रक्षाबंधन से पहले बचपन प्ले स्कूल के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों के साथ मनाया त्योहार


अनूपपुर

बचपन प्ले स्कूल, अनूपपुर के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रक्षाबंधन के पावन पर्व के पहले कुछ खास अंदाज़ में मनाया त्योहार मनाया। विद्यालय के छात्रों ने अनूपपुर कोतवाली का भ्रमण कर वहां तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधी। इस अवसर पर बच्चों ने राखियां बांधीं और मिठाइयाँ भेंट कर पुलिस अधिकारियों को धन्यवाद दिया। बच्चों ने देश की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका को समझते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।

विद्यालय के प्राचार्य अंकुर गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रप्रेम और समाज के रक्षकों के प्रति आदर की भावना उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों को समाज से जोड़ती हैं और उन्हें वास्तविक जीवन के मूल्यों को समझने में मदद करती हैं।

कोतवाली प्रभारी अरविंद जैन सर सहित सभी पुलिसकर्मियों ने बच्चों के इस प्रेमपूर्ण कार्य को सराहा और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बच्चों की मासूमियत और स्नेह से पूरा माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। यह कार्यक्रम बच्चों के लिए न केवल एक यादगार अनुभव बना बल्कि एक सकारात्मक संदेश भी समाज में प्रसारित हुआ।

दो स्कूटी सवार युवतियों के नीच टक्कर, बीच सड़क बना अखाड़ा, जमकर हुई मारपीट


शहडोल 

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कलेक्टर निवास के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो स्कूटी सवार युवतियों के बीच मामूली टक्कर के बाद जमकर विवाद और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना करीब आधे घंटे तक चली, इस दौरान कई राहगीर मोबाइल से वीडियो बनाते रहे जबकि कुछ लोगों ने दोनों युवतियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन झगड़ा बढ़ता ही चला गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना स्थल से कोतवाली थाना महज कुछ मीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में आधे घंटे से अधिक का समय लग गया। तब तक दोनों युवतियां सड़क पर एक-दूसरे को खींचती-झिंझोड़ती रहीं। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और मामला सुलझाया। पुलिस के अनुसार, स्कूटी की मामूली टक्कर के चलते विवाद शुरू हुआ था और दोनों वाहनों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा था।

इस पूरी घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को चौंका दिया बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए। लोगों का कहना है कि जब थाना इतने पास है, तो इतनी देरी से पुलिस का पहुंचना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। घटना के चलते करीब आधे घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अज्ञात वाहन टक्कर से तड़पता रहा घायल शावक, मादा भालू बैठी रही सड़क पर, यातायात हुआ अवरुद्ध


शहडोल 

जिले के गोहपारू और जैतपुर वन परिक्षेत्र की सीमा पर स्थित बाड़ी नाले के पास एक मादा भालू ने घायल शावक को बचाने के लिए करीब एक घंटे तक सड़क पर डेरा जमाए रखा, जिससे चुहरी से जैतपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। यह मार्मिक घटना बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात की है।

जानकारी के अनुसार, मादा भालू अपने तीन शावकों के साथ सड़क पार कर रही थी, तभी किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से एक शावक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शावक को उठाकर अपने साथ ले जाने के लिए मादा भालू ने लगातार एक घंटे तक प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाई। अंततः वह अपने दो अन्य शावकों के साथ सड़क पर ही बैठ गई।

स्थानीय लोगों ने भालू को सड़क पर देखकर वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जैतपुर और गोहपारू वन विभाग की टीम ने मादा भालू और उसके दोनों शावकों को जंगल की ओर भगाया, और घायल शावक को उपचार के लिए गोहपारू ले जाया गया, लेकिन गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गई। जैतपुर रेंजर बृजलाल प्रजापति ने बताया कि हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर जाम में फंसे वाहनों को सुरक्षित निकाला और मादा भालू को सड़क से हटाया। बाद में घायल शावक को उपचार के लिए भेजा गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। वन विभाग के अनुसार, यह घटना वाहनों की तेज रफ्तार और जंगल से गुजरते मार्गों पर सुरक्षा उपायों की कमी के कारण हुई है। विभाग ने वाहन चालकों से रात के समय सतर्कता बरतने की अपील की है, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget