अल्पसंख्यक आयोग नें मनाया गया शहीद भगत सिंह का जन्मदिवस, सैकड़ो देशभक्तों ने दी श्रद्धांजलि

*अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष निर्मल जैन व भीम ब्रिगेड ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव जोली खोसला की रही उपस्थिति*


*नई दिल्ली से पत्रकार ऊषा माहना*

दिल्ली

 शहीद-ए-आजम भगत सिंह का जन्मदिवस दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग और भीम ब्रिगेड ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोग के सभागार में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष निर्मल जैन ने की, जबकि भीम ब्रिगेड ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव जोली खोसला ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर सैकड़ों राष्ट्रभक्तों ने भाग लेकर शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में आयोग के सदस्य सरदार कुलदीप सिंह ने शहीद भगत सिंह के जीवन और उनके क्रांतिकारी योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर, 1907 को ग्राम बंगा, जिला लायलपुर (पंजाब) में हुआ था। उनके जन्म से कुछ समय पहले ही उनके पिता किशन सिंह और चाचा अजीत सिंह जेल से रिहा हुए थे। उनके परिवार में स्वतंत्रता आंदोलन की चर्चा होती रहती थी, जिसका भगत सिंह के व्यक्तित्व पर गहरा प्रभाव पड़ा।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष निर्मल जैन ने भी भगत सिंह के जीवन से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल, 1919 को अमृतसर के जलियांवाला बाग में हुए गोलीकांड ने बालक भगत सिंह के मन पर गहरा प्रभाव डाला। इस घटना के बाद वे जलियांवाला बाग पहुंचे और वहां की खून से सनी मिट्टी एक बोतल में भरकर ले आए। यह घटना उनके जीवन में देश की आजादी के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा बनी।

भगत सिंह ने आयरलैंड, इटली और रूस सहित विभिन्न देशों के क्रांतिकारी आंदोलनों का अध्ययन किया। वे भारत में भी एक संगठित क्रांतिकारी आंदोलन खड़ा करना चाहते थे। विवाह के लिए परिवार के दबाव के बीच उन्होंने घर छोड़ दिया और कानपुर में स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी के समाचार पत्र ‘प्रताप’ में काम करने लगे। बाद में वे लाहौर पहुंचे और ‘नौजवान भारत सभा’ की स्थापना की। इसी दौरान उनकी मुलाकात चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों से हुई। उन्होंने क्रांतिकारी गतिविधियों के लिए बम बनाने की तकनीक का भी अध्ययन किया।

वर्ष 1928 में साइमन कमीशन के भारत आने पर लाहौर में लाला लाजपत राय के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुलिस के लाठीचार्ज में लाला लाजपत राय गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ समय बाद उनका निधन हो गया। इस घटना से क्रांतिकारियों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद भगत सिंह और उनके साथियों ने पुलिस अधिकारी जॉन सांडर्स की हत्या कर दी। पुलिस की तलाश के बावजूद क्रांतिकारी वेश बदलकर लाहौर से निकलने में सफल रहे।

इसके बाद भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त ने केंद्रीय विधानसभा में बम फेंकने की योजना बनाई। निर्धारित दिन दोनों विधानसभा की दर्शक दीर्घा में पहुंचे और विरोध जताने के लिए बम फेंके तथा क्रांतिकारी विचारों वाले पर्चे वितरित किए। इस दौरान उन्होंने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए। दोनों ने गिरफ्तारी दी और अदालत में अपने विचारों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन का संदेश देश-विदेश तक पहुंचाया।

भगत सिंह पर सांडर्स की हत्या का मुकदमा भी चलाया गया। इस मामले में सुखदेव और राजगुरु सहित अन्य क्रांतिकारियों को भी आरोपी बनाया गया। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को 23 मार्च, 1931 को फांसी दे दी गई। उनके बलिदान ने देशभर में स्वतंत्रता आंदोलन को नई प्रेरणा दी। उनका नारा ‘इंकलाब जिंदाबाद’ आज भी लोगों में देशभक्ति और क्रांतिकारी चेतना का संचार करता है।

आयोग के सदस्य मोहम्मद हारुन ने अशफाक उल्ला खान और राम प्रसाद बिस्मिल के योगदान को याद करते हुए कहा कि विभिन्न समुदायों के क्रांतिकारियों ने मिलकर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया।

मो. फैज खान ने आश्वासन दिया कि दिल्ली के ऐतिहासिक फिरोजशाह कोटला मैदान में क्रांतिकारियों की स्मृति में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राजीव जोली खोसला की देखरेख में आयोजित किया जाएगा।

भीम ब्रिगेड ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव जोली खोसला ने अपने संबोधन में कहा कि आज सभी को यह शपथ लेकर जाना चाहिए कि समाज में व्याप्त ‘तुझे क्या और मुझे क्या’ की भावना को समाप्त किया जाए। उन्होंने बताया कि यह विचार मधुसूदन बयान जी ने व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उत्थान के लिए नशे, अत्याचार और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित भूषण कुमार जैन ने सभी अतिथियों और राष्ट्रभक्तों को सम्मानित किया। इस अवसर पर वर्ष 1857 की क्रांति से जुड़े वंशजों के सदस्य भी उपस्थित रहे। हितेश शर्मा ने भगत सिंह के जीवन पर सोलो एक्ट प्रस्तुत किया, जबकि आदेश चेनपुरिया ने अपनी मधुर आवाज में भगत सिंह को याद किया। सुरेंद्र पुष्करना और मंजू ने क्रांतिकारियों पर आधारित कविताएं प्रस्तुत कीं।

कार्यक्रम में भीम ब्रिगेड के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष इरशाद कुरैशी, महिला अध्यक्ष परमजीत कौर, ऐजै राजन, ऊषा शर्मा, रिजवान, असगर खान, रीमा, विश्व के पहले सरदार जादूगर जितेंद्र सिंह बब्बर, अनीस दुर्रानी, पूर्व न्यायाधीश ओ.पी. सपरा, बिलाल, कश्मीरी पंडित बहन नैन्सी कौल, योगाचार्य पूनम, सुभाष, गोपाल, केशव, राजहंस सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सभी ने शहीद भगत सिंह के आदर्शों पर चलने, सामाजिक एकता बनाए रखने और राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

समाचार 01 फ़ोटो 01

पांच महीने से ठप्प नल-जल योजना, जनसुनवाई में पहुंचकर ग्रामीण ने  उठाई आवाज, करोड़ों रुपये की योजना बंद होने का आरोप

*जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल*

अनूपपुर

ग्राम पंचायत छोहरी में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई नल-जल योजना पिछले करीब पांच महीने से बंद होने का मामला अब जिला प्रशासन की जनसुनवाई तक पहुंच गया है ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं युवा नेता लक्ष्मण यादव ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई और ग्रामीणों की समस्या को प्रशासन के सामने प्रमुखता से रखा

लक्ष्मण यादव द्वारा प्रस्तुत शिकायत में बताया गया है कि ग्राम पंचायत छोहरी में पीएचई विभाग की नल-जल योजना के माध्यम से ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन योजना लंबे समय से बंद पड़ी है शिकायत के अनुसार करीब पांच माह से नल-जल व्यवस्था ठप होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है

शिकायत में आरोप लगाया कि योजना के संचालन में पीएचई विभाग के नल-जल ठेकेदार तथा ग्राम पंचायत के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई है उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराकर नल-जल योजना को तत्काल चालू कराने की मांग की है

उन्होंने सवाल उठाया कि जब ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा बड़ी राशि खर्च की गई है, तो आखिर इतनी लंबी अवधि से योजना बंद रहने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा इसे चालू कराने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए

जनसुनवाई में दर्ज शिकायत में निराकरण की समय-सीमा 27 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है शिकायत को कार्यपालन यंत्री, पीएचई अनूपपुर के कार्यालय की ओर भी अंकित किया गया है प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर यह पता लगाया जाए कि करोड़ों रुपये की नल-जल योजना आखिर किन कारणों से पांच माह से बंद है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

जिला बदर बदमाश तालिब को नशे के लिए 500 रुपए ने देने पर युवक पर किया चाकू से जानलेवा हमला

​शहडोल.

धनपुरी में कुख्यात बदमाश मो. तालिब जिस पर पहले जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी है और जिसके खिलाफ चोरी, एनडीपीएस (नशीले पदार्थ) समेत 18 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं, उसने कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमला केवल इस बात पर किया गया क्योंकि युवक ने नशीली कफ सिरप (कोरेक्स) खरीदने के लिए 500 रुपये की रंगदारी देने से इनकार कर दिया था।  

​कच्ची मोहल्ला निवासी अरमान अख्तर (उम्र 25 वर्ष, पिता मो. अख्तर हुसैन) अपने साथी मो. शाहिद के साथ पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों अमरकंटक रोड पर इसरार की दुकान के सामने पहुंचे, सामने से कच्ची मोहल्ला निवासी मो. तालिब (पिता मो. रमजान कामरेड) अचानक आ धमका और उसने रास्ता रोक लिया।  

​आरोपी तालिब ने अरमान को धमकाते हुए कहा कि उसे कोरेक्स पीना है और तुरंत 500 रुपये निकाल कर दे। जब अरमान ने लाचारी जताते हुए पैसे देने से मना किया, तो आदतन अपराधी तालिब आगबबूला हो गया और सरेराह मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां बकने लगा। जब पीड़ित ने इस अभद्रता का विरोध किया तो धारदार चाकू निकाला और अरमान की हत्या की नीयत से उस पर वार कर दिया। चाकू सीधे अरमान की बाईं कमर में जा धंसा, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी मौके से भाग निकला और जाते समय जान से मारने की धमकी दिया। 

धनपुरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 296(b), 115(2), 119(1) एवं 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

दो छात्रों का राज्य स्तर पर हुआ चयन, जिले का करेंगे प्रतिनिधित्व, विद्यालय का बढ़ाया मान

अनूपपुर

पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाड़ा के विद्यार्थियों ने खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र हितेश हथगेन एवं मोहम्मद सेफ का अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब इंदौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अनूपपुर जिले की ओर से प्रदेश स्तर पर अपना प्रदर्शन करेंगे।नए स्थान तलाशें

दोनों छात्रों के राज्य स्तर पर चयन की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। छात्रों ने जिला स्तर की प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय टीम में स्थान बनाया है।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। हितेश हथगेन और मोहम्मद सेफ का चयन विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। राज्य स्तर पर दोनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय की खेल प्रतिभाओं को एक नई पहचान मिली है।

विद्यालय के खेल शिक्षक देवेंद्र तिवारी व प्राचार्य सतीश सिंह ने दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने नियमित अभ्यास और मेहनत के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी इंदौर में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं अनूपपुर जिले का नाम रोशन करेंगे।

समाचार 04 फ़ोटो 04

अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री व कार्यवाही व रोक की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

शहडोल

जिले में अवैध शराब, गांजा, स्मैक, नशीली गोलियों, तंबाकू, गुटखा सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर रोक लगाने की मांग को लेकर भारतीय शक्ति चेतना पार्टी एवं भगवती मानव कल्याण संगठन जिला शहडोल के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नशे के बढ़ते प्रभाव से युवाओं और विद्यार्थियों के प्रभावित होने की बात कही गई है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। स्कूल, कॉलेज एवं छात्रावासों के आसपास नशीले पदार्थ बेचने वालों पर कार्रवाई तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए।

संगठन ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सप्लायरों और तस्करी नेटवर्क की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने, युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए नशा विरोधी जन-जागरूकता कार्यक्रम और शिविर आयोजित करने की मांग की है। साथ ही नशे के आदी लोगों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए नशामुक्ति केंद्रों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की मांग की गई।

ज्ञापन में नशे संबंधी शिकायत करने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखने और शिकायतों की प्रभावी जांच करने की मांग भी शामिल है। संगठन ने जिले में अवैध रूप से शराब की बिक्री पर रोक लगाने तथा बिना नंबर के वाहनों से गांव-गांव शराब पहुंचाए जाने की शिकायतों की जांच की मांग की।

ज्ञापन में सागर जिले के डंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों का उल्लेख करते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शहडोल जिले में अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

पशु तस्करी में पीकप सहितनतीं मवेशी जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

शहडोल

जैतपुर पुलिस ने एक पिकअप वाहन पकड़ा है। वाहन में तीन मवेशी लोड मिले। पुलिस के अनुसार मवेशियों को बुढ़ार थाना क्षेत्र के विक्रमपुर से लोड कर जैतपुर के तितरा ले जाया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर तितरा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खैरहनी गांव के पास नाकेबंदी की। पुलिस को देखकर पिकअप चालक ने वाहन को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो वाहन में सवार धनीराम साहू और रहम खान वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जबकि चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसमें लदे तीन मवेशियों को बरामद किया है।

पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ पशु तस्करी सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पशु तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

आरोप है कि तस्कर अलग-अलग गांवों से पिकअप वाहनों के जरिए मवेशियों को तितरा में एकत्र करते हैं। संख्या अधिक होने पर इन्हें बड़े वाहनों में लोड कर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जाता है। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

बांध में नहाने गया किशोर की बांध में डूबने से हुई मौत, रेस्क्यू दल ने निकाला शव, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के सन्नौसी बांध में नहाने गए 14 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। बालक का शव पुलिस और एसडीआरईएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान के दौरान पानी से बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने बालक की मौत को लेकर संदेह जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।

पुलिस के अनुसार आशिक पटेल पिता संजय पटेल 14 वर्ष अपने कुछ दोस्तों के साथ सन्नौसी बंधा में नहाने गया था। कुछ देर बाद उसके दोस्त वापस अपने घर लौट आए लेकिन आशिक घर नहीं पहुंचा। शाम तक जब बालक घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बालक की तलाश शुरू कराई।

जब देर शाम तक आशिक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश तेज की। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद दोस्तों से पूछताछ की गई, तब बालक के बांध में डूबने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरईएफ की टीम को सूचना दी। मंगलवार सुबह पुलिस और रेस्क्यू दल ने बांध में तलाश शुरू की और बालक का शव पानी से बरामद कर लिया।

घटना के बाद परिजनों ने बालक की मौत को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

समाचार 07 फ़ोटो 07

छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने पर, छात्राओं ने कलक्ट्रेट पहुँचकर कलेक्टर को सौपा आवेदन, जाँच की मांग

उमरिया                 

छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान लंबे समय से नहीं होने से परेशान छात्राओं ने अपनी समस्या मीडिया के सामने रखी। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दी थीं, बावजूद इसके अभी तक उनके खाते में राशि नहीं पहुंची है। इस संबंध में छात्राओं द्वारा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन भी दिया गया है।

मामला शैक्षणिक सत्र 2022-23 की छात्रवृत्ति से जुड़ा है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि छात्रवृत्ति के लिए प्रक्रिया पूरी किए जाने के बावजूद भुगतान लंबित है। छात्राओं का कहना है कि छात्रवृत्ति का भुगतान संबंधित विभागीय प्रक्रिया के तहत होना है, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें राशि प्राप्त नहीं हुई।

छात्राओं ने बताया कि छात्रवृत्ति उनके लिए पढ़ाई से संबंधित आवश्यक खर्चों को पूरा करने में महत्वपूर्ण होती है। राशि समय पर नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं का कहना है कि वे लगातार भुगतान का इंतजार कर रही हैं, लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है कि आखिर छात्रवृत्ति की राशि कब तक उनके खातों में पहुंचेगी।

छात्राओं ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि यदि दस्तावेज या प्रक्रिया से संबंधित कोई कमी है तो उसकी जानकारी उन्हें दी जाए, ताकि आवश्यक सुधार कर सकें। वहीं यदि विभागीय स्तर पर भुगतान लंबित है तो उसे जल्द पूरा कराया जाए। छात्राओं ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने तथा संबंधित विभाग से छात्रवृत्ति भुगतान की स्थिति की जानकारी लेकर लंबित राशि जल्द से जल्द दिलाए जाने की मांग की है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

श्री कल्याण सेवा आश्रम अयोध्या में धर्म और शिक्षा का भव्य संगम, 5 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह

अनूपपुर

धर्म, अध्यात्म और संस्कृत शिक्षा की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में श्री कल्याण सेवा आश्रम अमरकंटक की शाखा उदासीन संत ऋषि आश्रम परिवार, रानोपाली, अयोध्या में धार्मिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के अंतर्गत संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के साथ श्री नारायण संस्कृत महाविद्यालय के नवीन भवन का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।

कार्यक्रम 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, धर्म, सदाचार और सनातन जीवन-मूल्यों का संदेश दिया जाएगा। कथा का वाचन डॉ. स्वामी शिवचन्द्र दास जी महाराज द्वारा किया जाएगा।

आयोजन का मुख्य आकर्षण 5 अक्टूबर 2026 को होने वाला बृहद भंडारा एवं श्री नारायण संस्कृत महाविद्यालय के नवीन भवन का भव्य उद्घाटन समारोह रहेगा। कार्यक्रम के पोस्टर के अनुसार उद्घाटन समारोह राजनाथ सिंह जी, रक्षा मंत्री, भारत सरकार के कर-कमलों द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। वहीं योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को विशिष्ट अतिथि के रूप में दर्शाया गया है।

संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भागवत के आध्यात्मिक संदेशों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा, संस्कार और सदाचार की प्रेरणा मिलेगी।

समाचार 09

धनवाही डैम में मिला अज्ञात इंसानी शव,पुलिस मौके पर पहुंची

नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत घुलघुली स्थित धनवाही डैम के  पानी में एक अज्ञात युवक का शव दिखाई दिया है, इंसानी शव की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और मामले की जानकारी नौरोजाबाद पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नौरोजाबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। पुलिस द्वारा शव की स्थिति और घटनास्थल से जुड़े परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आवश्यक तफ्तीश के बाद शव को डैम से बाहर निकालकर कब्जे में लेने की कार्रवाई कर रही है।शव की पहचान और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले को लेकर पुलिस आसपास के ग्रामीणों से भी जानकारी जुटा रही है।

कोयला खदान में सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज व मारपीट मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार


शहडोल

अमलाई थाना क्षेत्र स्थित रामपुर कोयला खदान में सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में अमलाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया है।

पुलिस के अनुसार सुरक्षाकर्मी अजय कुमार पटेल खदान परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चार लोग खदान के अंदर पहुंचे और वहां मौजूद ट्रकों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट कर दी। घटना में एसआईएसएफ के जवान के शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है।

घटना के बाद सुरक्षाकर्मी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर अमलाई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हीरामणि त्रिपाठी उर्फ बुग्गा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब सुनील तिवारी, सूरज तिवारी और राज द्विवेदी की तलाश कर रही है।

थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि सुरक्षा में तैनात एस आई एस एफ कंपनी के एक कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना हुई है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget