समाचार 01 फ़ोटो 01
40 बच्चे स्कूल जाने के लिए उफनती नदी को करते हैं पार, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा, शिक्षा विभाग कुम्भकर्णी नींद में
*हायर सेकेंडरी स्कूल बिलासपुर का मामला*
उमरिया
करकेली विकासखंड के मानिकपुर गांव के विद्यार्थियों के लिए बड़की नदी अब बड़ी मुसीबत बन गई है। गांव के करीब 40 बच्चे रोजाना अपनी पढ़ाई के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार कर हायर सेकेंडरी स्कूल बिलासपुर पहुंच रहे हैं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को नदी में कई जगह कमर तक भरे पानी और तेज बहाव के बीच रास्ता तय करना पड़ रहा है।
सोमवार को सामने आए एक वीडियो ने बच्चों की इस परेशानी को उजागर कर दिया। वीडियो में विद्यार्थी समूह में नदी पार करते नजर आ रहे हैं। बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव भी तेज है। ऐसे हालात में बच्चों का नदी पार करना कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। इसके बावजूद स्कूल पहुंचने के लिए विद्यार्थियों के सामने सुरक्षित और आसान विकल्प उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार मानिकपुर गांव से बड़की नदी पार करने के बाद बिलासपुर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल की दूरी करीब एक किलोमीटर है। यदि विद्यार्थी नदी पार करने वाले रास्ते का इस्तेमाल नहीं करते हैं तो उन्हें करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। सामान्य दिनों में जिस नदी को पार करना संभव होता है, बारिश के बाद उसी नदी में पानी का स्तर और बहाव दोनों बढ़ जाते हैं। ऐसे में छोटे-बड़े सभी विद्यार्थियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी दिन अचानक पानी बढ़ने पर बड़ी घटना हो सकती है। अभिभावकों की मांग है कि प्रशासन बारिश के मौसम को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करे। उनका कहना है कि शिक्षा के लिए बच्चों को अपनी जान जोखिम में डालने की स्थिति किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो तेज बारिश के दौरान यह रास्ता किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
हायर सेकेंडरी स्कूल बिलासपुर के प्रभारी प्राचार्य अमित पटेल ने बताया कि उन्हें विद्यार्थियों के नदी पार करके स्कूल आने की जानकारी नहीं थी। बच्चों की ओर से भी इस संबंध में स्कूल प्रबंधन को कोई सूचना नहीं दी गई।
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आया है। जिला शिक्षा अधिकारी बीएस बरकड़े ने कहा कि स्कूल के प्राचार्य से पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी और आवश्यक जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि विद्यार्थियों को नदी पार करके स्कूल आने की सुरक्षित व्यवस्था की जाएगी।
समाचार 02 फ़ोटो 02
ग्राम पंचायत में कार्यालयीन समय पर लटका रहता है ताला, बड़ी लापरवाही, ग्रामीण परेशान
*हितग्राहियों के नही हो रहे हैं काम*
अनूपपुर
अनूपपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत आमाडांड में प्रशासनिक व्यवस्था की लापरवाही सामने आई है। कार्यालयीन समय के दौरान पंचायत भवन पर ताला लटका मिलने से पंचायत का कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन में सचिव और सरपंच अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। पंचायत की पूरी व्यवस्था ग्राम रोजगार सहायक के भरोसे संचालित हो रही है। जबकि पंचायत की औपचारिक कार्यप्रणाली, विकास कार्यों की निगरानी, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीणों की शिकायतों के निराकरण के लिए सरपंच एवं पंचायत सचिव की नियमित उपस्थिति आवश्यक है।
बताया जा रहा है कि पंचायत भवन बंद रहने के कारण ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास, मनरेगा, राशन तथा अन्य शासकीय योजनाओं से संबंधित जानकारी और आवश्यक कार्यों के लिए भटकना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की अव्यवस्था की शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
गौरतलब है कि कोतमा क्षेत्र में हाल के दिनों में प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली है। नवागत कलेक्टर द्वारा स्कूलों का निरीक्षण किया गया, वहीं विभिन्न जनपद पंचायतों में जनकल्याण शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए गए। इसके बावजूद आमाडांड ग्राम पंचायत की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी पंचायत भवन में लटके ताले और कर्मचारियों की कथित उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करेंगे, या फिर मामला केवल जांच और कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही पंचायत की व्यवस्था सुधरेगी और उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
इनका कहना है।
आपके द्वारा हमें जानकारी प्राप्त हुई है कि ग्राम पंचायत में ताला बंद है, हम दिखवाते हैं कि ग्राम पंचायत में ताला क्यों बंद है।
आदेश टोप्पो, पंचायत इंस्पेक्टर, जनपद पंचायत, अनूपपुर*
समाचार 03 फोटो 03
श्रावण मास के चौथे सोमवार को उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवभक्ति में सराबोर हुई पवित्र नगरी
*छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री पहुँचे अमरकंटक, ज्वालेश्वर महादेव के किए दर्शन*
अनूपपुर
भगवान भोलेनाथ को समर्पित पवित्र श्रावण मास के चौथे एवं अंतिम सोमवार को पवित्र नगरी अमरकंटक में आस्था, भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही नर्मदा उद्गम क्षेत्र सहित नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव, बोल बम और नर्मदे हर के जयघोष से समूचा तीर्थ क्षेत्र गुंजायमान रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा जलाभिषेक कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर अमरकंटक में राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा अपने समर्थकों के साथ अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने पवित्र तीर्थस्थलों के दर्शन किए और ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने भगवान महादेव से प्रदेश एवं देश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
श्रावण मास के अंतिम एवं चौथे सोमवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अरुण ताम्रकार ने भी अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया।
उन्होंने नर्मदा उद्गम मंदिर कुंड से पवित्र नर्मदा जल लेकर 11 रुद्र महादेव, सिद्धेश्वर महादेव तथा ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं दर्शन किए। इस दौरान सेवा दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रावण मास का अंतिम सोमवार अमरकंटक के लिए श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। ज्वालेश्वर महादेव के दरबार से लेकर नर्मदा उद्गम क्षेत्र और नगर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तक दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। लगभग 80 हजार से अधिक भक्ति श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान दर्शन पूजन अर्चन किया। नर्मदा उद्गम की पुण्यभूमि पर गूंजते ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘नर्मदे हर’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
समाचार 04 फ़ोटो 04
तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, युवक की घटनास्थल में हुई मौत
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। साखी बंधा के आगे सीधी रोड पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान संदीप कोल उम्र 21 वर्ष, पिता पदुम कोल, निवासी खड्डा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, संदीप रविवार देर शाम ब्यौहारी से अपने घर की ओर जा रहा था। वह बाइक पर अकेला सवार था। जैसे ही वह साखी बंधा के आगे सीधी रोड पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ब्यौहारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मोटरसाइकिल तेज रफ्तार होने के कारण घटना घठित हुई है।
समाचार 05 फोटो 05
ग्रामीणों ने सड़क पर धान का रोपा लगाकर खराब सड़क का किया विरोध, 30 साल से कर रहे हैं मांग
शहडोल
जैतपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत गलहथा में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने अब अनोखे अंदाज में विरोध जताया है। करीब 30 साल से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने कीचड़ से सनी सड़क पर ही धान का रोपा लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतें और आवेदन देने के बावजूद जब सड़क नहीं बनी तो अब उन्होंने सड़क को ही खेत बना दिया है।
मामला ग्राम पंचायत गलहथा के वार्ड नंबर 15 का है। ग्रामीण सुरेश सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर 15 से मुख्य सड़क और स्कूल तक पहुंचने के लिए करीब आधा किलोमीटर लंबा यह मार्ग प्रमुख रास्ता है। बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इससे ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों के अनुसार, यह समस्या एक-दो साल पुरानी नहीं, बल्कि करीब तीन दशक से बनी हुई है। इस दौरान कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों से सड़क निर्माण की शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लगातार बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है।
इसी समस्या से नाराज नवल सिंह, पहलाद सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने एकजुट होकर सड़क पर धान का रोपा लगा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब बारिश के दौरान सड़क पर खेत जैसी स्थिति बन ही जाती है तो उन्होंने इसे खेत का रूप देकर अपना विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों का यह अनोखा विरोध क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीण पहलाद सिंह ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि सड़क पर धान की फसल तैयार हो गई तो इससे होने वाले अनाज से ग्रामीणों की भरपाई कर लेंगे।
इधर, ग्राम पंचायत गलहथा के सचिव चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि सड़क की समस्या से पंचायत भी अवगत है। ग्राम सभा में कई बार सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है और बजट को लेकर भी चर्चा हुई है। बारिश समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही गई है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
अनाथ युवती से जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए पटवारी ने मांगा रिश्वत, आपत्तिजनक मैसेज करने का आरोप
शहडोल
सोहागपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती ने बताया कि उसके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और ग्राम पंचायत चापा में उनकी पुश्तैनी जमीन है। जमीन संबंधी काम और जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए उन्होंने हल्का नंबर 72 के पटवारी आशीष सोनकर से संपर्क किया था।
शिकायत के अनुसार युवती का आरोप है कि काम कराने के एवज में उनसे 20 हजार रुपए की मांग की गई, जिसमें से 15 हजार रुपए नकद देने का दावा किया गया है। युवती ने लेन-देन और बातचीत से संबंधित व्हाट्सऐप चैट को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित होने की बात कही है।
शिकायत का सबसे गंभीर पहलू पटवारी पर अश्लील और आपत्तिजनक व्हाट्सऐप बातचीत करने का आरोप है। युवती का दावा है कि पटवारी ने काम कराने के बदले उसे होटल में बुलाने और अपने साथ रहने जैसी बातें कहीं, युवती ने इसे अपने शासकीय पद और अधिकार का दुरुपयोग बताते हुए मानसिक दबाव और शोषण का प्रयास बताया है।
युवती का यह भी आरोप है कि शिकायत करने की बात कहने के बाद उसके जमीन संबंधी काम नहीं किए गए और जाति प्रमाण-पत्र भी नहीं बनाया गया, वहीं पटवारी के सहयोगी रवि पर शिकायत नहीं करने के लिए दबाव बनाने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
इस मामले में कलेक्टर के समक्ष शिकायत और साक्ष्य प्रस्तुत किए गए थे। अब युवती ने स्वयं कलेक्टर के समक्ष शिकायत देकर व्हाट्सऐप चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने तथा मामले में विभागीय कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
शिव मंदिर प्रांगण में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, विशाल भंडारे के साथ सावन सोमवार संपन्न
अनूपपुर
नगर परिषद बरगवां अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 07 स्थित पुरानी शिव मंदिर, सीआरओ कैंप अमलाई के प्रांगण में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में पहुंचने लगी। पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं ने विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी तथा उनकी मित्र मंडली द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन के अंतिम सोमवार पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में क्षेत्र सहित आसपास के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
आयोजन समिति के अनुसार, लगभग 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ धार्मिक उत्साह में नजर आए।
भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवन चीनी एवं उनकी मित्र मंडली द्वारा किए गए इस धार्मिक आयोजन की सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन के अंतिम सोमवार पर आयोजित यह भंडारा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सेवा और समर्पण की भावना का भी संदेश देता है। इस अवसर पर पवन चीनी एवं उनकी मित्र मंडली ने कहा कि भगवान शिव की आराधना करने के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
07 अप्रैल 2026 को रात्रि के समय एक नाबालिग बालिका अपने घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने और रिश्तेदारों से संपर्क करने के बावजूद जब बालिका का कोई पता नहीं चला, तो स्थानीय थाने में गुमशुदगी व अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत विवेचना शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से अपहृत बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। न्यायालय में दर्ज कराए गए कथनों के आधार पर मामले में दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी।
साइबर सेल से प्राप्त सटीक तकनीकी जानकारियों के आधार पर बिजुरी पुलिस की टीम ने दबिश देकर आरोपी ध्रुव प्रताप सिंह को तेलंगाना के हैदराबाद से धर दबोचा। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।