समाचार 01 फ़ोटो 01
लोहे के प्रीकास्ट मोल्ड सांचा चोरी करने वाले गिरोह के 6 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, चोरी का सामान जब्त
अनूपपुर
थाना प्रभारी बिजुरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोहे की प्रीकास्ट मोल्ड सांचा (सेन्टिंग प्लेट) चोरी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
राजेश कुमार गौतम पिता श्रीनिवास गौतम निवासी अनूपपुर ने थाना बिजुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम बहेराबांध स्थित उनके प्लांट से दिनांक 06 अगस्त 2026 की रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा प्रीकास्ट पोल एवं पैनल बनाने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के सांचे/सेन्टिंग प्लेट चोरी कर लिए गए हैं। फरियादी की शिकायत पर थाना बिजुरी में अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 276/26, धारा 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया एवं तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी गए समस्त लोहे के सांचे बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹90,000/- (नब्बे हजार रुपये) है।
आरोपियों में ओम प्रकाश यादव पिता अशोक कुमार यादव उम्र 23 वर्ष, संजू भैना पिता रामखेलावन भैना उम्र 23 वर्ष, मनीष पाव पिता सुभाष पाव उम्र 23 वर्ष, मिथलेश साहू पिता सूरज साहू उम्र 18 वर्ष 2 माह, राम अवतार विश्वकर्मा पिता समय लाल विश्वकर्मा उम्र 26 वर्ष, वीरेंद्र साहू पिता चमरू साहू उम्र 23 वर्ष। उपरोक्त सभी 6 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय कोतमा के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण का एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस द्वारा सघन पता-तलाश जारी है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
अनूपपुर
अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमरकंटक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अमरकंटक थाना पुलिस को अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली।पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। पुलिस ने मौके पर वाहन को रोककर जांच की, जिसमें ट्रॉली में रेत भरी हुई पाई गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना अमरकंटक में सुरक्षित खड़ा कराया।
पुलिस ने वाहन चालक किशन कुमार बैगा के विरुद्ध थाना अमरकंटक में अपराध क्रमांक 133/26 दर्ज किया है। प्रकरण में धारा 303(2), 317(5) बीएनएस, 4/21 खनिज अधिनियम तथा 130(3)/177, 3/181 एवं 5/180 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में रेत के स्रोत, परिवहन एवं बिक्री से संबंधित तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी को पत्रकारों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अनूपपुर
मुख्यालय मे आज मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पूर्व मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष आदरणीय स्व शरद जोशी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों मे 11 अगस्त , मंगलवार को शोक सभाओं का आयोजन करके स्व जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।अनूपपु्र और अमरकंटक मे भी शोक सभा का आयोजन किया गया। अनूपपु्र मे आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, संभागीय अध्यक्ष अजीत मिश्रा, जिलाध्यक्ष राजेश पयासी , जिला उपाध्यक्ष आकाश नामदेव, जिला महासचिव अनुपम सिंह मोनू, वरिष्ठ सदस्य साथी आनंद पाण्डेय के साथ अन्य पत्रकारों ने स्व जोशी जी की तस्वीर पर पुष्पाजंलि अर्पित कर अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी।
इसके पश्चात दो मिनट का मौन रख कर पुण्यात्मा की शांति के प्रार्थना की गयी। वहीं अमरकंटक मे संघ के संरक्षक धनंजय तिवारी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष उमाशंकर मुन्नू पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार श्रवण तिवारी, सोमू दुबे, संजय विश्वास, अंजय तिवारी,राजेन्द्र मिश्रा, विपुल बरसैंया के साथ अमरकंटक के पत्रकार साथियों द्वारा मंगलवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समाचार 04 फ़ोटो 04
शराबी युवक घुस गया विद्यालय में करने लगा अजीब हरकतें, पुलिस से भी उलझ गया, सुरक्षा पर उठे सवाल
शहडोल
जिले के बुढार थाना क्षेत्र के दमकी टोला स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में एक युवक स्कूल परिसर में घुस गया। युवक बच्चों की कक्षा में पहुंचकर अजीबोगरीब हरकतें करने लगा। इससे कक्षा में मौजूद बच्चे डर गए और शिक्षक भी परेशान हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक दोपहर करीब तीन बजे शराब के नशे में स्कूल पहुंचा। इसके बाद वह सीधे बच्चों की कक्षा में घुस गया। उसने बच्चों के सामने गाने गाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि वह बार-बार 'मैं तेरे प्यार में पागल हूं' जैसे गीत गा रहा था। इसी दौरान उसने शिक्षक की कुर्सी को इधर-उधर घसीटा और कुछ देर बाद फर्श पर लेटकर अपना सिर पटकने लगा। युवक की हरकतों से बच्चे सहम गए। स्कूल में हंगामे की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल के बाहर खड़े होकर खिड़कियों से अंदर का घटनाक्रम देखते रहे।
स्थिति बिगड़ती देख स्कूल के शिक्षक ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुढार थाना क्षेत्र की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवक को स्कूल से बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान युवक कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से भी उलझ गया और भागने की कोशिश करने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी युवक की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पुलिस वाहन के पास युवक को डंडे से पीटे जाने का दृश्य भी नजर आ रहा है। घटना के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
समाचार 05 फ़ोटो 05
खेलते- खेलते कुँए में गिरा किशोर, डूबने से हुई मौत, पुलिस मामले की जांच में जुटी
शहडोल
जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मैकी में दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते समय एक आठ वर्षीय बालक घर के कुएं के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। हादसे में बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे कुएं से बाहर निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भी मातम का माहौल है। घटना की जानकारी जब बालक के स्कूल प्रबंधन को मिली तो विद्यालय में शोक का माहौल छा गया। बालक की स्मृति में स्कूल में शोक सभा आयोजित की गई। इसके बाद विद्यालय की छुट्टी कर दी गई। मासूम की मौत से उसके सहपाठी और शिक्षक भी गमगीन हैं।
पुलिस के अनुसार, मृत बालक की पहचान शिवम उर्फ शुभम नायक (8), पिता नीलमणि नायक, निवासी ग्राम मैकी, थाना सोहागपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि बालक घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह कुएं के पास चला गया और अचानक उसमें गिर गया। कुछ देर बाद परिजनों को बालक के कुएं में गिरने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल उसे कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल लेकर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने बालक की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने की सूचना मिलते ही परिजन बेसुध हो गए।
समाचार 06 फ़ोटो 06
AITUC, HMS, INTUC और CITU ने किया जोरदार प्रदर्शन, महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, जल्द वार्ता शुरू करने की मांग
अनूपपुर
कोल इंडिया लिमिटेड एवं उसकी सहायक कंपनियों के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए 12वें वेतन समझौते (JBCCI-XII) की वार्ता समिति के गठन में हो रही देरी को लेकर संयुक्त श्रम संघ ने जमुना-कोतमा क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। AITUC, HMS, INTUC और CITU से जुड़े श्रमिक नेताओं एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रबंधन के समक्ष अपनी मांगें रखीं और महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर वार्ता समिति का गठन जल्द कराने की मांग की। इस संयुक्त श्रम संघ में BMS शामिल नहीं है।
संयुक्त श्रम संघ ने अपने ज्ञापन में कहा कि 12वें वेतन समझौते की प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों में असंतोष और चिंता की स्थिति बनी हुई है। लंबे समय से वार्ता समिति के गठन में हो रही देरी को समाप्त करते हुए जल्द समिति गठित की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर वेतन समझौते की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। श्रमिक संगठनों का कहना है कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच वार्ता जल्द शुरू होना आवश्यक है
HMS के श्रीकांत शुक्ला ने कहा कि 12वां वेतन समझौता कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण विषय है। वार्ता समिति के गठन में अनावश्यक विलंब से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन को श्रमिक संगठनों की मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द वार्ता समिति का गठन करना चाहिए, ताकि वेतन समझौते की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सके। उन्होंने श्रमिक हितों के साथ औद्योगिक शांति और उत्पादन व्यवस्था को बनाए रखने के लिए संवाद को आवश्यक बताया।
संयुक्त श्रम संघ से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपते हुए 12वें वेतन समझौते के लिए वार्ता समिति का गठन जल्द करने और वार्ता प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की गई।
समाचार 07 फ़ोटो 07
हर घर तिरंगा अभियान के तहत ब्लॉसिंग फ्लावर स्कूल से मार्चिंग बैंड के साथ निकली विशाल तिरंगा यात्रा
उमरिया
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत जिला कलेक्टर राखी सहाय एवं जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया के मार्गदर्शन में युवा टीम उमरिया द्वारा बिरसिंहपुर पाली स्थित ब्लॉसिंग फ्लावर इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल से मार्चिंग बैंड के साथ विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
तिरंगा यात्रा में विद्यालय के करीब 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों के मार्चिंग बैंड के साथ निकली यात्रा में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ नगर का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।पाली पुलिस ने संभाली सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थातिरंगा यात्रा के दौरान पाली पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात की व्यापक व्यवस्था की गई। पुलिस बल ने यात्रा के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग किया।इस दौरान उपनिरीक्षक एस.बी. सिंह, वीरेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक अजय सिंह एवं आरक्षक नरसिंह धुर्वे सहित पुलिस बल मौजूद रहा।इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य सुमित्रा रॉय ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की, जो सराहनीय है।युवा टीम उमरिया के हिमांशु तिवारी ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। युवा टीम उमरिया द्वारा अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ के संकल्प के साथ युवाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत कर रही है।
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ एवं ‘भारत माता की जय’ जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। मार्चिंग बैंड की धुन और हाथों में लहराते तिरंगे ने यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया।यात्रा में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करना रहा।
समाचार 08 फ़ोटो 08
आईटीआई तथा बालक आश्रम का जिला पंचायत सीईओ ने किया औचक निरीक्षण
अनूपपुर
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने आज जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित राजा शंकर शाह,रघुनाथ शाह बालक आश्रम (अंग्रेजी माध्यम) परसवार, अनूपपुर तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अनूपपुर का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया गया।
बालक आश्रम अनूपपुर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अध्यनरत विद्यार्थियों से संवाद कर अध्ययन- अध्यापन कार्य की जानकारी ली तथा शिक्षकों को नियमित अभ्यास के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने भवन तथा रसोई घर का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अनूपपुर का भ्रमण करते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने व्यवस्थाओं को सुधारने तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा आईटीआई के विभिन्न ट्रेड के रिक्त स्थान की पूर्ति के लिए आवश्यक प्रचार- प्रसार कर रिक्त सीटों की पूर्ति के निर्देश दिए।
उन्होंने भ्रमण के दौरान आईटीआई परिसर व प्रसाधन कक्ष मे साफ सफाई का अभाव होने पर नाराजगी जताई। आईटीआई के प्रशिक्षण कक्षो का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से पढ़ाई की जानकारी ली।इस दौरान एसडीएम अनूपपुर प्राशी अग्रवाल तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
समाचार 09
अधिक मूल्य पर उर्वरक बेचने पर होगी सख्त कार्यवाही
उमरिया
उपसंचालक कृषि ने जिले के सभी कृषकों से कहा है कि वे खरीफ रबी फसल हेतु उर्वरक (खाद) क्रय करते समय शासन द्वारा निर्धारित दरों का ही भुगतान करें। उर्वरक विक्रेता निर्धारित विक्रय मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक की बिक्री न करें। कृषि विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई भी खाद विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निलंबित, निरस्त करनाा एवं प्राथमिकी दर्ज करना शामिल है।
समाचार 10
खिलाडि़यों व युवा निकालेंगे तिरंगा यात्रा
उमरिया
भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक जिले में “हर घर तिरंगा” अभियान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। । अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में 12 अगस्त को खेल एवं युवा कल्याण द्वारा खिलाडि़यों एवं युवाओं की तिरंगा यात्रा, खेल गतिविधियां एवं देशभक्ति कार्यक्रम, रंगोल, रैलियां, छात्र, छात्राओं की तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

