे में जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में यह सुविधा लंबे समय तक बाधित रहना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
डायलिसिस मशीन जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधा के लगातार बंद रहने को लेकर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि जब छह-सात दिन में एक खराब मशीन को ठीक नहीं कराया जा सका, तो गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं कैसे मिल पाएंगी।
जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. परस्ते की कार्यप्रणाली को लेकर भी मरीजों के परिजनों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इतने गंभीर विषय पर तत्काल पहल और वैकल्पिक व्यवस्था की आवश्यकता थी। मरीजों और उनके परिजनों ने मांग की है कि डायलिसिस मशीन जल्द से जल्द चालू कराई जाए, ताकि गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए दर-दर भटकने और अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाने से राहत मिल सके।
समाचार 04 फ़ोटो 04
पीआरटी महाविद्यालय ने निकाली 500 मीटर की तिरंगा यात्रा, भारत माता व लक्ष्मी बाई ने बढ़ाया आकर्षण
अनूपपुर
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पीआरटी महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को एक भव्य 500 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। विशाल तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में विद्यार्थियों के साथ महाविद्यालय परिवार, प्राध्यापकगण, वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पीआरटी महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई इस भव्य तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों और उत्साह के साथ सहभागिता की। लगभग 500 मीटर लंबे विशाल तिरंगे को विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संभालते हुए यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। यात्रा के मार्ग में लोगों ने देशभक्ति की इस अनूठी पहल का जोरदार स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ एकत्र होती गई। स्थानीय नागरिकों ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कहीं लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया तो कहीं विद्यार्थियों को पानी, मिठाई एवं चॉकलेट वितरित की गई। अनेक लोगों ने इस ऐतिहासिक क्षण को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। भारत माता और रानी लक्ष्मी बाई के स्वरूप ने बढ़ाया आकर्षण।
समाचार 05 फ़ोटो 05
संस्कार लॉ कॉलेज में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली तिरंगा यात्रा
अनूपपुर
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत संस्कार लॉ कॉलेज, अनूपपुर द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। महाविद्यालय परिवार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। तिरंगा यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
समाचार 06 फ़ोटो 06
एएसआई की घर पर संदिग्ध अवस्था मे मिला शव, हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
कोतवाली थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक कैलाश मिश्रा उम्र 60 पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह डायल-112 में ड्यूटी कर रहे थे। सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचने और फोन रिसीव नहीं करने पर पुलिसकर्मी उनके आवास पहुंचे, जहां वह बिस्तर पर मृत अवस्था में मिले।
कैलाश मिश्रा पुलिस लाइन न्यू कॉलोनी के बी ब्लॉक स्थित कमरा नंबर 13 में अकेले रहते थे। बुधवार देर शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने सरकारी आवास चले गए थे। गुरुवार तड़के उनके सीने में तेज दर्द हुआ था। इसके बाद उन्होंने डायल-112 को बुलाया और जिला अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार और दवा लेने के बाद वह वापस घर लौट आए थे।
सुबह डायल-112 में उनकी ड्यूटी शुरू होने का समय होने पर पायलट ने मोबाइल फोन से संपर्क किया, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद कैलाश मिश्रा ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद पायलट ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी पुलिस टीम के साथ पुलिस लाइन स्थित उनके आवास पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो कैलाश मिश्रा बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने अधिकारियों को घटना की सूचना देने के साथ उनके परिजनों को भी जानकारी दी।
थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका है कि एएसआई की मौत हृदयाघात के कारण हुई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
समाचार 07 फ़ोटो 07
डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही युवती से 10 लाख ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला किया दर्ज
शहडोल
खैरहा थाना क्षेत्र में डेंटल डॉक्टर की पढ़ाई कर रही एक युवती से टेलीग्राम ग्रुप के जरिए 10 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। युवती ने पुलिस को शिकायत देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवती डेंटल डॉक्टर की पढ़ाई कर रही है। उसके पिता कॉलरी में कर्मचारी हैं। बताया गया कि बेटी के विवाह के लिए कुछ लोन भी लिया गया था। इसी दौरान युवती टेलीग्राम ऐप पर एक ग्रुप से जुड़ी, जहां निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा दिया जा रहा था। बताया जा रहा है कि युवती ने 31 जुलाई से इस ग्रुप में बताए गए बैंक खातों में धीरे-धीरे रकम ट्रांसफर करना शुरू किया। करीब दो सप्ताह के दौरान उसने 10 लाख रुपये से अधिक की राशि बताए गए खाते में जमा कर दी। शुरुआत में उसे रकम बढ़ने और वापस मिलने का भरोसा दिलाया गया, लेकिन जब निवेश की गई राशि उसके खाते में वापस नहीं आई तो उसने टेलीग्राम ग्रुप में दिए गए नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया।
कई प्रयासों के बावजूद आरोपियों से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद टेलीग्राम ग्रुप भी बंद हो गया। तब युवती को अपने साथ हुई ठगी का पता चला और उसने खैरहा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि ठगी की रकम से जुड़े कुछ लेनदेन मुंबई और बेंगलुरु के खातों से हुए हैं। पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
सरस्वती विद्यालय में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ, विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
उमरिया
देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत बिरसिंहपुर पाली नगर में भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सरस्वती विद्यालय परिसर, बिरसिंहपुर पाली से हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ के साथ ही पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने नगरवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “जय हिंद” के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। विद्यार्थियों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा सरस्वती विद्यालय से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के उद्देश्य के प्रति जागरूक किया गया।
समाचार 09
स्कूल भवन के लिए 53.50 लाख स्वीकृति
उमरिया
जिले में घुलघुली कोलमाइंस के समीप स्थित घुलघुली एवं ददरीटोला में नवीन शाला भवन के लिए एसईसीएल व्दारा 53.50 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है। यह कार्य सीएसआर मद से कराया जाएगा। कलेक्टर राखी सहाय तथा एसईसीएल जोहिला के एजीएम के मध्य आज भवन निर्माण कार्य के लिए एमओयू पर सहमति हुई। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर व्दारा भवन निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। एजेंसी व्दारा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।