दो मामले, दुकान में लगाई आग, 50 हजार का नुकसान, मांगे रुपए, दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में अड़ीबाजी कर पैसे वसूलने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में ग्राम भमरहा द्वितीय निवासी कमलेश प्रसाद द्विवेदी ने सोमावर को थाना ब्यौहारी में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बालकृष्ण उर्फ बाली शुक्ला ने शराब पीने और पार्टी करने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। जब फरियादी ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने जबरन डराकर फरियादी की पैंट की जेब से पांच हजार रुपये भी निकाल लिए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 119(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना ब्यौहारी पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जियाउल हक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में एक उप निरीक्षक एवं प्रधान आरक्षक हरपाल सिंह और आरक्षक गंगा सागर गुप्ता शामिल रहे।
*फल ठेले में लगाई आग, 50 हजार का नुकसान*
अनूपपुर जिले के बदरा बस स्टैंड में एक फल विक्रेता के ठेले में आग लगाने का मामला सामने आया है आग लगने से ठेले में रखा फल और पूरा ठेला जलकर राख हो गया, जिससे दुकानदार को करीब 45 से 50 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना भालूमाड़ा में दर्ज कराते हुए एक व्यक्ति पर शंका जाहिर की है
प्राप्त जानकारी के अनुसार बदरा बस स्टैंड में नारायण दास चौधरी का फल का ठेला संचालित होता है, जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बीती रात अज्ञात कारणों से ठेले में आग लग गई, जिससे ठेले में रखा पूरा फल और सामान जलकर नष्ट हो गया आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था
इस संबंध में रविदास चौधरी पिता नारायण दास चौधरी ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से बदरा बस स्टैंड में फल बेचने का काम करते हैं। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने ठेले में आग लगा दी, जिससे फल सहित पूरा ठेला जल गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में करीब 45 से 50 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है
फरियादी द्वारा थाने में दी गई रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि उसका पहले राकेश चौधरी से विवाद हो चुका है। फरियादी का कहना है कि राकेश चौधरी उससे रंजिश रखता था, इसलिए उसे शंका है कि संभवतः उसी ने ठेले में आग लगाई होगी
