नाबालिग चोर को गिरफ्तार, बाइक जप्त, जीजा साले में हुआ विवाद, मोटरसाइकिल में लगा दी आग
शहडोल
जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में कुछ ही घंटों के अंतराल में एक ही स्थान से दो मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर कोटमा रोड स्थित टांकी नाला के पास झाड़ियों से चोरी की दोनों मोटरसाइकिल बरामद कर ली गईं।
जानकारी के अनुसार बाणगंगा क्षेत्र के पास से अलग-अलग समय पर दो मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। दोनों घटनाएं एक ही स्थान से होने के कारण पुलिस भी हैरान रह गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
फरियादी रविशंकर जायसवाल (40) निवासी ग्राम पटासी और दिलीप मिश्रा (47) निवासी बाणगंगा पेट्रोल पंप के पीछे, थाना सोहागपुर ने 10 मार्च को अपनी-अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना सोहागपुर में क्रमशः अपराध क्रमांक 97/26 और 98/26 धारा 305 (बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बाणगंगा कॉलोनी वार्ड नंबर 17 निवासी 14 वर्ष 10 माह के एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने दोनों मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर कोटमा रोड स्थित टांकी नाला के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने अपचारी बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
*मोटरसाइकिल में लगा दी आग, आरोपी फरार*
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के गोदावल में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जीजा-साले के बीच चल रहे झगड़े के चलते साले ने घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोदावल तिराहे के पास रहने वाले मोनू कुमार सोनी के घर के बाहर उनकी बाइक खड़ी थी। जीजा-साले के बीच हुए विवाद के बाद साले ने गुस्से में आकर बाइक में आग लगा दी। आग लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
आग लगने की घटना के बाद घर में सो रहे मोनू कुमार सोनी और उनके परिजन जाग गए। उन्होंने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और बाइक बुरी तरह जलने लगी। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय संसाधनों की मदद से आग को बुझाया गया। हालांकि तब तक बाइक को काफी नुकसान हो चुका था। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मोनू कुमार सोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
