युवक की जलकर हुई थी मौत, सदमे में पिता व दादी की हुई मौत, जलाकर मारने का लगा आरोप, न्याय की मांग

*पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल*


उमरिया

मानपुर के मझौली गांव में तीन लोगों की मौत पर कई सवाल खड़े कर रही है। जुलाई में कृष्णा उर्फ गोलू केवट गंभीर रूप से जल गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उसे पेट्रोल डालकर आग लगाई गई थी। परिवार का दावा है कि घटना के बाद से वह लगातार न्याय के लिए पुलिस और जनप्रतिनिधियों के पास जा रहा है।

परिजन और ग्रामीणों के अनुसार, गोलू गांव में विद्या बाई केवट की किराना दुकान पर गया था। बताया गया कि उसने अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाने के लिए कमरे में रखा था। आरोप है कि बाद में कमरे के भीतर उसके साथ विवाद हुआ और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि उसे कमरे में बंद कर दिया गया था।

गंभीर रूप से झुलसने के बाद गोलू को अस्पताल ले जाया गया। परिजन के मुताबिक, उसे अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। बेटे की मौत के करीब 15 दिन बाद उसके पिता खानचंद केवट की भी मृत्यु हो गई। इसके बाद बुजुर्ग दादी ने भी दम तोड़ दिया। परिवार का कहना है कि लगातार हुए इन सदमों ने उन्हें तोड़ दिया है।

मृतक की पत्नी पूजा केवट ने आरोप लगाया कि घटना के बाद शिकायत करने के बावजूद परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला। मृतक की मां ने भी पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाने की बात कही। परिवार का कहना है कि घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा और अब उनके सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

मानपुर थाना प्रभारी ब्रज किशोर गर्ग के अनुसार, मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है और आरोपी विद्या बाई की तलाश की जा रही है।

मादक पदार्थ गांजा के साथ 2 महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 91 लाख के साइबर धोखाधड़ी में एक आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर

कोतवाली पुलिस को विश्वनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला हल्के पीले रंग की छीटदार साड़ी पहने हुए एक नीले काले रंग के पिट्टू बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर विक्रय करने हेतु रेल्वे स्टेशन अनूपपुर के आउटर से अमरकंटक तिराहा तरफ जाने वाली हैं। जिस पर कोतवाली पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए पहली आरोपिया महिला उम्र 37 वर्ष निवासी अम्बाझरी जिला बौद्ध प्रान्त उड़ीसा व दूसरी आरोपिया महिला उम्र 23 वर्ष निवासी अम्बाझरी जिला बौद्ध प्रान्त उड़ीसा के नीले काले रंग के पिट्टू बैग व हरे रंग की पन्नी के अंदर रखे खाकी कलर के टेप से लिपटे पैकिटो में मादक पदार्थ गांजा कुल वजन 6.460 किलोग्राम कीमत करीब 60400 रूपये को आरोपियो से जप्त किया गया है। तथा थाना कोतवाली अनूपपुर में आरोपीगणो के विरूद्ध अपराध क्रमांक 551/26 धारा 8/20बी एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

*91 लाख के साइबर धोखाधड़ी में एक आरोपी गिरफ्तार*

अनूपपुर जिले के थाना जैतहरी की 91 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी में एक और फरार आरोपी भोला सिंह पिता चन्द्रपाल सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी बगाई भट्टा, टीपी नगर, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के खाते में रिफंड कराया गया है।

राकेश कुमार अग्रवाल निवासी जैतहरी द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने का लालच देकर कुल 91 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। थाना जैतहरी द्वारा प्रकरण में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई तथा फरियादी की 34 लाख रुपये की राशि होल्ड कराई गई। न्यायालय अनूपपुर के सुपुर्दगी आदेश के पालन में अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के बैंक खाते में रिफंड कराई जा चुकी है। शेष राशि वापस कराने की कार्यवाही जारी है।

प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों यश तोमर एवं शानू उर्फ शुभम दुआ को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में जिला जेल भोपाल में निरुद्ध हैं। आरोपी को न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

राष्ट्रीय फ्लोर बॉल प्रतियोगिता में कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन के खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण पदक


अनूपपुर

राष्ट्रीय फ्लोर बॉल प्रतियोगिता में कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय, अमरकंटक के 11 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और अमरकंटक क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का परिचय दिया और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

हरियाणा के सोनीपत में आयोजित राष्ट्रीय फ्लोर बॉल प्रतियोगिता में 10 राज्यों की टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें मध्यप्रदेश की टीम ने अपने दमदार प्रदर्शन से सफलता अर्जित की।

मध्यप्रदेश की टीम ने महाराष्ट्र को 3-1 से चंडीगढ़ की टीम को 3-0 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर को 2-0 से हराया, जबकि फाइनल में तमिलनाडु की टीम को 1-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि में कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, अमरकंटक के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विद्यालय के 11 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। श्री कल्याण सेवा आश्रम, अमरकंटक के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। 

कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय, अमरकंटक के प्राचार्य कमलेश मिश्रा ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और कोच आकाश सिंह और टीम मैनेजर सुभाष गुप्ता एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget