नवोदय विद्यालय में छात्रों के दो गुटों में मारपीट, जाँच के लिए 6 सदस्यीय टीम गठित, 20 छात्र निलंबित


अनूपपुर

अमरकंटक में स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय अमरकंटक में  छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया, विवाद ऐसा बढ़ा कि दोनों गुट के छात्रों के बीच मारपीट जैसी घटना हो गई।

हालांकि इस घटना में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। लेकिन दोपहर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक में 11 बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया। जहां ड्यूटी डॉक्टर डॉ जनक सारीवान ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को छुट्टी दे दी। डॉक्टर के अनुसार छात्रों को हल्की दर्द की शिकायत थी, किसी को खरोंच जैसे निशान मिले, कोई ग्रेवियस नहीं मिला।

वहीं स्कूल प्राचार्य अर्चना सिंह ने बताया की कक्षा 10 और 11 के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हाथापाई पर उतर आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अभिभावकों को सूचना देकर 20 छात्रों को तत्काल स्कूल से निलंबित कर दिया गया है, साथ ही मामले की जांच के लिए 6 सदस्यों की टीम को नियुक्त किया गया है। जांच टीम 2 दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेंने के बाद छात्रों के निलंबन की संख्या बढ़ भी सकती है।

अमरकंटक पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी मिली थी, तत्काल स्कूल पहुंचकर बच्चों के अभिभावकों को बुला समझाईश दी गई है। अभी स्कूल तरफ से करवाई के लिए कोई आवेदन नहीं आया है। बताया जाता है कि बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कई दिन से विवाद सुलग रहे थे, लेकिन शिक्षकों तक जानकारी नहीं पहुंची, वही दोनों गुट आमने सामने आ गए।

लाइक बटोरने सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री अपलोड करना पड़ा भारी, चार युवक गिरफ्तार


शहडोल

सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री अपलोड करना चार युवकों को भारी पड़ गया। फेसबुक पर अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र के बिरुहली गांव का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बिरुहली निवासी सुमित केवट, सत्यम केवट, किशन लेवर और राहुल केवट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अश्लील वीडियो अपलोड किया था। बताया जा रहा है कि वीडियो कई दिनों तक सोशल मीडिया पर उपलब्ध रहा। इसकी जानकारी जैसे ही बुढ़ार पुलिस को मिली तो सोशल मीडिया पर अपलोड की गई सामग्री को संज्ञान में लिया और मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री अपलोड करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। पुलिस की ओर से सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है और आपत्तिजनक सामग्री सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

छात्रावास में छात्र के ऊपर गिरा पंखा, घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


अनूपपुर

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के गुरु गोविंद बालक छात्रावास में एक छात्र के ऊपर सीलिंग फैन गिरने की घटना सामने आई है। हादसे में छात्र के सिर पर चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद छात्रावास में रह रहे अन्य छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, छात्रावास में छात्र अपने कमरे में मौजूद था। इसी दौरान सीलिंग फैन गिर गया, जिसकी चपेट में आने से छात्र घायल हो गया। उसके सिर में चोट लगने के बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।

घटना के बाद छात्रावास में रहने वाले छात्रों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि छात्रावास के कमरों में लगे पंखों और अन्य विद्युत उपकरणों की समय-समय पर जांच और रखरखाव किया जाना जरूरी है। यदि समय रहते उपकरणों की स्थिति की जांच की जाती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।

इस घटना ने विश्वविद्यालय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए हैं। छात्रावास में बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहते हैं और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की है। ऐसे में छात्र के ऊपर सीलिंग फैन गिरने की घटना को गंभीरता से लेते हुए छात्रावास के अन्य कमरों में लगे पंखों की भी जांच कराने की मांग उठ रही है।

घटना के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, छात्रों और उनके परिजनों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारी क्या कदम उठाते हैं। घायल छात्र की स्थिति और घटना के कारणों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के आधिकारिक बयान का इंतजार है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget