6 करोड़ की सड़क योजना अधूरी, बीच सड़क में खड़े बिजली के खंभे से हो रहा दुर्घटना, लोगो मे आक्रोश


अनूपपुर

धार्मिक तीर्थ एवं पर्यटन नगरी अमरकंटक में भारत सरकार के हुडको से वित्तपोषित आईडीएसएमटी  योजना के अंतर्गत लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से वर्षों पूर्व शहडोल–अनूपपुर मुख्य मार्ग पर दोहरे सीमेंट-कंक्रीट सड़क निर्माण का कार्य कराया गया था। यह निर्माण कार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नाका तिराहा से पुराने स्टेट बैंक शाखा, कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय, रे वा पेट्रोलियम तथा पुलिस थाना के सामने होते हुए पाल बंगला (अध्यक्ष निवास) तक कराया गया।

किन्तु आश्चर्यजनक रूप से सड़क का दूसरा भाग आज तक अधूरा पड़ा हुआ है। नाका तिराहा से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने तक बनने वाला द्वितीय मार्ग अब तक प्रारंभ नहीं किया गया, जिससे सड़क निर्माण योजना अधूरी अवस्था में ही दिखाई देती है।

सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि मार्ग के बीचों-बीच स्थित तीन विद्युत पोल आज भी यथावत खड़े हैं। सड़क का डिवाइडर इन खंभों तक पहुंचकर समाप्त हो जाता है, जिसके कारण वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। रे वा पेट्रोलियम एवं पुलिस थाना के सामने तथा विद्युत मंडल पावर हाउस के समीप होटल के बगल में स्थित विद्युत खंभे विशेष रूप से दुर्घटना की आशंका को बढ़ा रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार इन खंभों के कारण कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस संबंध में नगर परिषद, विद्युत विभाग तथा स्थानीय प्रशासन को अनेक बार अवगत कराया जा चुका है, किंतु आज तक न तो विद्युत पोलों को स्थानांतरित किया गया और न ही अधूरी सड़क का निर्माण पूर्ण कराया गया। विद्युत खंभों को हटाकर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया गया, तो भविष्य में कोई भी गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती है।

युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनो ने युवक पर लगाए गंभीर आरोप, शव रखकर सड़क किया जाम


शहडोल 

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती द्वारा घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने गांव के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए युवती के शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।

जानकारी के अनुसार, युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच परिजनों ने गांव के एक युवक को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मांग पूरी नहीं होने तक उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम लगातार परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा करते रहे। करीब दो घंटे की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और चक्का जाम समाप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार, मर्ग जांच, घटनास्थल से मिले तथ्यों और परिजनों के दर्ज बयानों के आधार पर गांव के एक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुत्र ने पिता की लाठी से पीटकर कर दी हत्या, घायल माँ का अस्पताल में चल रहा इलाज, आरोपी गिरफ्तार


शहडोल

जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में कलयुगी बेटे ने मामूली घरेलू विवाद में अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आई मां पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान दऊआ बैगा 50 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि दऊआ और उनकी पत्नी यशोदा मजदूरी करने के लिए बाहर गए हुए थे। सुबह दोनों घर लौटे। घर पहुंचने के बाद दऊआ ने भोजन करने की इच्छा जताई। इस पर यशोदा खाना बनाने लगी लेकिन घर में मौजूद उनका पुत्र अंजू इस बात पर भड़क गया और कहने लगा कि वह स्वयं खाना बनाकर माता-पिता को खिलाएगा।

इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले अपनी मां यशोदा के साथ मारपीट शुरू कर दी। मां को बचाने के लिए जब पिता दऊआ बीच में आए तो आरोपी ने लाठी से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दऊआ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को तत्काल जयसिंहनगर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में यशोदा का उपचार जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल दऊआ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि आरोपी पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घरेलू विवाद में हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget