सांप के काटने से युवक की उपचार दौरान मौत, सर्पप्रहरी ने बीमार कोबरा नांग का कराया उपचार


अनूपपुर

जहरीले सर्प के काटने से 18 वर्ष बालक की जिला चिकित्सालय में उपचार दौरान मृत्यु हो गई, वहीं जिला मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर स्थित सोनमौहरी गांव में ग्रामीण के घर के पास बीमार हालत में मिले कोबरा नांग प्रजाति के सर्प का सर्पपहरियो ने पशु चिकित्सालय में उपचार करा कर जान बचाई।

बिजुरी थाना अंतर्गत भाटाडांड गांव के वार्ड क्रमांक 4 क्योटानटोला निवासी मानसिंह पाव की 18 वर्षीय पुत्र रवि पाव जो अपने दादा को लेकर पड़ोस के गुल्लीडांड गांव में अपनी बुआ पुनिया पांव के यहां जाकर शाम एवं रात को खाना पीना खाने बाद कच्चे घर के अंदर जमीन में सोया रहा, रात 3 बजे के लगभग अचानक वह उठकर अपनी बुआ पुनिया को बताया कि मेरे गर्दन में कान के पास सर्प ने काट लिया है, जिसके बाद वह उल्टी करने के साथ बेहोश स्थिति में आ जाने पर परिजनों द्वारा मोटरसाइकिल से उसके गांव भाटाडांड ला कर कुछ लोगों से झाड़-फूंक कराने पर बालक ही हालत और खराब होने से बिजुरी अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक द्वारा उपचार किया गया, बालक की स्थिति की गंभीरता को देखते चिकित्सक द्वारा जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किए जाने पर अनूपपुर पहुंचने दौरान चिकित्सकों द्वारा उपचार करते हुए बालक की स्थिति गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया, किंतु परिजनों द्वारा अन्य परिजनों के इंतजार करने की बात कह कर जिला चिकित्सालय में ही उपचार कर रहे थे, इसी दौरान शाम को बालक की उपचार दौरान मृत्यु हो गई ड्यूटी डॉक्टर हिमांशु पांडेय द्वारा जिला अस्पताल पुलिस को घटना की सूचना दिए जाने पर पुलिस के द्वारा परिजनों की उपस्थिति में मृत बालक के शव का पंचनामा कर पी,एम,करा कर बालक के शव का अंतिम संस्कार किए जाने हेतु देते हुए घटना की जानकारी बिजुरी थाना को अग्रिम कार्रवाई हेतु दी।

वहीं जिला मुख्यालय अनूपपुर से 7 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सोनमौहरी के वार्ड क्रमांक 16 फुटहाटोला में एक अत्यंत जहरीला कोबरा नाग जाति के सर्प बीमार एवं अर्ध बेहोश स्थिति में दिखने पर उनके द्वारा फोन से सोनमौहरी बीट के सुरक्षा श्रमिक एवं सर्पप्रहरी राम सिंह गोंड को दिए जाने पर जिस राम सिंह तत्काल स्थल पर पहुंचकर सर्प को देखकर उसे अपने पास रखते हुए जिला मुख्यालय अनूपपुर की सर्पपहरी शशिधर अग्रवाल को अवगत कराया, सोनमौहरी में पदस्थ पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी रूप सिंह धुर्वे ने सर्प की स्थिति देखकर अपने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ,योगेंद्र दीक्षित से परामर्श लेकर उपचार किया गया जिसे बेहतर उपचार हेतु राम सिंह अपने पास उपचार हेतु रखे हैं। सर्पप्रहरियों के प्रयास से एक अत्यंत जहरीले कोबरा नांग प्रजाति के सर्प की जान बच सकी।


 

हितग्राहियों को नही मिल रहा लाभ, सहायक रोजगार सचिव स्वयं व करीबियों को पहुँचा रहा है लाभ, जाँच की मांग


अनूपपुर

जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत बसही के सहायक रोजगार सचिव रामप्रकाश महरा पर शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को देने के बजाय स्वयं के हित लाभ लेने व अपने करीबियों पंचायत के कार्य देकर लाभ दिलाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर अनूपपुर को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत में संचालित होने वाली विभिन्न शासकीय योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाता है, लेकिन सहायक रोजगार सचिव द्वारा जरूरतमंद एवं पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ नहीं दिलाया जा रहा है। आरोप है कि रामप्रकाश महरा ने अपने नाम से कपिलधारा योजना के तहत तीन बार कूप निर्माण का लाभ प्राप्त किया है। इसके अलावा पंचायत में होने वाले कार्य को अपने करीबियों को देकर उनको लाभ पहुचाने का कार्य किया जाता है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि पंचायत क्षेत्र में सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए आने वाली निर्माण सामग्री जैसे रेत, गिट्टी और सीमेंट को अपने घर के सामने डंप करवाया जाता है। इसके अलावा अपने घर के समीप पानी की टंकी का निर्माण कराकर उसे ताला लगाकर बंद रखने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार पंचायत योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र हितग्राहियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर से सहायक रोजगार सचिव के कार्यों की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने तथा पात्र ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई है।

स्कूल में बच्चों को परोसा कीड़े वाले चावल, पानी वाली दाल, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत, जाँच की मांग


अनूपपुर

जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत बसही के ग्राम भर्राटोला स्थित शासकीय प्राथमिक पाठशाला में बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कलेक्टर अनूपपुर को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शासकीय प्राथमिक पाठशाला भर्राटोला (बसही), डाइस कोड 23471100502 में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा बच्चों के लिए तैयार किया जाने वाला मध्यान्ह भोजन शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुरूप नहीं बनाया जा रहा है। आरोप है कि बच्चों को पानी जैसी पतली दाल दी जाती है, जबकि सब्जी में मुख्य रूप से केवल आलू और सोयाबीन की बड़ी का उपयोग किया जाता है।


ग्रामीण शिकायतकर्ताओं ने भोजन की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप के अनुसार चावल में कीड़े पाए जाते हैं, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मध्यान्ह भोजन के लिए मिलने वाली खाद्यान्न सामग्री स्व-सहायता समूह के सुपुर्द करने के बजाय कथित तौर पर अन्य व्यक्ति के पास रखी जा रही है। इसके कारण विद्यालय में पर्याप्त खाद्य सामग्री उपलब्ध नहीं हो पाती और बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिल रहा है।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए बच्चों को शासन के निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है। हालांकि, मामले में संबंधित पक्ष का बयान समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget