समाचार 01 फ़ोटो 01
मानसिक अस्वस्थ युवक ने डंडे से हमला कर चार की कर दी हत्या, चार घायलो का मेडिकल कॉलेज में चल रहा है इलाज
*मां सहित नाना-नानी व ममेरी बहन की मौत, एसपी सहित पुलिस टीम मौके पर*
अनूपपुर
जिले के छोटी तुम्मी ग्राम पंचायत के अमोदा गांव में दिल दहला देने वाली घटना में नाना-नानी के घर रह रहे 32 वर्षीय युवक प्रेम सिंह गोंड़ निवासी नौरोजाबाद उमरिया ने अचानक अपनी ही 70 वर्षीय नानी भन्त्री बाई गोंड और बीच बचाव करने पहुंचे 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड़ पर डंडे से लगातार प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, वहीं बीच बचाव करने पहुंची 50 वर्षीय मां अनुपिया बाई पर भी हमला कर घायल कर दिया। इस घटना में 4 की मौत हो गई। वहीं इस दौरान युवक ने अपने मामा सहित उनकी 4 अन्य पर भी डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनका वर्तमान में शहडोल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब पहुंच कर मौके पर निरीक्षण कर जायाजा लिया।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार युवक प्रेम सिंह गोंड मानसिक विक्षिप्त है, जो अपनी मां के साथ किसी पारिवारिक कारणों में कुछ समय से अपने नाना-नानी के घर अमोदा में रह रहा था। घटना के पहले की रात करीब 1-2 बजे गांव के ही मंदिर पुजारी 62 वर्षीय गंगा सिंह पर अचानक डंडे से हमला किया था जिसमें पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने परिजनों के साथ उन्हें उपचार के लिए अस्पताल के लिए भेजा था। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रेम सिंह गोंड़ का हाथ पैर बांधकर घर के पास बैठा दिया था। कुछ देर शांत रहने के बाद सुबह करीब 4 से 5 के बीच मां को लगा कि अब वह किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएगा उसके हाथ पांव की बंधी रस्सी की खोत दी। लेकिन कुछ समय बाद अचानक ही युवक पास रखे डंडे से अपनी नानी भन्नी बाई पर हमला कर दिया। इसी दौरान बीच बचाव के लिए उसके नाना संपत सिंह दौड़े, लेकिन युवक ने उसे पर भी ताबड़तोड़ डंडे से प्रहार करना शुरू कर दिया। दोनों वहीं जमीन पर गिर गए, घटना को देखकर मां अनुप्रिया बाई भी बीच बचाव के लिए दौड़ी लेकिन युवक ने उसे पर भी हमला कर दिया। यह कम पारिवारिक स्थिति में लगातार चलता रहा। इसके बाद युवक ने अपने मामा व उनकी 3 बेटियों पर भी डंडे से हमला किया जिसमें सभी को चोटे आई। घटना के सूचना पर फॉरेंसिक टीम को भी गांव बुलाया गया जहां साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। घटनास्थल की घेराबंदी कर दिया गया है। शवों का पंचनामा तैयार करते आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
घायल चैन सिंह ने बताया कि पास में घर होने के बावजूद डर की वजह से लोग मदद के लिए आगे नहीं आए। हमले के दौरान बड़ी बेटी किसी तरह वहां से निकलकर जंगल की तरफ भागी। उसने चैन सिंह को पूरी घटना बताई। चैन सिंह घर की तरफ दौड़े। वहां पहुंचते ही प्रेम सिंह ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। प्रेम सिंह को पकड़कर दोबारा रस्सी से बांध दिया। तब तक संपत सिंह, भन्नी बाई और अनुप्रिया की मौत हो चुकी थी। सभी घायलों को शहडोल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। यहां मोनिका ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चैन सिंह के हाथ में फ्रैक्चर और सिर में चोट आई है। बच्ची भारती की हालत गंभीर है। उसे आईसीयू में रखा गया है।
*घटनास्थल पर पहुँची स्वास्थ्य विभाग की टीम*
पुष्पराजगढ़ बीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया- बेनीवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। शवों की जांच और फोटोग्राफी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर शवों को बेनीबारी में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम घटनास्थल पर संभव है या शवों को बेनीबारी लाया जाएगा, यह फोरेंसिक टीम के निर्देश और मौके की स्थिति के आधार पर तय होगा।
समाचार 02 फ़ोटो 02
2.5 करोड़ का पुल शुरू होने से पहले तीन फीट बड़ा छेद दिखा, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
शहडोल
नेशनल हाईवे-43 पर शहडोल-उमरिया के बीच बाईपास मार्ग पर बना करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत का पुल चालू होने से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया। मुड़ना नदी पर बने इस पुल में करीब तीन फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा बड़ा छेद दिखाई दिया। स्थिति इतनी गंभीर है कि पुल की ढलाई का हिस्सा टूटकर नदी में जा गिरा है और ऊपर से नीचे पानी व नदी का हिस्सा साफ दिखाई दे रहा है।
राजा बाग से आगे बाईपास मार्ग पर बने इस पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से को देखकर निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले भी इसी पुल के दूसरे हिस्से में कुछ दूरी पर इसी तरह का बड़ा छेद हो चुका था। अब दोबारा पुल क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है
संबंधित विभाग ने सड़क और पुल को अभी तक आधिकारिक रूप से आवागमन के लिए शुरू नहीं किया है। इसके बावजूद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है और कई भारी वाहन भी पुल से गुजर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने खतरे को देखते हुए वहां संकेतक लगाकर वाहन चालकों को सावधान करने का प्रयास किया। मौके पर विभाग सुरक्षा व्यवस्था या तत्काल मरम्मत की कार्रवाई नजर नहीं आई।
एमपीआरडीसी के प्रबंधक अवधेश सोनकर ने बताया कि सड़क और पुल अभी आधिकारिक रूप से शुरू नहीं किए गए हैं। पुल के जिस हिस्से में नुकसान हुआ है, उसकी मरम्मत के लिए ठेकेदार से कहा जाएगा। जल्द मरम्मत कराने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार पुल की अनुमानित लागत दो करोड़ रुपये से अधिक है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
सर्प काटने से महिला की मौत, 15 सर्पो का रेस्क्यू कर जंगल मे छोड़ा
अनूपपुर
घर के पीछे बॉडी में काम कर रही है 45 वर्षीय महिला की जहरीले सर्प के काटने से जिला चिकित्सालय में उपचार दौरान मौत हो गई, वहीं 24 घंटे के मध्य जिले के सर्पप्रहरियों ने 15 से अधिक सर्पों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर वन क्षेत्रो में छोड़ा है। विगत 2 माह से अनूपपुर जिले में एंबुलेंस संचालन एवं संधारण की व्यवस्था बेलगाम होने से मरीज परेशान है, जिससे कई मरीजों की मौत हो चुकी है।
पुलिस चौकी फुनगा अंतर्गत छिल्पा गांव के रामरतू बैगा की 45 वर्षीय पत्नी तेरसिया बैगा जो घर के पीछे बॉडी में सफाई का काम कर रही थी, तभी अचानक एक अत्यंत जहरीले सर्प ने दाएं हाथ के अंगूठे में डस लाया, जिसे परिजनों द्वारा कई घंटे एंबुलेंस का इंतजार करने बाद दोपहर मे उपचार हेतु जिला चिकित्सालय लाकर भर्ती कराया जहां उपचार दौरान महिला की देर रात मौत हो गई। घटना की सूचना पर अस्पताल पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए शव का पीएम करा कर अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौपा है। परिजनों ने एंबुलेंस के कई घंटे बाद आने के कारण लेट होने पर सही समय पर उपचार न होने से तेरसिया की मौत होना बताया। अनूपपुर जिले में स्वेक्षिक रूप से कार्य कर रहे सर्पप्रहरियों ने विगत 24 घंटे के मध्य 15 से अधिक जहरीले एवं समान्य सर्पो कों को आम जनों के घर एवं घरों के आसपास में विचरण करने की सूचना पर, सर्पो का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर स्वतंत्र विचरण हेतु वनांचल क्षेत्र में छोड़ने का कार्य किया है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
पिता ने पुत्र पर कुल्हाड़ी से किया हमला, घटना स्थल पर युवक की हुई मौत, आरोपी हुआ फरार
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिया में पिता-पुत्र के बीच चल रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया। खेत में काम करने के दौरान हुए विवाद में पिता ने अपने 28 वर्षीय बेटे पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतक की पहचान सिंह राज सिंह गोंड 28 वर्ष निवासी ग्राम कोठिया के रूप में हुई है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक और उसके पिता नंद कुमार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। आए दिन दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा होने की बात सामने आई है।
सिंह राज सिंह घर के पास स्थित खेत में काम कर रहा था।स इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि नंद कुमार ने कुल्हाड़ी से बेटे के गले पर हमला कर दिया। इसके बाद भी उसने कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण सिंह राज सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर ब्यौहारी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी पिता वहां से फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद वह जंगल की ओर भाग गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
किशोरी को गर्म चिमटे से जलाने वपर डॉक्टर की पत्नी के ऊपर मामला दर्ज, डॉक्टर पर हो सकती है एफआईआर
शहडोल
कोतवाली थाना क्षेत्र की आशीर्वाद कॉलोनी में आठ वर्षीय बालिका के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया था। पुलिस ने बालिका के बयान के आधार पर डॉक्टर की पत्नी शांति उर्फ गुड़िया प्रजापति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बालिका ने आरोप लगाया है कि गलती होने पर उसे मारपीट करने के साथ गर्म चिमटे से जलाया जाता था। मामले में डॉक्टर बीआर प्रजापति के खिलाफ फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उनकी भूमिका सामने आने पर उन्हें भी आरोपी बनाया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर मामले में धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।
करीब छह महीने पहले डॉक्टर दंपती उसे बांदा से शहडोल लेकर आए थे। उसे अपनी छोटी बच्ची की देखरेख के लिए घर में रखा गया था। बालिका कथित तौर पर डॉक्टर के घर से निकलकर पड़ोस के एक मकान में पहुंची। वहां उसने रोते हुए अपने साथ हो रही ज्यादती की जानकारी दी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका को संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। इसके बाद से बालिका समिति की देखरेख में है। पुलिस ने बालिका के बयान दर्ज किए, जिसके आधार पर शांति उर्फ गुड़िया प्रजापति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
बालिका की बहन और उसका पति उसे लेने बाल कल्याण समिति के कार्यालय पहुंचे। समिति अध्यक्ष कल्याणी वाजपेयी के अनुसार, उनके पास ऐसे पुख्ता दस्तावेज नहीं थे, जिनसे यह साबित हो सके कि बालिका उनकी बहन है। पहचान और रिश्ते की पुष्टि नहीं होने के कारण समिति ने बालिका को उनके साथ भेजने से इनकार कर दिया।
समाचार 06 फ़ोटो 06
भूमि विवाद पर बजरंग पावर इस्पात लिमिटेड के कर्मचारियों ने घर मे घुसकर की गाली- गलौच, घर तोड़ने की दी धमकी
उमरिया
जिले के पाली थाना क्षेत्र के घुंनघुटी चौकी अंतर्गत ग्राम गिठौरी में भूमि विवाद को लेकर मामला अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। बजरंग पावर इस्पात लिमिटेड, दियौरा वेस्ट के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायतकर्ता पक्ष के लोगों ने थाना परिसर में धरना शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
शिकायत में भूमिस्वामियों ने बताया कि गिठौरी की भूमि से संबंधित न्यायालयीन प्रकरण RCS A32/25 बाबूलाल बनाम शासन न्यायालय में विचाराधीन है। ग्रामीणों का आरोप है कि मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद कंपनी से जुड़े कर्मचारियों ने उनके घरों में जबरन प्रवेश किया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायतकर्ताओं ने कंपनी के 10 कर्मचारियों खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि घर में प्रवेश करने के दौरान महिलाओं और परिजनों के साथ गाली-गलौज की गई तथा घर का सामान तोड़ दिया। शिकायत में जातिसूचक शब्द के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा शिकायतकर्ताओं ने गलत तरीके से छूने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें कथित तौर पर दस दिनों के भीतर घर तोड़ दिए जाने की बात कही गई।
शिकायत के बाद ग्रामीण पाली थाने में धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि जब तक पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू नहीं की जाती, तब तक वे अपना धरना समाप्त नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
करंट फैलाकर जंगली सूअर का किया शिकार,3 आरोपी गिरफ्तार मांस, औजार सहित सामग्री बरामद
अनूपपुर
वन परिक्षेत्र बिजुरी की टीम ने जंगली सूअर के शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
कार्यवाही को लेकर रेंजर पवन ताम्रकार ने बताया की वन परिक्षेत्र बिजुरी अंतर्गत कदमहा बीट के पश्चिम भेड़रीतलैया क्षेत्र में रात शिकारियों ने जंगली जानवर का शिकार करने के उद्देश्य से 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन से अवैध रूप से तार जोड़कर जंगल क्षेत्र में करीब 2 किलोमीटर तक करंट प्रवाहित किया था। करंट की चपेट में आने से एक जंगली सूअर की मौत हो गई
आरोपियों ने विद्युत तार के माध्यम से जंगल में अलग-अलग स्थानों पर करंट प्रवाहित करने के लिए खूंटियां लगाई थीं। जंगली सूअर की मौत के बाद आरोपियों ने उसके मांस को पकाकर खाने की तैयारी में थे। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जंगली सूअर की हड्डियों एवं अन्य अवशेषों को जलाने का प्रयास भी किया गया।गुप्त सूचना पर वन विभाग ने की कार्रवाई की शिकार की।
वन परिक्षेत्र अधिकारी पवन ताम्रकार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों बैसाखू पाव, महेश यादव और अरुण तिग्गा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं संबंधित वन अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
समाचार 08
केबल काटने से 100 से अधिक घरों में छाया अंधेरा, कार्यवाही की मांग
अनूपपुर
कोतमा के वार्ड क्रमांक 12 स्थित एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र की गोविंदा कॉलोनी में आधीरात को कबाड़ चोरों ने बिजली सब-स्टेशन को निशाना बनाते हुए करीब 20 हजार कीमती कॉपर केबल चोरी कर ले गए। चोरों ने सब-स्टेशन का ताला और चैनल गेट तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। केबल चोरी होने के बाद कॉलोनी के 100 से अधिक क्वार्टरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे पूरी रात कॉलोनी अंधेरे में डूबी रही।
कबाड़ चोरों की करतूत से पूरी कॉलोनी में पानी का संकट भी छा गया।जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात का फायदा उठाकर बिजली सब-स्टेशन में प्रवेश किया और कटर व अन्य औजारों की मदद से मुख्य सप्लाई की केबल काटकर ले गए। चोरी की गई केबल की कीमत 20 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। बिजली गुल होने के बाद जब कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सब-स्टेशन का निरीक्षण किया, तब केबल चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
अंधेरे में डूबी कॉलोनी, पानी की सप्लाई भी प्रभावित: कॉपर केबल चोरी के कारण गोविंदा कॉलोनी के 100 से अधिक परिवारों को कई घंटों तक बिजली के बिना रहना पड़ा। बिजली आपूर्ति बंद होने से पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई। स्थानीय नागरिकों ने थाना प्रभारी से क्षेत्र में संचालित अवैध कबाड़ के अड्डों पर छापा मारते हुए कार्यवाही की मांग की गई।