पंचायत भवन में पटवारी की शराब पार्टी, विरोध करने पर ग्रामीणों से की अभद्रता, कार्यवाही की मांग
पंचायत भवन में पटवारी की शराब पार्टी, विरोध करने पर ग्रामीणों से की अभद्रता, कार्यवाही की मांग
शहडोल
जैतपुर तहसील की ग्राम पंचायत बोकरमार का पंचायत भवन इन दिनों प्रशासनिक संवेदनहीनता का अखाड़ा बना हुआ है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने हड़कंप मचा दिया है, जिसमें हल्का नंबर 54 के पटवारी ज्ञान सिंह मार्गो पंचायत भवन के भीतर शराब और कबाब की दावत उड़ाते नजर आ रहे हैं।
जब किसान अपनी फार्मर आईडी बनवाने की आस में पंचायत भवन पहुंचे थे, सरपंच के कक्ष का नजारा देखकर ग्रामीण दंग रह गए। मेज पर शराब की बोतलें थीं और पास ही मांस रखा हुआ था, जब ग्रामीणों ने सरकारी दफ्तर की मर्यादा याद दिलाते हुए विरोध दर्ज कराया, तो पटवारी नशे में ग्रामीणों पर ही बिफर पड़े, आरोप है कि पटवारी ने सेवा देने के बजाय अपनी कथित ‘राजघराना’ पृष्ठभूमि का रौब झाड़ा और बेखौफ लहजे में यहां तक कह डाला कि बड़े से बड़ा अधिकारी भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
एक दशक से जमे पटवारी की इस कार्यशैली से ग्रामीण परेशान चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन को मयखाना बनाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। मामले के पुख्ता वीडियो साक्ष्य एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक को सौंपे गए, मगर प्रशासनिक चुप है, न्याय की आस खोते ग्रामीणों ने वीडियो को इंटरनेट पर साझा कर दिया ,जो अब सोशल मीडियाई तेजी से वायरल हो रही है। पंचायत भवन किसी अफसर का निजी ड्राइंग रूम नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीणों के बुनियादी अधिकारों का केंद्र है।


