मालगाड़ी डिरेलमेंट का मुख्य आरोपी को आरपीएफ व टास्क फोर्स की टीम ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
बिलासपुर–अनूपपुर रेलखंड के करगीरोड स्टेशन पर 13 जुलाई 2026 को हुई मालगाड़ी डिरेलमेंट की घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी टास्क फोर्स टीम और आरपीएफ उसलापुर की संयुक्त कार्रवाई में अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ क्षेत्र से की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन नायक (29 वर्ष), निवासी ग्राम करपा, पोस्ट करपा, थाना करनपठार, तहसील पुष्पराजगढ़, जिला अनूपपुर के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार करगीरोड स्टेशन के लाइन नंबर-03 पर टी/एन बॉक्स-419 के डिरेलमेंट मामले में पवन नायक मुख्य आरोपी था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
गौरतलब है कि हादसे के बाद आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। लगातार तलाश और तकनीकी जांच के बाद आखिरकार उसे पुष्पराजगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। रेलवे प्रशासन ने कहा कि रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और रेल परिचालन में बाधा डालने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
