समाचार 01 फ़ोटो 01

जिला प्रशासन ने पटवारियों की माँगें मानी, हड़ताल अवधि को अर्जित अवकाश में स्वीकृत करने के दिए निर्देश

*निलंबित पटवारियों को बहाल करने के निर्देश* 

​अनूपपुर

जिला प्रशासन अनूपपुर ने 12 फरवरी 2026 से हड़ताल कर रहे पटवारियों के हित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए उनकी हड़ताल अवधि और रुके हुए वेतन को लेकर आदेश जारी किए हैं। प्रशासन के इस रुख से जहाँ एक ओर अधिकांश पटवारियों में राहत की लहर है, वहीं दूसरी ओर कुछ पटवारी द्वारा पर निजी स्वार्थ के चलते आंदोलन को बेवजह खींचने के गंभीर आरोप भी लग रहे हैं।

​जिला प्रशासन ने पटवारियों की समस्याओं के निराकरण की दिशा में  महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हड़ताल अवधि को ​अर्जित अवकाश में स्वीकृति की अनुमति दी है। जिससे उनकी सेवा अवधि में कोई व्यवधान नहीं आएगा। वेतन आहरण के निर्देश हड़ताल के कारण रुके हुए जनवरी माह के वेतन को तत्काल आहरण करने की स्वीकृति दे दी गई है। ​निलंबन से बहाली विभिन्न प्रशासनिक कारणों से हड़ताल के पूर्व निलंबित किए गए पटवारियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पुनः सेवा में बहाल किया जा रहा है।

​एक तरफ जहाँ प्रशासन ने मानवीय रुख अपनाते हुए पटवारियों की बड़ी मांगों को स्वीकार कर लिया है, वहीं दूसरी ओर जिले के कुछ पटवारीयों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इन पटवारियों पर आरोप लग रहे हैं कि वे अपने निजी स्वार्थ को साधने के लिए जिले के अन्य पटवारियों को गुमराह कर रहे हैं। प्रशासन की सकारात्मक पहल के बावजूद इन व्यक्तियों द्वारा आंदोलन को अनवरत जारी रखने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे आम पटवारियों के काम और उनकी छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। ​जिला प्रशासन की इस पहल के बाद अब सबकी नजरें उन पटवारियों पर हैं जो अभी भी असमंजस में हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि वह कर्मचारियों के कल्याण के लिए तैयार है, लेकिन कुछ स्वार्थी तत्वों के कारण जिले की राजस्व व्यवस्था को बाधित करना उचित नहीं है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

आज सजेगा संकल्प महोत्सव 2026, संस्कृति और युवा प्रतिभा का होगा भव्य संगम

*सजेगी सुरों की महफिल, श्रुति व सुनील बनेंगे आकर्षण का केंद्र* 

अनूपपुर

जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शामिल संकल्प महाविद्यालय अनूपपुर द्वारा आयोजित होने वाला संकल्प महोत्सव 2026 इस वर्ष 27 फरवरी को भव्य और आकर्षक रूप में आयोजित किया जा रहा है। महाविद्यालय परिवार की ओर से इस बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक उत्सव में क्षेत्र के सभी गणमान्य नागरिकों,अभिभावकों, विद्यार्थियों तथा आम जनमानस को सादर आमंत्रित किया गया है।

आयोजकों के अनुसार संकल्प महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक चेतना और युवा प्रतिभा का विराट संगम है। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना तथा समाज और शिक्षा के बीच मजबूत संवाद स्थापित करना है।

महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, संगीत, नाटक, लोक प्रस्तुतियों तथा रचनात्मक गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही शैक्षणिक उपलब्धियों और नवाचारों को भी प्रदर्शित करने की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे छात्र-छात्राओं को प्रेरणा मिल सके।

इस बार महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण मनोरंजन जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका श्रुति जायसवाल अपनी सुरमयी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। वहीं छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक सुनील मानिकपुरी अपनी लोकधुनों से सांस्कृतिक रंग बिखेरेंगे। इसके अतिरिक्त पारंपरिक गुदुम कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोक वाद्य और नृत्य का अद्भुत संगम भी दर्शकों को देखने को मिलेगा।

समाचार 03 फ़ोटो 03

वैदिक मंत्रोच्चार तथा उल्लास एवं आनंद के साथ 188 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में 

*बेटे भाग्य से और बेटियां परम सौभाग्य से लेती है जन्म- सांसद*

अनूपपुर

सांसद शहडोल संसदीय क्षेत्र हिमाद्री सिंह ने कहा है कि बेटियां ईश्वर की अनमोल रत्न होती हैं। बेटे भाग्य से और बेटियां परम सौभाग्य से जन्म लेती हैं। उन्होंने कहा कि उनका सौभाग्य है कि आज वे पुष्पराजगढ़ की पवित्र भूमि पर 188 नवदंपतियों के विवाह समारोह में सम्मिलित हो सकीं। उन्होंने कहा कि हिंदू रीति-रिवाजों में अनेक दानों का उल्लेख है, परंतु उनमें कन्यादान को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। उन्होंने बेटियों के माता-पिता को शुभकामनाएं देते हुए इस पुण्य कार्य हेतु बधाई दी। 

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जन्म से लेकर मृत्यु तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार अत्यंत संवेदनशील है और समाज के हर वर्ग तथा प्रत्येक व्यक्ति के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए  मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना संचालित की जा रही है, ताकि बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक हो सके और वे सुखमय जीवन व्यतीत कर सकें। सांसद ने यह भी कहा कि जिले के जनप्रतिनिधि जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत परिणय सूत्र में बंधने वाले जोड़े समाज में पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां दो परिवारों को स्नेह और संस्कार के सूत्र में जोड़ने का कार्य करती हैं। प्रत्येक माता-पिता की इच्छा होती है कि उनकी पुत्री का विवाह आनंद, उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हो, और मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह इसी भाव का सजीव उदाहरण है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह के अंतर्गत आज कुल 188 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ परिणय सूत्र में बंधे। धार्मिक रीति-रिवाजों और पारंपरिक विधि-विधान के बीच संपन्न हुए इस सामूहिक विवाह समारोह में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राही सीमा देवी, माधुरी सिंह, हंसवती, रेनू देवी तथा माया बनावल को प्रतीक स्वरूप 49 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया।

समाचार 04 फ़ोटो 04

पेपर बिगड़ने पर छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी, परिवार में शोक

शहडोल

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोलुहा चौकीटोला में एक 25 वर्षीय आईटीआई छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पेपर बिगड़ जाने से आहत छात्र ने गुरुवार सुबह घर के पीछे बाड़ी में आम के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मनोज चौधरी, पिता नत्थूलाल चौधरी, आईटीआई का छात्र था। उसका एक विषय में बैक लगा हुआ था, जिसका पेपर देने वह बुधवार को शहडोल गया था। शाम को घर लौटने पर उसने अपने बड़े भाई अनिल चौधरी को बताया कि उसका पेपर ठीक नहीं गया और वह इसे लेकर काफी परेशान है। भाई ने उसे समझाने की कोशिश की और कहा कि दोबारा परीक्षा दे देना, लेकिन मनोज गुमसुम रहा। बताया जा रहा है कि उसने बुधवार रात खाना भी नहीं खाया और चुपचाप अपने कमरे में सो गया।

गुरुवार सुबह वह रोज की तरह उठकर मवेशियों को बांधने के लिए खलिहान की ओर गया। जब उसका बड़ा भाई बाड़ी की तरफ पहुंचा तो देखा कि मनोज आम के पेड़ पर नायलॉन की रस्सी से फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। उसने शोर मचाया तो परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना जैतपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेपर बिगड़ जाने से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

सांसद हिमाद्री सिंह स्टॉपेज ट्रेनों को दिखाएंगी हरी झंडी

अनूपपुर। 

रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के स्टॉपेज की की मांग क्षेत्र की जनता के द्वारा लंबे समय से की जा रही थी यात्रियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से निरंतर रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए मुलाकात कर मांग करती रही और जिन्हें सफलता भी मिली है भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हिमाद्री सिंह को पत्र लिख कर वेंकटनगर स्टेशन मे पुरी - ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस, अनूपपु्र मे रानी कमलापति - संतरागांछी और कोतमा मे अंबिकापुर - हजरत निजामुद्दीन ट्रेन स्टापेज को स्वीकृति प्रदान की  है। जिन ट्रेनों के स्टॉपेज की स्वीकृति प्रदान हुई है उन ट्रेनों के ठहराव के लिए 27 फरवरी 2026 को सांसद हिमाद्री सिंह द्वाराअनूपपुर रेलवे स्टेशन से एक साथ हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम को संपन्न किया जाएगा ।

शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह की पहल पर रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले तीन स्टेशनों में 03 जोड़ी एक्सप्रेस गाड़ियों का प्रायोगिक ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है । जिसमें सांतरागाछी-रानी कमलापति-सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस का अनूपपुर में, उत्कल एक्सप्रेस का वेंकटनगर तथा निजामुद्दीन–अम्बिकापुर- निजामुद्दीन एक्सप्रेस का कोतमा स्टेशन में ठहराव की सुविधा शामिल है ।

समाचार 06 फ़ोटो 06

हवाई अड्डा निर्माण का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, विधायक एवं पूर्व मंत्री बिसाहू लाल सिंह ने सरकार से मांगा स्पष्ट जवाब

अनूपपुर

जिला मुख्यालय अनूपपुर में हवाई अड्डा (एयरपोर्ट) निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग एक बार फिर मध्यप्रदेश विधानसभा में जोरदार ढंग से उठाई गई। अनूपपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री बिसाहू लाल सिंह ने 25 फरवरी 2026 को बजट सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न क्रमांक 1219 के माध्यम से सरकार से विस्तृत जानकारी मांगते हुए पूछा कि मुख्यमंत्री द्वारा 16 अगस्त 2024 को की गई घोषणा के बाद अब तक क्या ठोस प्रगति हुई है और कार्य प्रारंभ करने की वास्तविक स्थिति क्या है।

विधायक बिसाहू लाल सिंह ने सदन में कहा कि मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से अनूपपुर में हवाई पट्टी/हवाई अड्डा निर्माण हेतु परीक्षण कराए जाने की घोषणा की थी। डेढ़ वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट किया कि क्या स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, क्या आवश्यकता, उपयोगिता एवं व्यवहार्यता (फिजिबिलिटी) परीक्षण कराया गया है और यदि कराया गया है तो उसकी वर्तमान स्थिति क्या है।

उन्होंने पूर्व में दिए गए लिखित उत्तर का हवाला देते हुए कहा कि परीक्षण की प्रक्रिया की बात कही गई थी, परंतु अब तक उसके परिणाम सार्वजनिक नहीं किए गए। विधायक ने यह भी पूछा कि क्या अनूपपुर को उन जिलों की सूची में औपचारिक रूप से शामिल किया गया है जहां नई हवाई पट्टी विकसित की जानी है।

सरकार की ओर से दिए गए जवाब में बताया गया कि “मध्यप्रदेश नगर विमानन नीति 2025” के अंतर्गत प्रत्येक जिले में कम से कम एक हवाई पट्टी विकसित करने की कार्ययोजना बनाई गई है। इस संबंध में जिलों के कलेक्टरों को पत्र जारी कर संभावित स्थलों की पहचान, भूमि की उपलब्धता, आवश्यकता एवं व्यवहार्यता परीक्षण कर प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर में यह भी स्वीकार किया गया कि वर्तमान में अनूपपुर जिले में कोई हवाई पट्टी निर्मित नहीं है, किंतु प्रारंभिक स्तर पर फिजिबिलिटी सर्वे की कार्यवाही की गई है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

गलत तरीके से संविलियन भर्ती, परिवीक्षा अवधि समाप्त होने के उपरांत भी नियम विरुद्ध पदस्थापना

*फर्जी प्रस्तावों एवं दस्तावेजों में हेराफेरी*

अनूपपुर

नवगठित निकाय डूमरकछार में गलत तरीके से संविलियन भर्ती, परिवीक्षा अवधि समाप्त होने के उपरांत भी नियम विरुद्ध पदस्थापना,गलत तरीके से अपने पुत्र/पुत्री एवं सगे संबंधियों को नवगठित निकायों में संविलियन कराए जाने की जांच किये जाने की मांग निकाय अध्यक्ष सहित लगातार निकाय क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के द्वारा सक्षम अधिकारियों से की जा रही है,निकाय डूमरकछार में पदस्थ संविलियन कर्मचारी रजनीश प्रसाद शुक्ला के द्वारा संविलियनल भर्ती में गठित समिति में सदस्य के रूप में फर्जी आंकड़े प्रस्तुत कर संविलियन में जो फर्जीवाड़ा किया गया वह तो किया ही गया अब निकाय गठन के बाद से अब तक तक फर्जी प्रस्तावों एवं दस्तावेजों में हेराफेरी करके कुछ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के रिश्तेदारों एवं फर्मों और अपने चहेतों के नाम पर नगर पालिका अधिनियम एवं लेखा वित्त नियम का उलंघन करते हुए लेखापाल के द्वारा लाखों की राशि फर्जी तरीके से समय-समय पर पदस्थ सीएमओ के माध्यम से गबन किया गया है,इसकी भी शिकायत उच्च अधिकारियों को की गयी है, परन्तु इस पूरे मामले की जांच आज दिनांक तक नहीं की गयी है।

ज्ञात हो कि नवगठित निकाय डूमरकछार में पंचायत कालीन कर्मचारियों को निकाय में संविलियन किए जाने हेतु जिला चयन समिति के द्वारा 06.02.2021 को नियत की गयी थी,जिला चयन समिति द्वारा ग्राम पंचायत कालीन कर्मचारियों को म.प्र. नगर पालिका सेवा (वेतन एवं भत्ता) नियम 1967 के नियम 8 के प्रावधान अंतर्गत संविलियन किये जाने का निर्णय लिया गया था,इस निर्णय में रजनीश प्रसाद शुक्ला (तात्कालिक सचिव,ग्राम पंचायत डूमरकछार) को राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर संविलियन किया गया था,जारी आदेश के तहत संविलियन किये गये कर्मचारियों को 03 वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए पदस्थ किया गया था, 03 वर्ष के दौरान रजनीश प्रसाद शुक्ला को एलएसजीडी डिप्लोमा प्राप्त करना अनिवार्य था, यदि डिप्लोमा प्राप्त नहीं करेंगे तो मूल पद पर वापस पदस्थ कर दिया जाएगा ऐसा इनके नियुकि आदेश में वर्णित है,इनके द्वारा परिवीक्षा अवधि के दौरान एलएसजीडी डिप्लोमा प्राप्त नही किया गया है,फिर भी इन्हें वापस ग्राम पंचायत सचिव के मूल पद पर आज दिनांक तक पदस्थ नही गया है,मूल पद पर इनकी वापसी की मांग निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने उच्चाधिकारियों से की है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवगठित निकाय डूमरकछार में राजस्व उपनिरीक्षक एवं लेखापाल रजनीश प्रसाद शुक्ला का ग्राम पंचायत सचिव से नगरीय निकाय में राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर संविलियन नियमों के विरुद्ध किया गया है,ज्ञात हो कि पंचायत राज संचालनालय मध्य प्रदेश के द्वारा जारी पत्र क्रमांक/प.रा./पंचायत-1942/2016/10123 भोपाल दिनांक-28.06.2017 के अनुसार ग्राम पंचायत के सचिव का संविलियन शहरी विकास विभाग में नहीं हो सकता है फिर भी नवगठित निकाय डूमरकछार में रजनीश प्रसाद शुक्ला का संविलियन किया गया है, प्रदेश की कई नवगठित निकायों में इसी आधार पर पंचायत में कार्यरत कर्मचारियों का संविलियन नगरीय निकाय में नहीं किया गया तो फिर यह इस क्षेत्र में ऐसा जानबूझकर क्यों किया गया,निकाय अध्यक्ष सहित कई निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ उच्च अधिकारियों से पत्राचार कर इस पूरे मामले की जांच कराकर विभागीय,अग्रिम एवं उचित कार्यवाही किए जाने की मांग की है। उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देकर सीएमओ और लेखापाल की मिली भगत से निकाय में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है,इस पूरे मामले की जांच भी आवश्यक है,सवाल यह उठता है कि क्या उच्च न्यायालय ने फर्जीवाड़ा करने के लिए इन्हें छूट दे रखी है।

समाचार 08 फ़ोटो 08 

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, विभिन्न बिंदुओ पर चर्चा की गई व दिए आवश्यक दिशा निर्देश

उमरिया

कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी कि उपस्थिति में कलेक्टर सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई । बैठक में विभिन्न बिंदुओ पर चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ।

बैठक में कहा गया कि सड़क दुर्घटनाओ में कमी लाने के लिए एन एच के किनारे खड़े वाहनों पर कार्यवाही की जाए। ब्लैक स्पाट स्थल पर ब्रेकर,सूचक चिन्ह निधारित मापदंड के आधार पर लगाए जाए। नगर के अंदर पार्किग व्यवस्था के लिए सीएमओ को निर्देशित किया गया कि निर्धारित पार्किग स्थल पर ही वाहन खडे हो यह सुनिश्चित किया जाए, नो पार्किग में वाहन खड़े होने की स्थिति में चालानी कार्यवाही की जाए  तथा पार्किग स्थल पर पार्किग बोर्ड लगवाया जाए।

जिला मुख्यालय के गांधी चौक से लेकर रणविजय चौक तक लग रही अस्थई सब्जी मंडी को हटाया जाए ताकि सड़क में वाहनों का आवागमन सुगम हो सके और दुर्घटनाएं कारित नही हो सके । इसके साथ ही जिन दुकानदारों व्दारा अपने दुकान का समान व्हाईट लाइन के बाहर रख कर यातायात बाधित किया जा रहा है, उन्हें समान दुकान के अंदर रखने की समझाईश दी जाए,ऐसा नहीं होने पर चलानी कार्यवाही की जाए। राष्ट्रीय राजमार्गाे के बसाहट वाले स्थानो पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए।  

बैठक में परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में चल रही कंडम बसों,तथा ओव्हरलोड चल रहे वाहनों का औचक अवलोकन करते हुए पाई गई कमियों पर कार्यवाही की जाए । यातायात प्रभारी को निर्देशित किया गया कि नगर में चेकिंग अभियान चलाकर संचालित कर हेलमेट की अनिवार्यता सुनिश्चित किया जाए ।  


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget