समाचार 01 फ़ोटो 01
स्कूली छात्राओं के साथ अश्लील हरकत व छेड़छाड़ करने वाला आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, विभाग ने किया निलंबित
*पुलिस ने किया मामला हुआ दर्ज*
उमरिया
छोटी छोटी स्कूली बच्चियों से अश्लील कृत्य एवं छेड़छाड़ के साथ अभद्रता करना शिक्षक को पड़ा मंहगा, शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षा को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिले के मानपुर विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला सुल्तानपुर के सहायक शिक्षक कोमलचंद गुप्ता को छात्राओं से छेड़खानी एवं अश्लील कृत्य के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी व्दारा सहायक शिक्षक को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय मानपुर नियत किया गया है। कलेक्टर राखी सहाय के निर्देश पर शिक्षक के विरूध्द जांच की गई, जांच में शिक्षक पर लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद थाना इंदवार में शिक्षक के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने बताया की पुन्नू सिंह परस्ते ने बताया कि आरोपी शिक्षक कोमल चंद गुप्ता जो सुल्तानपुर विद्यालय में ही पदस्थ है उनके द्वारा नाबालिक बच्चियों से छेड़छाड़ और अश्लील कृत्य किए जाने की सूचना थाना प्रभारी इंदवार को प्राप्त हुई थी, जिसके विरुद्ध इन्दवार थाने में धारा 295, 351(3), 64(2)(b), 64(2)(m), 65(2), बीएनएस एवं 3 (2)(v) एस सी एस टी एक्ट, और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की धारा 51, 5एम, 5ओ, 5पी, 6 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं जानकारी मिली है, उक्त शिक्षक के द्वारा पूर्व में भी ऐसे कृत्य किए गए हैं उसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी और इसमें जो भी सहयोगी होंगे उनके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आरोपी शिक्षक का यह कोई पहला कारनामा नहीं है, उसके पूर्व भी कई बार और कई बच्चियों के साथ ऐसे कृत्य कर चुका है लेकिन हर बार धमकी और पैसे के बल पर बचता रहा है, कई बार तो अभिभावक बदनामी के डर से शिकायत नहीं किये, लेकिन इस बार अभिभावक इसके कृत्य को बर्दाश्त नहीं कर पाये और शिकायत कर दिए, जिसमें जिले की कलेक्टर तत्काल संज्ञान में लेकर कार्रवाई करवा दीं, वहीं ऐसे शिक्षक की तो सेवा ही समाप्त कर देनी चाहिये जो गुरु की मर्यादा के नाम पर कलंक साबित हो रहा है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज फर्जी मुकदमे के खिलाफ कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च, मोदी शाह का जलाया पोस्टर
अनूपपुर
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद भाजपा एवं आरएसएस से जुड़े लोगों द्वारा मंच के कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस घटना के दोषियों पर कार्यवाही करने के बजाय उत्तराखंड पुलिस द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं जननायक राहुल गांधी जी के खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक फर्जी एफआईआर दर्ज की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान का अपमान है।
इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में आज जिला मुख्यालय अनूपपुर में कांग्रेस कार्यालय से सामतपुर चौक तक विरोध मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया तथा मोदी-शाह के पोस्टर जलाकर तानाशाही और दमनात्मक कार्यवाही के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
विरोध मार्च के बाद कांग्रेसजन जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां संविधान विचार सभा का आयोजन किया गया। सभा को विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी जी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लेने तथा पूरे मामले में निष्पक्ष कार्यवाही की मांग की। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
समाचार 03 फ़ोटो 03
सर्प के डसने से युवक की हुई मौत, दो दिन से लापता बृद्ध का खेत मे मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर
अनूपपुर तथा जैतहरी थाना क्षेत्र में घटित दो घटनाओं में अत्यंत जहरीले करैत सर्प के डसने से युवक की तथा कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ताराडांड गांव में दो दिन बाद बृद्ध का शव उनके ही खेत में मिलने पर की सूचनाओं पर पुलिस के द्वारा कार्यवाही की जा रही है।
जैतहरी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बैहार के गूझी गांव में 33 वर्षीय गोरेलाल सिंह पिता दलबीर सिंह गोड़ जो खाना-पीना खाने बाद घर के अंदर पलंग पर सोए था, तभी अचानक एक अत्यंत जहरीला करैत प्रजाति का सर्प बिस्तर पर चढ़कर उनके बाएं पैर में काट लिया, जिसे परिजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी ले जाने पर परीक्षण दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित करते हुए, जैतहरी पुलिस को सूचना दिए जाने पर पुलिस के द्वारा प्रारंभिक कार्यवाही कर मृतक के शव का पंचनामा एवं पी,एम, कार्रवाही करा कर मृतक के शव के अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सोपा।
वही अनूपपुर कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम ताराडांड के खजूर टोला में 65 वर्षीय वृद्ध बेसाहूलाल पटेल पिता रामदयाल पटेल जो 30 अगस्त की सुबह दस बजे तक घर से कहीं चले जाने, पता नहीं चलने पर परिजनों द्वारा खोजबीन की जा रही थी, जिनका मृत हालात में शव सुबह घर से डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित मृतक के ही खेत के मेढ में मिलने पर कोतवाली थाना अनूपपुर को सूचित किए जाने पर सहायक उप निरीक्षक महिपाल प्रजापति द्वारा स्थल का निरीक्षण कर, मृतक के शव का पंचनामा एवं अन्य कार्यवाही करते हुए शव का जिला चिकित्सालय अनूपपुर में पी,एम,करा कर मृतक के शव का अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंपते हुए जांच की जा रही है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
चोरी में उपयोग की गई ट्रैक्टर व चोरी की गई ट्रॉली पुलिस ने किया जब्त, नाबालिग पुलिस अभिरक्षा में
अनूपपुर
थाना रामनगर पुलिस को ट्रॉली चोरी के प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने चोरी में प्रयुक्त स्वराज ट्रैक्टर एवं चोरी गई ट्रॉली बरामद करते हुए एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है। 24 अगस्त 2026 को ग्राम भलवाही निवासी देव सिंह गोंड उम्र 56 वर्ष ने थाना रामनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसके घर के बाहर खड़ी ट्रॉली क्रमांक BAF-117319 चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए ट्रॉली की कीमत ₹1,25,000 थी।
इस संबंध में थाना रामनगर में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। जांच के दौरान चोरी में उपयोग किया गया स्वराज ट्रैक्टर चेसिस नंबर MBNCA49 NKSTE 43602, वाहन क्रमांक CG 31 C 2790) तथा चोरी गई ट्रॉली विधि-विरुद्ध नाबालिग उम्र 17 वर्ष, निवासी भेड़वा टोला, थाना भालूमाड़ा के कब्जे से बरामद की गई।
पुलिस ने ट्रैक्टर एवं ट्रॉली को विधिवत जप्त कर अग्रिम विवेचना कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार व अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर से हुई शिकायत, जांच की मांग
अनूपपुर
जमुना कोतमा ग्राम पंचायत सकोला, जनपद पंचायत अनूपपुर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्राम पंचायत के पंच नरेंद्र कुमार साहू ने कलेक्टर अनूपपुर के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने सचिव प्रभारी रमेश कुमार विश्वकर्मा एवं रोजगार सहायक के संबंध में विभिन्न पंचायत कार्यों और भुगतान प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 18 जनवरी 2024 से जुलाई 2024 के बीच पंचायत के विभिन्न कार्यों में आवश्यक दस्तावेजों के बिना बिल लगाए गए तथा कथित रूप से फर्जी बिलों के माध्यम से राशि का आहरण किया गया। शिकायत में महिला आदिवासी सरपंच के हस्ताक्षर के कथित दुरुपयोग का आरोप भी लगाया गया है।
इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने एक ही समग्र आईडी में मां और बेटे दोनों को आवास स्वीकृत किए जाने तथा ग्राम पंचायत सकोला में आवास योजना से संबंधित राशि में कथित अनियमितता का मुद्दा भी उठाया है। शिकायत 1 सितंबर 2026 को कलेक्टर कार्यालय में दर्ज कराई गई है। मामले में संबंधित विभाग से जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
मांग की है कि पंचायत में हुए कार्यों, भुगतान और संबंधित दस्तावेजों का निष्पक्ष सत्यापन कराया जाए तथा जांच में यदि कोई अनियमितता अथवा वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
समाचार 06 फ़ोटो 06
दो अलग-अलग हत्याकांड में न्यायालय ने 7 आरोपियों को सुनाई आजीवन कारावास की सजा
शहडोल
बुढ़ार एवं शहडोल में हुए दो अलग-अलग चर्चित हत्याकांडों के कुल सात आरोपियों को आज न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। अपर सत्र न्यायालय बुढ़ार से सजा पाने वाले आरोपियों में लाला बैगा उर्फ मड़दा, पिता रमेश कुमार, आयु 21 वर्ष, अंजू उर्फ अंजली द्विवेदी, पति दीपक सिंह, आयु 42 वर्ष, प्रियंका मिश्रा, पिता दयानारायण मिश्रा, आयु 33 वर्ष, अलका उर्फ शैलजा द्विवेदी, पति अरविंद शर्मा, आयु 24 वर्ष तथा आभा द्विवेदी, पिता स्व. अमर द्विवेदी, आयु 21 वर्ष, सभी निवासी वार्ड नंबर-15, टिकुरीटोला बुढ़ार, थाना बुढ़ार शामिल हैं।
आरोपियों ने 27 मई 2024 की रात करीब 9 बजे आरक्षी केंद्र बुढ़ार क्षेत्रांतर्गत वार्ड नंबर-15, टिकुरीटोला बुढ़ार में कुशमी कोल के घर के सामने घातक हथियारों, लाठी, डंडे और हॉकी से लैस होकर पड़ोस में रहने वाले जोगेंद्र सिंह एवं उसके अन्य साथियों पर प्राणघातक हमला किया था। इलाज के दौरान दो दिन बाद जोगेंद्र सिंह बघेल की जबलपुर अस्पताल में मौत हो गई थी। इस प्रकरण में बीते 25 अगस्त को न्यायालय ने फैसला सुरक्षित रख लिया था और आज फैसला सुनाया गया।
इसी प्रकार कोतवाली शहडोल अंतर्गत रेलवे कॉलोनी में दीपावली के दूसरे दिन 13 नवंबर 2023 की रात हुए दोहरे हत्याकांड में रिजवान कुरैशी, पिता अब्दुल वदूद कुरैशी, उम्र 24 वर्ष, निवासी दरभंगा चौक शहडोल एवं शीनू लक्ष्मणन हत्याकांड के आरोपी सचिन मोजरकार और उसके भाई चंद्रशेखर मोजरकर को भी न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आरोपियों ने दीपावली के दूसरे दिन मामूली कहासुनी के बाद तलवार एवं अन्य घातक हथियारों से हमला कर रिजवान और शीनू को मौत के घाट उतार दिया था।
समाचार 07 फ़ोटो 07
200 नल नल योजना पर 4 करोड़ का बिजली बिल बकाया, कुछ जगह काटे गए बिजली कनेक्शन, जलापूर्ति पर पड़ेगा असर
उमरिया
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से पानी पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई नल-जल योजनाएं अब बिजली बिल के भारी बकाये के कारण संकट में नजर आ रही हैं। जिले की करीब 200 नल-जल योजनाओं पर लगभग 4 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया होने की जानकारी सामने आई है। बकाया राशि जमा नहीं होने के कारण कुछ स्थानों पर बिजली कनेक्शन काटे जाने की बात भी सामने आ रही है। इससे ग्रामीण इलाकों में जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या दूर करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा नल-जल योजनाओं का निर्माण कराया गया था। योजना तैयार होने के बाद विभाग कुछ समय तक ट्रायल के रूप में उसका संचालन करता है। इसके बाद योजना संबंधित ग्राम पंचायत को सौंप दी जाती है। योजना हस्तांतरित होने के बाद उसके संचालन, रखरखाव और बिजली बिल सहित अन्य खर्चों की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की होती है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एच.एस. धुर्वे ने बताया कि सरकार विभाग को नल-जल योजनाओं के निर्माण की जिम्मेदारी देती है। निर्माण पूरा होने के बाद विभाग कुछ दिनों तक ट्रायल के रूप में योजना का संचालन करता है और इसके बाद उसे ग्राम पंचायत के हवाले कर दिया जाता है। पंचायत को योजना सौंपे जाने के बाद उसके रखरखाव और बिजली बिल सहित अन्य खर्चों का भुगतान पंचायत की जिम्मेदारी होती है।
इसका सीधा असर नल जल योजनाओ पर पड़ेगा, जिनके घरों तक पानी पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर ये योजनाएं तैयार की गई हैं।जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ने कहा कि उनके पास अभी तक किसी भी पंचायत से नल-जल योजना का बिजली कनेक्शन काटे जाने की सूचना नहीं आई है। यदि किसी स्थान पर ऐसा हुआ है तो इस संबंध में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी से चर्चा की जाएगी।
समाचार 08 फ़ोटो 08
बारिश में स्कूल की छत से पानी टपकने पर स्कूल हुआ बन्द, ग्रामीण ने पढ़ाई के लिए बरामदा दिया निशुल्क
शहडोल
जैतपुर क्षेत्र की गलहथा पंचायत में तस्वीर इन दावों से उलट नजर आ रही है। यहां शासकीय प्राथमिक विद्यालय मौहरटोला, संकुल केंद्र खमरिया का भवन इतना जर्जर हो चुका है कि बारिश के दौरान छत से पानी टपकने लगता है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए भवन में कक्षाएं लगाना मुश्किल हो गया। ऐसे में गांव के एक व्यक्ति ने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए अपने घर का बरामदा निशुल्क उपलब्ध करा दिया। पिछले एक माह से अधिक समय से इसी बरामदे में स्कूल संचालित हो रहा है।
स्कूल भवन काफी पुराना है और पिछले कुछ वर्षों में लगातार जर्जर होता गया। बारिश के दौरान छत समेत भवन के अन्य हिस्सों से पानी टपकने की समस्या और बढ़ गई। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई। संकुल स्तर पर भी पत्राचार किया गया, लेकिन भवन की मरम्मत नहीं हो सकी।
हालात ऐसे बने कि स्कूल भवन में कक्षाएं संचालित करना बंद करना पड़ा। इसके बाद शिक्षक ने ग्रामीणों से चर्चा की। स्कूल भवन से करीब 50 मीटर की दूरी पर रहने वाले प्रहलाद सिंह ने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अपने घर का बरामदा स्कूल संचालन के लिए निशुल्क दे दिया। अब शिक्षक रोजाना इसी बरामदे में बच्चों को पढ़ा रहे है।