जर्जर सामुदायिक भवन में राशन वितरण, हादसे का मंडरा रहा खतरा, लोगो की सुरक्षा पर सवाल


अनूपपुर

नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 9 में स्थित सामुदायिक भवन, जिसका उपयोग सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण के लिए किया जाता है, इन दिनों बेहद जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। लगातार बारिश के चलते भवन की दीवारों और छत की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। ऐसे में किसी भी समय अप्रिय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

वार्ड क्रमांक 9 स्थित यह भवन क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए राशन वितरण का प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में हितग्राही यहां राशन लेने पहुंचते हैं। भवन की जर्जर दीवारें और कमजोर छत लोगों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

भवन की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय वार्डवासियों ने नवनियुक्त एल्डरमैन पार्षद सुभाष मिश्रा को समस्या से अवगत कराया। इसके बाद वार्ड के जनसेवक शिव शंकर पांडे, राजेश कुमार यादव, बड़े भाई जान अब्बास रिजवी सहित अन्य नागरिकों ने लिखित रूप से नगर परिषद बरगवां के मुख्य नगर परिषद अधिकारी को समस्या की जानकारी देते हुए भवन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। एल्डरमैन पार्षद सुभाष मिश्रा ने नगर परिषद अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जर्जर सामुदायिक भवन का शीघ्र निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।

मवेशी चराने गए चरवाहा पर भालू ने किया हमला, उपचार के दौरान हुई मौत, मिलेगा 8 लाख का मुआवजा

शहडोल 


केशवाही वन परिक्षेत्र में मवेशी चराने गए 73 वर्षीय बुजुर्ग पर मादा भालू ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। वहीं नियमानुसार 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

घटना केशवाही वन परिक्षेत्र के बीट कुडेली स्थित कक्ष क्रमांक आरएफ-1005 की है। बताया गया कि कुछ लोग जंगल क्षेत्र में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान दो शावकों के साथ विचरण कर रही मादा भालू का सामना मवेशी चरा रहे लोगों से हो गया। भालू को देखते ही दो लोग अपने मवेशियों के साथ पीछे हट गए लेकिन 73 वर्षीय छत्रधारी साहू, निवासी ग्राम कुडेली, वहीं रह गए। इसी दौरान मादा भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर भालू को भगाने का प्रयास किया। हल्ला सुनकर मादा भालू अपने दोनों शावकों के साथ जंगल की ओर भाग गई लेकिन तब तक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए वन विभाग की ओर से निजी वाहन की व्यवस्था कर मेडिकल कॉलेज भेजा गया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रेंजर अंकुर तिवारी ने मृतक के परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने बताया कि नियमानुसार 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही यह राशि परिजनों को उपलब्ध कराई जाएगी।

मवेशियों के साथ सड़क पर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा भारी, जिला पंचायत सदस्य व अन्य पर मामला दर्ज


शहडोल

ब्यौहारी क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या और गौशाला (कांजी हाउस) निर्माण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करना भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य दुर्गेश तिवारी समेत अन्य लोगों को महंगा पड़ गया। देवलोंद पुलिस ने तहसीलदार की शिकायत पर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, यातायात बाधित करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जनपद पंचायत ब्यौहारी क्षेत्र में बड़ी संख्या में निराश्रित मवेशियों के कारण किसान परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा मवेशी खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी समस्या को लेकर कांजी हाउस निर्माण की मांग उठाते हुए भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य दुर्गेश तिवारी की अगुवाई में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मवेशियों को हांककर लोग ब्यौहारी तहसील का घेराव करने के लिए निकल पड़े। मवेशियों की संख्या अधिक होने के कारण सड़क पर भीड़ की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोकने का प्रयास किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बड़ी संख्या में मवेशियों को लाए जाने से आम रास्ता और यातायात बाधित हुआ। पुलिस का यह भी कहना है कि इस दौरान कुछ मवेशी बेहोश भी हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget