समाचार 01 फ़ोटो 01

चक्कर आने से सड़क पर गिरे अधेड़ के ऊपर चढ़ा कार का पहिया, हुई मौत, कार चालक हुआ फरार

अनूपपुर

जैतहरी थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से सटे मुख्य बाजार क्षेत्र में टहल रहे 58 वर्षीय महेश गुप्ता को अचानक चक्कर आया और वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे की ओर बैक हो रही एक कार का पिछला पहिया उनके सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

महेश गुप्ता वार्ड क्रमांक 7 निवासी बाबूलाल गुप्ता के पुत्र जो हार्डवेयर की दुकान संचालित करते थे। घर से टहलने के लिए निकले थे। बताया गया कि जिस स्थान पर वे गिरे, उससे कुछ ही दूरी पर एक कार चालक वाहन को पीछे कर रहा था। चालक ने साइड मिरर देखे बिना कार बैक कर दी। इसी दौरान कार का पिछला पहिया महेश गुप्ता के सीने पर चढ़ गया।

कार चालक को पहले लगा कि वाहन के पीछे कोई बड़ा अवरोध आ गया है। नीचे उतरकर देखने पर महेश गुप्ता बेहोशी की हालत में पड़े मिले। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उठाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद कार चालक उन्हें और उनके परिजनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने प्राथमिक जांच के बाद महेश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचाने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौप दिया है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में सीने पर टायर चढ़ने को मौत की वजह माना जा रहा है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है व फरार कार चालक की तलाश में जुटी गई है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

करोड़ों की नल-जल योजना पर सवाल, पिछले साल बह चुके स्टॉप डैम वाली जगह पर तकनीकी खामियों के बीच निर्माण जारी

अनूपपुर

नगर पालिका परिषद पसान क्षेत्र के 18 वार्डों के हर घर तक नल के माध्यम से पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित करोड़ों रुपये की नल-जल योजना निर्माण की धीमी गति और तकनीकी खामियों के चलते सवालों के घेरे में आ गई है। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्य नागपुर की सेंट्रल इंडिया लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जा रहा है। योजना के तहत क्षेत्र की जीवनदायिनी केवई नदी पर स्टॉप डैम का निर्माण कर जल संग्रहण तथा पाइपलाइन के माध्यम से नगर के 18 वार्डों में जलापूर्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना को नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है, लेकिन वर्तमान कार्य की गति को देखकर समय सीमा में कार्य पूरा होने को लेकर भी आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं।

गंभीर सवाल यह है कि केवई नदी के प्रवाह पर बनाया जा रहा स्टॉप डैम पिछले वर्ष नदी के तेज बहाव में क्षतिग्रस्त होकर धराशायी हो चुका है। इसके बावजूद इस वर्ष भी कथित तौर पर आवश्यक तकनीकी सुधार और नदी के प्रवाह को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए बिना निर्माण कार्य जारी रहने के आरोप लग रहे हैं।

नागरिकों को उम्मीद है कि इस योजना के माध्यम से उन्हें नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। लेकिन यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता हुआ और स्टॉप डैम ही सुरक्षित नहीं रहा तो पूरी जलापूर्ति योजना का उद्देश्य प्रभावित हो सकता है। लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग द्वारा निर्माणाधीन स्टॉप डैम का स्वतंत्र तकनीकी निरीक्षण कराया जाए। पिछले वर्ष डैम के क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा वर्तमान निर्माण में उन कमियों को दूर किया गया है या नहीं, इसका तकनीकी सत्यापन कराया जाए।

परियोजना को नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। समय सीमा नजदीक आने के बावजूद निर्माण कार्य की धीमी गति और तकनीकी तैयारियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि कार्य इसी रफ्तार से चलता रहा तो निर्धारित समय में योजना पूरी होना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अब देखना यह होगा कि मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन इस मामले में संज्ञान लेकर निर्माण की जाँच कब तक कराती है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

गड्ढे में भरे पानी मे नहाने गए दो भाई की डूबने से हुई मौत, परिवार में शोक का माहौल

शहडोल

अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट के पास दफाई में दर्दनाक हादसा हो गया। तालाबनुमा गड्ढे में नहाने उतरे दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची अमलाई पुलिस ने दोनों बच्चों के शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।

पुरानी अमराडंडी निवासी विक्रम सिंह गोंड के बेटे विवेक सिंह गोंड 14 वर्ष और बारिश सिंह गोंड 10 वर्ष खेलते-खेलते दफाई स्थित पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गए। दोनों नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान विवेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को बचाने के प्रयास में बारिश भी पानी में उतर गया, लेकिन वह भी गहराई में जाकर डूब गया।

आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को पानी से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की जानकारी घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

ट्रक व बाइक की टक्कर से एक की हुई मौत, ड्राइवर ट्रक छोड़कर हुआ फरार

शहडोल

खैरहा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेंद्रा गेट के समीप सोमवार को सड़क पर दौड़ती रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार खैरहा निवासी मोहम्मद मकबूल (लगभग 55 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण बताई जा रही है कि हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही खैरहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

राजेंद्रा गेट और आसपास के मार्ग से कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों की आवाजाही से कई दुर्घटना हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर लंबे समय से चिंता जताई जाती रही है। सवाल यह है कि यदि लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है तो यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे। कोयला परिवहन से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं हो सकती। एसईसीएल और परिवहन व्यवस्था से जुड़े संबंधित पक्षों की भूमिका पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

ट्रक ने तीन गाय को कुचला, हुई मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने दी कार्यवाही न होने पर चक्काजाम की चेतावानी

शहडोल

अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले स्टेट हाईवे स्थित बटुरा मुख्य मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन गायों की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। बेकाबू रफ्तार का यह तांडव देख स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में भारी जनआक्रोश है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों और बटुरा उपसरपंच ने बताया कि यह भीषण हादसा ट्रांसपोर्ट वाहनों की बेलगाम रफ्तार और घोर लापरवाही का नतीजा है। ग्रामीणों के अनुसार, देर रात ट्रांसपोर्ट के वाहन अमलाई थाना क्षेत्र के इस मुख्य मार्ग से बेहद खतरनाक गति में गुजरते हैं। बीती रात भी इसी अंधी रफ्तार ने तीन निर्दोष गौमाताओं की बलि ले ली।

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर जमा हो गए। अमलाई थाना क्षेत्र के बटुरा में आक्रोशित ग्रामीणों और उपसरपंच ने साफ कर दिया है कि यदि पुलिस प्रशासन ने जिम्मेदार ट्रांसपोर्ट वाहन और दोषी चालक पर तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई नहीं की, तो वे शांत नहीं बैठेंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट रूप से जाहिर कर दिया है कि यदि मामले में तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्टेट हाईवे बटुरा पर उग्र प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन हो रहे इन हादसों पर लगाम लगाना बेहद जरूरी हो गया है, और यदि मार्ग बाधित होता है तो इसकी पूरी जवाबदेही स्थानीय अमलाई थाना पुलिस व प्रशासन की होगी।

समाचार 06 फ़ोटो 06

सावन सोमवार को उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवड़ में नर्मदा जल लेकर ज्वालेश्वर धाम पहुंचे हजारों श्रद्धालु

अनूपपुर 

मां नर्मदा की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक में श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को आस्था और शिवभक्ति का विराट दृश्य देखने को मिला। ब्रह्ममुहूर्त से ही अमरकंटक के प्रमुख घाटों, मंदिरों और शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। तड़के लगभग 3 बजे से ही स्नान, दर्शन, पूजन-अर्चन और जलाभिषेक का क्रम प्रारंभ हो गया था। चारों ओर “हर-हर महादेव”, “बोल बम”, “बम-बम भोले” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष गूंजते रहे।

मध्यप्रदेश विभिन्न क्षेत्रों व अन्य राज्यों से भारी संख्या में शिवभक्त कावड़िया अमरकंटक पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा उद्गम कुंड में पूजा-अर्चना कर पवित्र नर्मदा जल कांवड़ में धारण किया और भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए विभिन्न शिवधामों की ओर प्रस्थान किया।

ज्वालेश्वर धाम पहुंचने से पूर्व बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कोटि तीर्थ घाट, कुंड तथा रामघाट में आस्था की पुण्य डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालु मां नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचे और मां नर्मदा के दर्शन-पूजन किए। इसके पश्चात कांवड़ में पवित्र नर्मदा जल लेकर भगवान ज्वालेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए पैदल रवाना हुए।

मां नर्मदा मंदिर में भी सुबह से ही भक्त श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां नर्मदा के दर्शन एवं पूजन करते रहे। मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। ज्वालेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भगवान ज्वालेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भीड़ को देखते हुए पुलिस सुरक्षा बल तैनात रहा तथा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।

प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों शिवभक्त अमरकंटक पहुंचते हैं और यहां से नर्मदा जल लेकर विभिन्न शिवधामों में जलाभिषेक करते हैं।

समाचार 07 फ़ोटो 07

महिलाओं ने मनाया सावन महोत्सव, हरे परिधान पहनकर लिया झूले का आनंद

अनूपपुर

कोतमा में महिलाओं द्वारा सावन महोत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। नगर की समाजसेवी रमा गुप्ता द्वारा किए गए आयोजन में कोतमा के सभी वार्डों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने हरी साड़ी, चूड़ी एवं आकर्षक श्रृंगार कर सावन की रंगत बिखेरी।कार्यक्रम का संचालन एवं विशेष प्रस्तुति वंदना बरसैया के द्वारा किया जाता रहा। आयोजन की शुरुआत धार्मिक भजनों एवं सावन गीतों से शुरू हुई। इसके बाद महिलाओं ने डांस, विभिन्न प्रकार खेलों और हास्य कविता पाठ सहित कई मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिसर में लगाए गए झूले का भी महिलाओं ने जमकर आनंद उठाया। इस दौरान गीता सराफ, छाया सोनी, रेखा सराफ, सीमा ब्यौहार, हर्षा मोटवानी, प्रियंका ताम्रकार, राजकली सोनी, रूपा गुप्ता, दीप्ति जायसवाल, अर्चना गहोई, प्रीति ताम्रकार , किरण सोनी सहित अन्य महिलाएं शामिल रही।

सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हुए जमकर मस्ती की। आयोजन में शामिल महिलाओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को एक साथ मिलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

समाचार 08 फ़ोटो 08

ट्रैक्टर बाइक की टक्कर, स्कूल जा रही छात्रा घायल

उमरिया

चंदिया स्कूल में अध्ययनरत कक्षा ग्यारहवीं की दो छात्रा सड़क हादसे का शिकार गई। घटना चंदिया थाना अंतर्गत ग्राम सलैया की बताई जा रही है। ये दोनों छात्राओं को परिजन अपने दो पहिया वाहन से हाइवे तक छोड़ने जा रहे थे, इसी दौरान मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर आ गया,  ट्रैक्टर से दो पहिया भीड़ गई, जिसमे ये दोनों छात्राएं गघायल हो गयी। हादसे में छात्राओं का पैर एवम शरीर मे कई जगह चोट पहुंची है, दोनों छात्राएं आरती यादव एवम मीना यादव ग्राम सलैया की निवासी हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से त्वरित 108 को जानकारी दी गई, एम्बुलेंस की मदद से दोनो छात्राओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद घायल एक छात्रा को मेडिकल कालेज शहडोल रेफर किया गया है, वही दूसरी छात्रा को मामूली चोट के कारण परिजन घर ले गए हैं।

समाचार 09

खाद के लिए किसान घंटों लाइन में, फिर भी नही मिल रहा खाद

उमरिया

खरीफ सीजन में फसलों को यूरिया की जरूरत के बीच जिला मुख्यालय स्थित मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) के भंडारण केंद्र में सोमवार सुबह से ही किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा है। यूरिया खाद लेने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों किसान तड़के ही केंद्र पहुंच गए।देखते ही देखते गोदाम परिसर और बाहर किसानों की लंबी कतार लगी हुई है। हालात यह है कि किसानों की भीड़ के चलते पूरा परिसर खचाखच भरा हुआ है। घंटों लाइन में खड़े रहने के कारण बुजुर्ग और युवा किसान थककर परिसर में ही जमीन पर बैठ गए।कई किसान अपने नंबर का इंतजार करते-करते बेहद परेशान नजर आए किसानों का कहना है कि खाद वितरण की प्रक्रिया बेहद धीमी होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। खेतों में खड़ी फसलों को समय पर यूरिया नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ रही है।वहीं टोकन और पर्ची की प्रक्रिया में भी काफी समय लगने की बात किसान कह रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि केंद्र पर अतिरिक्त काउंटर और कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए, ताकि वितरण प्रक्रिया तेज हो और दूर-दराज से आए किसानों को खाद के लिए पूरा दिन कतार में न गुजारना पड़े।

समाचार 10

हर घर तिरंगा अभियान में निकाली गई तिरंगा रैली

उमरिया

स्वतंत्रता के अमृत संदेश को हर घर, हर गली और हर दिल तक पहुंचने के लिए जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान पूरे उत्साह जन भागीदारी और देश भाक्ति के वातावरण संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मप्र जन अभियान परिषद के तत्वाधान में तिरंगा रैली निकाली गई । कलेक्ट्रेट से प्रारंभ तिरंगा रैली का कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता ने  नेतृत्व किया ।  रैली में अधिकारियों व विद्यार्थियों एवं जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं, स्व सहायता समूह की महिलाओं तथा एन एस एस  के कैडर्स की सहभागिता रही । तिरंगा रैली कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरी। तिरंगा रैली के माध्यम से लोगो को इस अभियान को जन जन का उत्सव बनाने का संदेश दिया गया। भारत के राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर शासकीय एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में विशेष आयोजन होंगे। 

समाचार 11

जिला जल स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न

उमरिया 

कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में जिला जल स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता गतिविधियां नियमित तौर पर संचालित की जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से कचरों का घर घर से संग्रहण करने के लिए कचरा संग्रहण वाहन का उपयोग करनें तथा संग्रहित कचरे को नियत स्थान पर निष्पादन की प्रक्रिया सुनिश्चित करनें के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत व्यक्तिगत शौचालयों के लक्ष्य के विरूध्द शेष कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों के घरों में शौचालय निर्माण अनिवार्यतः कराने के निर्देश दिए गए । सामुदायिक स्वच्छता परिसर में पानी की अनिवार्यतः व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए साफ सफाई के साथ ही इसके सुचारू संचालन हेतु निर्देशित किया गया । कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों, आंगनबाडि़यो तथा छात्रावासों में स्थापित पानी की टंकियों की नियमित साफ सफाई कराएं तथा गोवर्धन योजना के तहत गौशालाओं में बायो गैस संयंत्र स्थापित कराएं । 


​कबीर और रहीम की तरह साधक हैं डॉ. सोमनाथ: अतुल तिवारी

​डॉ. सोमनाथ शुक्ल की पुस्तक ‘श्रम साधक’ का हुआ विमोचन, 'गुफ़्तगू' संस्था ने किया बॉलीवुड अभिनेता का नागरिक अभिनंदन

​प्रयागराज।

डॉ. सोमनाथ शुक्ल के दोहे पढ़कर सहज ही कहा जा सकता है कि इन्होंने कबीर और रहीम की तरह साधना करके काव्य रचा है। इतनी आसानी से मजदूरों और श्रमिकों को केंद्र में रखकर दोहा लिख देना बहुत बड़ी बात है। अपनी सद्यः प्रकाशित पुस्तक ‘श्रम साधक’ में उन्होंने जिस तरह से मजदूरों के हालात को रेखांकित किया है, वह आज के दौर में बेहद उल्लेखनीय है।

​यह बातें बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अतुल तिवारी ने रविवार की शाम सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में कहीं। साहित्यिक संस्था 'गुफ़्तगू' की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. सोमनाथ शुक्ल की पुस्तक ‘श्रम साधक’ का लोकार्पण किया गया।

​पहली बार किसी शहर ने किया मेरा नागरिक अभिनंदन

इस अवसर पर 'गुफ़्तगू' संस्था द्वारा अभिनेता अतुल तिवारी का नागरिक अभिनंदन भी किया गया। श्री तिवारी ने कहा कि यह पहली बार है कि किसी शहर ने मेरा इस तरह नागरिक अभिनंदन किया है, वरना मेरे गृह नगर लखनऊ ने भी कभी मेरा नागरिक अभिनंदन नहीं किया। इस सम्मान के लिए उन्होंने 'गुफ़्तगू' संस्था का हृदय से आभार व्यक्त किया।

​वर्तमान विमर्श पर सटीक प्रहार है ‘श्रम साधक’

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य विशिष्ट वक्ताओं ने भी पुस्तक और लेखक की जमकर सराहना की:

​डॉ. सरोज सिंह: "डॉ. सोमनाथ जी ने दोहा लिखने के लिए जिन गंभीर मुद्दों को उठाया है, आज के दौर में उस पर काव्य लेखन लगभग नहीं हो रहा है, अलबत्ता कहानियां जरूर लिखी जा रही हैं।"

​डॉ. इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी: "डॉ. सोमनाथ शुक्ल हमारे दौर के एक बेहद प्रतिभावान कवि हैं, समाज में ऐसे रचनाकारों का उचित सम्मान होना चाहिए।"

​डॉ. धनंजय चोपड़ा: "इस पुस्तक में लिखे गए कुछ दोहे इतने जीवंत हैं कि वे सीधे मेरे अपने जीवन से जुड़े हुए महसूस होते हैं।"

​न्यायमूर्ति अशोक कुमार (अध्यक्षीय संबोधन): कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने डॉ. शुक्ल की इस पुस्तक को समाज के लिए बेहद सराहनीय और एक ख़ास कृति बताया।

​संचालन और धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम का सफल संचालन मनमोहन सिंह तन्हा ने किया, जबकि अंत में नरेश कुमार महरानी ने उपस्थित अतिथियों और साहित्य प्रेमियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

​इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

इस भव्य साहित्यिक आयोजन में शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से प्रभाशंकर शर्मा, नीना मोहन श्रीवास्तव, शैलेंद्र जय, आसिफ़ उस्मानी, डॉ. एस.एम. अब्बास, डॉ. वीरेंद्र कुमार तिवारी, शिबली सना, अफसर जमाल, शिवाजी यादव, मंजुलता नागेश, सुनील दानिश, धीरेंद्र सिंह नागा, क्षमा द्विवेदी और शाहीद खुश्बू आदि मौजूद रहे।

समाचार 01 फ़ोटो 01

हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला मुख्यालय  में निकली राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण तिरंगा रैली

तिरंगा हमारे गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय स्वाभिमान और मजबूत राष्ट्र भावना का करता है प्रतिनिधित्व

अनूपपुर

हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ अवसर पर आज जिला मुख्यालय अनूपपुर में  तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। सामतपुर तिराहा से प्रारंभ होकर रैली रेलवे स्टेशन तक पहुंची। रैली में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। देशभक्ति गीतों एवं राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

रैली का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से किया गया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ रैली में शामिल हुए। विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। देशभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने जिलेवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत किया।

रैली को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने कहा कि निश्चित तौर पर आज हम सभी गौरवान्वित हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जोड़ना तथा देश के प्रति गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से  सम्मान और गर्व के साथ अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।

श्री रौतेल ने कहा कि भारत का तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज मात्र नहीं है, बल्कि यह देश की आस्था, संप्रभुता, एकता-अखंडता और करोड़ों देशवासियों के त्याग एवं बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा हमारे गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय स्वाभिमान और मजबूत राष्ट्र भावना का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक घर पर तिरंगा लहराएगा, तो यह देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।

समाचार 02 फ़ोटो 02

पंचायत भवन हुआ जलमग्न, घरों में घुसा पानी, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल, जिम्मेदारों की लापरवाही

अनूपपुर 

जिले की जनपद पंचायत अनूपपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत धुरवासिन बीती रात भारी बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी।बारिश के बाद पंचायत भवन परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया। इससे पंचायत भवन तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और आसपास के आठ घरों में भी पानी घुसने की स्थिति बन गई है।

ग्राम पंचायत की सरपंच तेजवती सिंह ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को देखते हुए उन्होंने पूर्व में ही प्रशासनिक स्तर पर पुलिया निर्माण की कई बार मांग की थी। हालांकि, इन मांगों पर कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया हैं।

सरपंच ने यह भी कहा कि वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा धुरवासिन से जमुना तक 17-18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क में मिट्टी का भराव किया गया है, लेकिन कहीं भी पुलिया या जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई है। इसी का परिणाम है कि भारी बारिश के बाद एक ओर जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। पंचायत भवन परिसर के अंदर पानी घुस रहा है, वहीं कई घरों में दोपहर तक पानी घुसने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते पुलिया का निर्माण कराकर पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कर दी जाती तो वर्तमान में पैदा हुई जलभराव की स्थिति से बचा जा सकता था।

ग्रामीणों का कहना है कि धुरवासिन पंचायत में 12 वार्ड हैं और लगभग साढ़े तीन हजार की आबादी निवास करती है। यहीं से महुदा जैतहरी-धुरवासिन पहुंच मार्ग भी बना हुआ है। पूर्व में भी बारिश से जलभराव होता था, लेकिन अब तेज बारिश होने पर यह समस्या विकराल रूप ले लेती है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

समूह वसूली का रुपया गबन कर लूट की कहानी रची, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोबाइल व 1.18 लाख किया जब्त

अनूपपुर

समूह वसूली की गयी नगदी राशि को स्वयं कर्मचारी के व्दारा अमानत में खयानत कर लूट की सूचना देने पर पुलिस ने मोबाईल व नगदी 118400/- जप्त आरोपी को गिरफ्तार किया है।

थाना चचाई में अमित नामदेव पिता सुनील नामदेव, उम्र 30 साल, निवासी ग्राम बड़खेरा, थाना स्लीमनाबाद, जिला कटनी, हाल दुलहरा रोड, पुरानी बस्ती अनूपपुर का स्वतंत्र माईक्रो फायनेंस प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के फील्ड एजेन्ट कुलदीप शर्मा के व्दारा समूह के वसूली के पैसे 1,20,467/- रूपये उक्त राशि को अमानत में खयानत करने के संबंध में शिकायत किया की, कुलदीप शर्मा मेरी कंपनी में फील्ड आफीसर के पद पर कार्य करता है, वह देवरी, खुटवा, चचाई, सकोला समूह की वसूली का रुपए कलेक्सन करने के बाद, कुलदीप शर्मा पिता कन्हैया लाल उम्र 24 साल नि0 उचेहरा थाना गोहपारू जिला शहडोल से समूह वसूली का पूरा पैसा जमा कर अनूपपुर रात में तक वापस आने को बोला था, जो पैसे जमा करने अनूपपुर नहीं आया, मोबाईल बंद कर लिया तब कुलदीप शर्मा बोला कि अगर समूह वसूली के पैसे को आफिस में जमा नहीं करोगे तो मैं तुम्हें नौकरी से निकाल देंगे, तब उसने बताया कि मुझे पैसों की जरूरत होने से मैंने अपने व्यक्तिगत लाभ के लिये उक्त समूह वसूली की राशि 1,20,467/- रूपये अपने खर्चा कर किया एवं मोबाईल भी जंगल में छुपा दिया हूं । समूह के वसूली पैसों को हड़पने की नियत से मुझे गुमराह करने के लिये अपने साथ लूट की घटना होना बताया था । रिपोर्ट पर से आरोपी कुलदीप शर्मा के विरूद्ध अपराध धारा 316(2), 316(5) बीएनएस का पाये जाने से अपराध सदर पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । दौरान विवेचना आरोपी से अमानत में खयानत की गयी राशि 1,18,400/- रूपये एवं मोबाईल जप्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

समाचार 04 फ़ोटो 04 

आंगनबाड़ी से छुट्टी के बाद मासूम का नदी में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

उमरिया

संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट के डैम के नीचे जोहिला नदी में एक मासूम बालक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नदी में शव मिलने की खबर आग की तरह क्षेत्र में फैल गयी। सूचना मिलते  ही लोग घटना स्थल की ओर दौडे,जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना ने एक बार फिर नदी और जलस्रोतों के आसपास  की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक की पहचान कार्तिक सोनी पिता दीपक सोनी निवासी शांति नगर के रूप में हुई है। बताया गया कि कार्तिक आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता था। छुट्टी के बाद वह किसी साथी के साथ नदी की ओर चला गया। दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई इस घटना के बाद जोहिला नदी में उसका शव बरामद हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौत किन परिस्थितियों में हुई यह जांच का विषय है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

100 फीट तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा, युवा टीम ने दिया राष्ट्रभक्ति, एकता और अखंडता का संदेश

उमरिया

देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत युवा टीम उमरिया द्वारा पाली में 100 फीट लंबे तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विशाल तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगा यात्रा पाली स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास से प्रारंभ हुई। यात्रा में युवा टीम के सदस्यों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘तिरंगा हमारा अभिमान है’ जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। 100 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज को युवाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा पूरे सम्मान के साथ लेकर यात्रा निकाली गई। विशाल तिरंगे को देखने के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ भी नजर आई और नागरिकों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

युवा टीम उमरिया द्वारा आयोजित इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा। यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए भी प्रेरित किया गया।इस अवसर पर युवा टीम उमरिया के हिमांशु तिवारी ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की पहचान के साथ-साथ हमारे गौरव, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं।

समाचार 06 फ़ोटो 06

नप अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान, मुख्य मार्गों से अवैध कब्जे हटाए, व्यापारियों को दी गई हिदायत

अनूपपुर

प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल तथा पर्यटन नगरी अमरकंटक में नगर परिषद द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास व्यापारियों द्वारा निर्धारित सीमा से बाहर किए गए अवैध कब्जों एवं निर्माण को हटाया गया तथा संबंधित व्यापारियों को भविष्य में निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय करने की सख्त हिदायत दी गई।

नगर परिषद के अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र परिसर के मुख्य मार्ग पर व्यापारियों द्वारा दुकानों से आगे बढ़कर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं जैन मंदिर परिसर के पीछे किए गए पांच अवैध निर्माणों को भी बलपूर्वक हटाया गया। मुख्य मार्ग पर दुकानों के सामने निर्धारित स्थल से अतिरिक्त स्थान घेरकर रखी गई सामग्री एवं किए गए कब्जे को हटाते हुए व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपनी दुकानें संचालित करें।

वार्ड क्रमांक 10 स्थित कोटि तीर्थ घाट एवं गांधी कुंड मुख्य मार्ग पर किए गए अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण का भी निरीक्षण किया गया। नगर परिषद द्वारा संबंधित व्यापारियों को 24 घंटे की मोहलत देते हुए निर्देशित किया गया कि वे मुख्य मार्ग से पांच फीट अंदर रहकर ही व्यापार करें तथा मार्ग को बाधित करने वाले अवैध निर्माण एवं कब्जे स्वयं हटा लें। इसी तरह नर्मदा मंदिर के आसपास के व्यापारियों को भी अवैध कब्जे एवं निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

श्री कल्याण सेवा आश्रम के द्वारा श्री चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय में निःशुल्क चिकित्सा शिविर संपन्न

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित कल्याण सेवा आश्रम द्वारा संचालित श्री चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय एवं प्रथम हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदना की भावना से आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।

आयोजकों ने बताया कि यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं द्वितीय रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

शिविर में कुल 66 मरीजों का पंजीयन किया गया। मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ-साथ शुगर एवं रक्तचाप (बीपी) जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने जांच कराई। चिकित्सकों ने मरीजों को रोगों की रोकथाम, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी।

चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने में डॉ. सुभाष सिंह एवं डॉ. लाहड़ी की विशेष भूमिका रही। उन्होंने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रयोगशाला संबंधी जांच कार्य में लैब टेक्नीशियन रविकांत तथा राजेश कुमार तिवारी ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

समाचार 08 फ़ोटो 08

कन्या शिक्षा परिसर कटकोना में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस निकाला तिरंगा अभियान

शहडोल

कन्या शिक्षा परिसर कटकोना में विश्व आदिवासी दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आदिवासी संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने के साथ उनमें अपनी विरासत के प्रति गौरव की भावना विकसित करना रहा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा हर घर तिरंगा अभियान की भी शुरुआत की गई। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। साथ ही आमजन को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। परिसर में अभियान को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं और जीवन मूल्य हमारी समृद्ध सामाजिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी संस्कृति एवं परंपराओं पर गर्व करते हुए शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होना चाहिए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा अभियान में सहभागिता करते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

समाचार 09

 170  घनमीटर रेत का हुआ विनिष्टीकरण

शहडोल

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने ब्यौहारी  तहसील के रेत के अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण की शिकायतो को संज्ञान में लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ब्यौहारी सुश्री अर्चना मिश्रा को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अर्चना मिश्रा एवं जिला खनिज अधिकारी राहुल शाडिल्य ने बताया कि तहसील ब्योहारी अंतर्गत ग्राम दुर्गापुर एवं  सथनी में खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि पर अव्यवस्थिति रूप से भण्डारित लगभग 170 घनमीटर खनिज रेत का विनिष्टीकरण किया गया। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध कार्रवाई सतत रूप से की जाएगी।

समाचार 10

रिश्वत मांगने पर एसपी ने आरक्षक को किया निलंबित

शहडोल 

जिले में सोशल मीडिया पर रिश्वत मांगने का आडियो वायरल होने के बाद शहडोल पुलिस में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने पपौंध थाने में पदस्थ आरक्षक सुरेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और पुलिस लाइन में हाजिर होने के आदेश जारी किए। पीड़ित पक्ष से कथित तौर पर 5 हजार रुपये की मांग करता सुनाई दे रहा है। आडियो में आरक्षक पीड़ित से कह रहा है कि रुपये देने पर काम हो जाएगा और अगर काम नहीं हुआ तो रुपये वापस कर दूंगा। हालांकि वायरल ऑडियो की सत्यता और बातचीत की परिस्थितियों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल विभागीय स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget